
अमरोहा (राष्ट्र की परम्परा डेस्क) सावन मास के पावन अवसर पर अमरोहा जिले में शिवभक्तों की लगातार बढ़ती भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। जिलाधिकारी निधि गुप्ता ने आदेश जारी करते हुए जिले के समस्त शैक्षणिक संस्थानों और स्कूलों को 19 जुलाई से शिवरात्रि तक बंद रखने का निर्देश दिया है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा।
जिलाधिकारी द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि श्रावण मास के दौरान जिले में बड़ी संख्या में कांवरियों और श्रद्धालुओं की आवाजाही होती है। ऐसे में सड़क और यातायात व्यवस्था पर अत्यधिक दबाव पड़ता है, जिससे विद्यार्थियों की सुरक्षा और आवागमन प्रभावित हो सकता है। इस स्थिति को नियंत्रित करने और किसी भी प्रकार की दुर्घटना या अव्यवस्था से बचाव हेतु यह निर्णय लिया गया है।
प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि यह आदेश सभी निजी और सरकारी शिक्षण संस्थानों पर लागू होगा। साथ ही चेतावनी दी गई है कि आदेश का उल्लंघन करने वाले संस्थानों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस निर्णय से जहां एक ओर प्रशासनिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में मदद मिलेगी, वहीं दूसरी ओर विद्यार्थियों और अभिभावकों को भी सावधानीपूर्वक सावन मास के दौरान धार्मिक गतिविधियों में भाग लेने का अवसर मिलेगा।
गौरतलब है कि अमरोहा सहित पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में श्रावण मास में विशेष धार्मिक आयोजन होते हैं और लाखों की संख्या में श्रद्धालु कांवर यात्रा पर निकलते हैं। ऐसे में यह निर्णय जनहित और सुरक्षा के दृष्टिकोण से बेहद अहम माना जा रहा है।
