गोरखपुर (राष्ट्र की परम्परा)। शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने थाना गोरखनाथ क्षेत्र स्थित धर्मशाला तिराहा का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ट्रैफिक जाम, वाहनों की आवाजाही और यातायात पुलिस की तैनाती का बारीकी से जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने तिराहे पर लगने वाले जाम के प्रमुख कारणों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अनावश्यक रूप से खड़े वाहनों को तत्काल हटाया जाए और अवैध पार्किंग के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। साथ ही सड़क किनारे अतिक्रमण को भी हटाने के निर्देश दिए गए, ताकि यातायात सुचारू रूप से संचालित हो सके।
एसएसपी ने यातायात पुलिस को निर्देशित किया कि पीक आवर्स के दौरान अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। इसके अलावा ट्रैफिक सिग्नल और बैरिकेडिंग का प्रभावी उपयोग करने पर जोर दिया गया। ई-रिक्शा, ऑटो और अन्य सार्वजनिक वाहनों के संचालन को व्यवस्थित करने के लिए निर्धारित स्थानों का सख्ती से पालन कराने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने कहा कि यातायात नियमों के प्रति आमजन को जागरूक करने के लिए अभियान चलाया जाए और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शहर में सुरक्षित और सुगम यातायात व्यवस्था प्रशासन की प्राथमिकता है।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक नगर निमिष पाटिल, पुलिस अधीक्षक यातायात अमित कुमार श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
