Wednesday, March 11, 2026
HomeNewsbeatराज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष ने सुनीं 40 महिलाओं की फरियाद

राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष ने सुनीं 40 महिलाओं की फरियाद

घरेलू हिंसा के मामलों में पुलिस को त्वरित कार्रवाई के निर्देश, दो मामलों में दिखाया कड़ा रुख

महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारू चौधरी ने बुधवार को विकास भवन सभागार में जनसुनवाई कर पीड़ित महिलाओं की समस्याएं सुनीं और उनके निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान महिलाओं से जुड़े विभिन्न मामलों पर गंभीरता से सुनवाई करते हुए उन्होंने अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में उपाध्यक्ष के समक्ष कुल 40 प्रकरण प्रस्तुत हुए, जिनमें अधिकांश मामले घरेलू हिंसा से संबंधित थे। इन मामलों में उपाध्यक्ष ने पुलिस अधिकारियों को त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही पीड़ित महिलाओं को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए जिला प्रोबेशन अधिकारी को संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। इसके अलावा पारिवारिक विवाद, पेंशन तथा राशन कार्ड से जुड़े मामले भी सुनवाई के दौरान सामने आए।
उपाध्यक्ष ने सभी मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे प्रत्येक प्रकरण में नियमानुसार कार्रवाई कर निर्धारित समय सीमा में अनुपालन आख्या प्रस्तुत करें। योजनाओं से जुड़े मामलों में पात्र महिलाओं को शीघ्र लाभ दिलाने के भी निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि महिलाओं से जुड़े मामलों में अधिकारियों को विशेष संवेदनशीलता के साथ कार्य करना चाहिए, ताकि पीड़ित महिलाएं बिना किसी भय या संकोच के अपनी समस्याएं सामने रख सकें। उन्होंने कहा कि समाज में महिलाओं को कई स्तरों पर संघर्ष करना पड़ता है, इसलिए प्रशासन की जिम्मेदारी है कि वह उनके साथ सहानुभूतिपूर्ण और जिम्मेदार व्यवहार करे।
जनसुनवाई के दौरान दो मामलों में उपाध्यक्ष ने कड़ा रुख भी अपनाया। थाना कोतवाली महराजगंज से जुड़े एक मामले में ग्राम नटवा जंगल निवासी तैबू निशा ने शिकायत की कि उसके पति अबू हुरैश द्वारा लगातार मार-पीट की जाती है और वह पूर्व में तीन शादियां कर चुका है। इस पर उपाध्यक्ष ने कोतवाल को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को मौके से ही हिरासत में लेकर हवालात भेज दिया। इसी प्रकार थाना कोठीभार क्षेत्र के कटहरी खुर्द निवासी प्रियंका वर्मा ने शिकायत की कि 4 मार्च 2026 को रिंकू वर्मा, पिंटू वर्मा सहित अन्य लोगों ने उनके घर में घुसकर उनकी माता नगीना देवी का गला घोंटकर जान से मारने का प्रयास किया तथा शिकायतकर्ता के साथ अभद्रता करते हुए उसके वस्त्र फाड़ दिए। इस मामले में संतोषजनक कार्रवाई न होने पर उपाध्यक्ष ने कड़ा असंतोष व्यक्त करते हुए दो दिनों के भीतर आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई कर अवगत कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि इस प्रकरण की व्यक्तिगत स्तर पर मॉनिटरिंग की जाएगी और किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
उपाध्यक्ष ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और इस संबंध में मुख्यमंत्री द्वारा समय- समय पर स्पष्ट निर्देश दिए जाते रहे हैं। उन्होंने महिलाओं को सरकार द्वारा संचालित हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देते हुए किसी भी समस्या की स्थिति में तुरंत संपर्क करने की अपील की तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनने और महिला अपराधों के खिलाफ आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया।
जनसुनवाई के उपरांत उपाध्यक्ष ने जिला अस्पताल और वन स्टॉप सेंटर का भी निरीक्षण किया। जिला अस्पताल में महिला मरीजों की संख्या कम पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिए। वहीं वन स्टॉप सेंटर में संवासिनियों से बातचीत कर उन्हें समस्याओं से उबरने और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर जिला प्रोबेशन अधिकारी कन्हैया यादव, क्षेत्राधिकारी सदर, महिला थाना प्रभारी, समाज कल्याण विभाग, स्वास्थ्य विभाग, आईसीडीएस, पूर्ति विभाग तथा वन स्टॉप सेंटर के काउंसलर व स्टाफ सहित अन्य संबंधित अधिकारी और शिकायतकर्ता उपस्थित रहें।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments