स्पोर्ट्स डेस्क (राष्ट्र की परम्परा)। आज (मंगलवार) से महिला वनडे विश्व कप 2025 का आगाज हो रहा है। टूर्नामेंट का पहला मुकाबला भारतीय महिला क्रिकेट टीम और श्रीलंका के बीच खेला जाएगा। घरेलू मैदानों पर खेलने का फायदा उठाते हुए कप्तान हरमनप्रीत कौर की टीम 47 साल बाद पहला आईसीसी खिताब जीतने के इरादे से उतरेगी।

8 टीमें ले रही हिस्सा

यह विश्व कप 12 साल बाद भारत में आयोजित हो रहा है। इसमें ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, भारत, न्यूजीलैंड, दक्षिण अफ्रीका, श्रीलंका, बांग्लादेश और पाकिस्तान कुल आठ टीमें भाग ले रही हैं।

कुल 28 लीग मैच भारत के चार स्थानों और कोलंबो में खेले जाएंगे।

पाकिस्तान अपने सात मैच श्रीलंका में खेलेगा और भारत के खिलाफ 5 अक्टूबर का मुकाबला भी कोलंबो में होगा।

रिकॉर्ड इनामी राशि

इस बार महिला विश्व कप की प्राइज मनी 13.88 मिलियन डॉलर रखी गई है, जो 2022 की तुलना में चार गुना अधिक है। यह राशि पुरुषों के 2023 विश्व कप (10 मिलियन डॉलर) से भी ज्यादा है।

भारत की तैयारियां और फॉर्म

भारतीय टीम हाल ही में इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया को हराकर अच्छे फॉर्म में है।

स्मृति मंधाना इस साल चार शतक लगा चुकी हैं और उनका स्ट्राइक रेट 115.85 है।

युवा सलामी बल्लेबाज प्रतिका रावल टीम को मजबूत शुरुआत दे रही हैं।

उपकप्तान जेमिमा रॉड्रिग्स चोट से उबरकर वापसी कर चुकी हैं और अभ्यास मैच में 66 रन बनाए।

मध्यक्रम में ऋचा घोष, हरलीन देओल और दीप्ति शर्मा टीम को गहराई देते हैं।

गेंदबाजी में रेणुका सिंह ठाकुर की वापसी के साथ तेज आक्रमण मजबूत हुआ है, जबकि क्रांति गौड़ अपने शानदार प्रदर्शन से चर्चा में हैं।

श्रीलंका की उम्मीदें

2022 में क्वालीफाई न कर पाने वाली श्रीलंकाई टीम इस बार मजबूत दिख रही है। कप्तान चामरी अटापट्टू के अलावा टीम की नजरें 20 वर्षीय ऑलराउंडर ड्यूमी विहांगा पर होंगी, जिन्होंने हाल की त्रिकोणीय सीरीज में 11 विकेट झटके।

भारत और श्रीलंका की टीमें

भारत (Playing Squad): हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना, प्रतिका रावल, हरलीन देओल, जेमिमा रौड्रिग्स, ऋचा घोष, उमा छेत्री, रेणुका सिंह ठाकुर, दीप्ति शर्मा, स्नेह राणा, श्री चरणी, राधा यादव, अमनजोत कौर, अरूंधति रेड्डी, क्रांति गौड़।

श्रीलंका (Playing Squad): चामरी अटापट्टू (कप्तान), हसिनी परेरा, विष्मी गुणरत्ने, हर्षिता समरविक्रमा, कविषा दिलहारी, निलाक्षी डिसिल्वा, अनुष्का संजीवनी, इमेशा दुलानी, ड्यूमी विहांगा, पियूमी वत्सला, इनोका रणवीरा, सुगंदिका कुमारी, उदेशिका प्रबोधनी, मल्की मडारा, अचिनी कुलसूर्या।

मैच का समय: दोपहर 3 बजे से।