Thursday, February 19, 2026
Homeउत्तर प्रदेशसंचारी रोगों व जलजनित बीमारियों से बचाव हेतु आमजन को जागरूक किया...

संचारी रोगों व जलजनित बीमारियों से बचाव हेतु आमजन को जागरूक किया जाए- जिलाधिकारी

बलिया (राष्ट्र की परम्परा)। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान के अंतर्गत अंतर्विभागीय बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने कहा कि संचारी रोगों और जलजनित बीमारियों से आमजन को बचाव हेतु जागरूक करना अत्यंत आवश्यक है। जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देशित किया कि संचारी रोगों से बचाव, जलजनित रोगों की रोकथाम, गर्भवती महिलाओं की देखभाल तथा स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित एक समग्र पुस्तिका तैयार कराई जाए। यह पुस्तिका आशा कार्यकर्ताओं, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, अध्यापकों, ग्राम प्रधानों, पंचायत सहायकों एवं सचिवों को वितरित की जाए, जिससे वे सरलता से ग्रामीणों को जागरूक कर सकें। उन्होंने सभी प्रभारी चिकित्साधिकारियों को निर्देशित किया कि अस्पताल आने वाले मरीजों को भी इन रोगों से बचाव के संबंध में जागरूक किया जाए। साथ ही संचारी रोगों से प्रभावित गांवों में स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन सुनिश्चित किया जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि तहसील, नगर निकाय एवं ब्लॉक स्तर पर संचारी रोग नियंत्रण अभियान के अंतर्गत होने वाली सभी बैठकों को समयबद्ध रूप से संपन्न कर संवेदीकरण की कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। उन्होंने निर्देश दिया कि 1 जुलाई को प्रातः 9 बजे जनपद के समस्त अस्पतालों में संचारी रोग नियंत्रण अभियान के अंतर्गत गोष्ठियों/जनजागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जाए, जिनमें स्थानीय जनप्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया जाए। जिला पंचायतराज अधिकारी को निर्देशित किया गया कि ग्राम पंचायत स्तर पर भी इसी प्रकार के कार्यक्रम आयोजित कराए जाएं और इसके लिए नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की जाए। सभी अधिशासी अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि नगर क्षेत्रों के सभी वार्डों में इस विषयक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कराएं। मीजल्स और रूबेला के टीकाकरण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि यदि अस्पताल संचालन में कोई समस्या आती है तो उसे तत्काल उनके संज्ञान में लाया जाए, जिससे उसका शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जा सके। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ओजस्वी राज, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. संजीव वर्मन सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments