
तरुअनवां में क्रॉस कंट्री दौड़ में धावकों ने दिखाया दम

कुशीनगर (राष्ट्र की परम्परा)। फाजिलनगर विधानसभा क्षेत्र के तरुअनवां खेल मैदान में रविवार को ग्रामीण प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से ‘ग्रामीण अंचल क्रॉस कंट्री दौड़ प्रतियोगिता’ का आयोजन किया गया। रम्मैट परिवार के सौजन्य से आयोजित इस प्रतियोगिता में पूर्वांचल के विभिन्न जिलों से पहुंचे महिला और पुरुष धावकों ने पूरे जोश के साथ हिस्सा लिया और अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को खेल का बेहतर मंच उपलब्ध कराने के साथ ही उनमें फिटनेस, अनुशासन और सामुदायिक एकता की भावना को बढ़ावा देना रहा। दौड़ के दौरान प्रतिभागियों के उत्साह और प्रदर्शन ने दर्शकों का भी ध्यान आकर्षित किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि फाजिलनगर विधायक सुरेंद्र कुशवाहा तथा विशिष्ट अतिथि रूबी किन्नर मौजूद रहीं। संरक्षक अजय कुमार त्रिपाठी ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए प्रतियोगिता का शुभारंभ कराया। अंतरराष्ट्रीय एथलीट जवाहर प्रसाद गोंड, मदन यादव, राष्ट्रीय एथलीट जे.पी. रावत, एम.डी.आई. खान, उमेश रावत और मुन्ना रावत की देखरेख में प्रतियोगिता का संचालन किया गया।
आयोजन को सफल बनाने में ग्राम प्रधान केशव सिंह, बीडीसी अशोक शर्मा, लक्ष्मी इलेक्ट्रिकल्स, कंप्यूटर बाबू तथा विजय खाद्य भंडार का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।
पुरुष वर्ग में अभिषेक ने मारी बाजी
पुरुष वर्ग में गोरखपुर के अभिषेक कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया। गोरखपुर के प्रिंस निषाद दूसरे और कुशीनगर के आकाश सिंह तीसरे स्थान पर रहे। कुशीनगर के चंदन यादव ने चौथा तथा बनारस के नीरज पाल ने पांचवां स्थान प्राप्त किया।
छठे से दसवें स्थान तक क्रमशः देवरिया के सुग्रीव सिंह, कुशीनगर के योगेंद्र सिंह, कुशीनगर के उपेंद्र यादव, कुशीनगर के रविंद्र यादव और कुशीनगर के रितिक कुमार रहे।
महिला वर्ग में खुशबू ने जीता पहला स्थान
महिला वर्ग में बनारस की खुशबू ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। देवरिया की काजल दूसरे और तमकुही की आंचल यादव तीसरे स्थान पर रहीं। बनारस की मौसम मौर्या ने चौथा तथा देवरिया की आंचल पासवान ने पांचवां स्थान हासिल किया।
छठे से दसवें स्थान तक क्रमशः देवरिया की प्रियंका, गोरखपुर की आंचल गोंड, रहसू बाजार की शिवांगी भारती, लोह लंगड़ी की प्रीति पटेल और रविंद्र नगर स्टेडियम की ज्योति गोंड रहीं।
विजेताओं को नकद पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र
प्रतियोगिता के दोनों वर्गों में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले धावकों को 5,000 रुपये, द्वितीय को 3,000 रुपये और तृतीय स्थान पाने वाले प्रतिभागियों को 2,000 रुपये की नकद पुरस्कार राशि दी गई। चौथे से दसवें स्थान तक आने वाले धावकों को 1,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि के साथ प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।
विधायक सुरेंद्र कुशवाहा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसी प्रतियोगिताओं का आयोजन स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर देता है। उन्होंने कहा कि उचित मंच और प्रोत्साहन मिलने पर गांवों के युवा राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं।
आयोजक रम्मैट परिवार ने प्रतियोगिता को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी लोगों, प्रतिभागियों और दर्शकों के प्रति आभार जताया।
