Sunday, April 26, 2026
Homeउत्तर प्रदेशदेवरिया: 21 मई तक स्वगणना, 22 मई से घर-घर सर्वे; लापरवाही पर...

देवरिया: 21 मई तक स्वगणना, 22 मई से घर-घर सर्वे; लापरवाही पर FIR के निर्देश

देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)। जनगणना-2027 के प्रथम चरण के तहत जिले में 7 मई से 21 मई तक स्वगणना (Self Enumeration) अभियान चलाया जाएगा। इसके बाद 22 मई से 20 जून तक घर-घर सर्वेक्षण (मकान सूचीकरण) का कार्य किया जाएगा। जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने सभी विभागों को सक्रिय भूमिका निभाने और अभियान की व्यापक तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

डीएम ने बताया कि स्वगणना के दौरान नागरिक ऑनलाइन पोर्टल या क्यूआर कोड के माध्यम से स्वयं अपने और अपने परिवार का विवरण दर्ज कर सकेंगे। अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए पूरे जिले में जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा।

इसके अंतर्गत शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में घर-घर संपर्क, जनप्रतिनिधियों का प्रशिक्षण, विद्यालयों और महाविद्यालयों में विशेष कार्यक्रम तथा विभिन्न माध्यमों से प्रचार-प्रसार किया जाएगा। सभी विभागों को नोडल अधिकारी नामित कर शत-प्रतिशत सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

डीएम ने यह भी कहा कि आमजन को तकनीकी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि कोई भी व्यक्ति इस प्रक्रिया से वंचित न रह जाए। इसके लिए प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया, पोस्टर, बैनर व पंपलेट के माध्यम से जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।

22 मई से घर-घर सर्वे शुरू

स्वगणना चरण के बाद 22 मई से गणनाकर्मी घर-घर जाकर मकानों और परिवारों का विवरण दर्ज करेंगे। पूरे अभियान की लगातार निगरानी और समीक्षा की जाएगी, ताकि कार्य समयबद्ध और सटीक तरीके से पूरा हो सके।

लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई

प्रशासन ने प्रशिक्षण और ड्यूटी में लापरवाही को लेकर सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि अनुपस्थित रहने या कार्य में ढिलाई बरतने वाले प्रगणक और सुपरवाइजर के खिलाफ जनगणना अधिनियम 1948 की धारा 11 के तहत FIR दर्ज कराई जाएगी।
इस प्रावधान के तहत दोषी को तीन वर्ष तक की सजा, जुर्माना या दोनों हो सकते हैं।

प्रशासन के अनुसार, पहले अनुपस्थित कर्मियों को कारण बताओ नोटिस दिया जाएगा। संतोषजनक जवाब न मिलने पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी, और फिर भी सुधार न होने पर FIR दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments