भलुअनी साइबर पुलिस टीम की कार्रवाई, पीड़ित ने पुलिस के प्रति जताया आभार
देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)। साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत देवरिया पुलिस ने सराहनीय कार्रवाई करते हुए साइबर ठगी के शिकार एक व्यक्ति को 30 हजार रुपये वापस कराए हैं। अपनी धनराशि वापस मिलने पर पीड़ित ने पुलिस की प्रशंसा करते हुए आभार व्यक्त किया।
पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर के निर्देशन में जनपद में साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी सुनील कुमार सिंह के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी बरहज रंजना सचान के पर्यवेक्षण में थाना भलुअनी की साइबर पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, भलुअनी थाना क्षेत्र के ग्राम भगत सिंह नगर निवासी मनीष गौतम पुत्र वकील प्रसाद साइबर ठगी का शिकार हो गए थे। पीड़ित ने 11 सितंबर 2025 को राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी) पर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत का संज्ञान लेते हुए साइबर पुलिस टीम ने कार्रवाई शुरू की और ठगी की धनराशि को समय रहते होल्ड करा दिया।
इसके बाद एमआरएम पोर्टल के माध्यम से आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी कर 30 हजार रुपये पीड़ित के बैंक खाते में वापस कराए गए। धनराशि वापस मिलने पर मनीष गौतम ने देवरिया पुलिस के प्रति आभार जताया।
इस कार्रवाई में क्षेत्राधिकारी बरहज रंजना सचान, थाना भलुअनी की महिला उपनिरीक्षक प्रियंका, कांस्टेबल शशिकांत और महिला कांस्टेबल प्रियंका मौर्या की सराहनीय भूमिका रही।
