केंद्र प्रभारी और चौकीदार पर एससी/एसटी एक्ट में एफआईआर दर्ज
शाहजहांपुर(राष्ट्र की परम्परा)
रौजा मंडी में धान तौल के दौरान दलित किसान से रंगदारी मांगने, जातिसूचक गालियाँ देने और मारपीट करने का मामला सामने आते ही क्षेत्र में रोष फैल गया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने क्रय केंद्र प्रभारी रवि मोहन सक्सेना और चौकीदार रामू के खिलाफ गंभीर धाराओं सहित एससी/एसटी एक्ट में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई तेज कर दी है। तिलहर थाना क्षेत्र के ग्राम हथगांव निवासी शिवेश पुत्र राजेन्द्र प्रसाद, जो अनुसूचित जाति (धोबी) समुदाय से हैं, मंगलवार को अपना धान बेचने रौजा मंडी पहुंचे थे, किसान का टोकन पीसीएफ पर कटा था और गुरुवार को 169 बोरे धान की तुलाई पहले ही हो चुकी थी। आरोप है कि इसके बाद केंद्र प्रभारी रवि मोहन सक्सेना व उसके साथी चौकीदार रामू ने रंगदारी के रूप में अवैध रकम की मांग करते हुए शेष तुलाई रोक दी।पीड़ित किसान के अनुसार जब तुलाई पूरी कराने की बात कही तो दोनों आरोपियों ने जातिसूचक अपमानजनक गालियाँ देनी शुरू कर दीं। विरोध करने पर धक्का-मुक्की और मारपीट की गई, जिससे किसान के सिर में गंभीर चोट लगी। पुलिस ने उन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा। किसान की तहरीर पर थाना रोजा पुलिस ने केंद्र प्रभारी रवि मोहन सक्सेना और चौकीदार रामू के खिलाफ धारा 15(2), 352 तथा एससी/एसटी एक्ट की धारा 3(1)(द) और 3(1)(न) में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
थाना रोजा के प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार ने बताया कि दलित किसान की शिकायत पर नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगा दी गई हैं।
