
देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)। युवाओं में नेतृत्व क्षमता, लोकतांत्रिक चेतना और राष्ट्र निर्माण की भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘भविष्य ए भारत छात्र संसद 2026’ का आयोजन 10 अक्टूबर को जिला पंचायत सभागार, देवरिया में किया जाएगा। देवरिया में पहली बार इस स्वरूप की छात्र संसद आयोजित होने जा रही है। आयोजन को लेकर युवाओं में उत्साह देखा जा रहा है।छात्र संसद का मुख्य विषय ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ रखा गया है। इस विषय पर युवा प्रतिभागी अपने विचार, तर्क और सवाल सदन के समक्ष रखेंगे। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को संसदीय कार्यप्रणाली, लोकतांत्रिक संवाद तथा राष्ट्रीय महत्व के विषयों पर अपनी बात रखने का अवसर मिलेगा।देवरिया सदर विधायक डॉ. शलभ मणि त्रिपाठी के मार्गदर्शन में आयोजित होने वाली छात्र संसद को लेकर उन्होंने कहा कि युवाओं को देश के महत्वपूर्ण विषयों पर विचार रखने और लोकतांत्रिक प्रक्रिया को समझने के अवसर मिलना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि ऐसे मंच युवाओं में नेतृत्व और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करते हैं। ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ जैसे विषय पर युवाओं का संवाद उन्हें राष्ट्रीय विमर्श से जोड़ने में भूमिका निभा सकता है।कार्यक्रम के संरक्षक हिमांशु तिवारी ने कहा कि युवा देश के भविष्य के साथ-साथ वर्तमान की महत्वपूर्ण शक्ति भी हैं। आयोजन का उद्देश्य युवाओं को ऐसा मंच उपलब्ध कराना है, जहां वे सवाल पूछ सकें, तर्क के साथ अपनी बात रख सकें और लोकतांत्रिक प्रक्रिया को करीब से समझ सकें।आयोजकों के अनुसार छात्र संसद के लिए पंजीकरण शुरू हो चुका है। इच्छुक युवा ‘भविष्य ए भारत’ के आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से पंजीकरण कर सकते हैं। आयोजकों ने देवरिया और आसपास के क्षेत्रों के युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में सहभागी बनने की अपील की है।
