Monday, June 22, 2026
Homeउत्तर प्रदेशगोरखपुर में तिहरा हत्याकांड: 16 वर्षीय छोटे भाई ने बड़े भाई, भाभी...

गोरखपुर में तिहरा हत्याकांड: 16 वर्षीय छोटे भाई ने बड़े भाई, भाभी और मासूम बेटे की धारदार हथियार से की हत्या

गोरखपुर (राष्ट्र की परम्परा) उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के बांसगांव थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। पारिवारिक विवाद के चलते एक 16 वर्षीय किशोर पर अपने बड़े भाई, भाभी और उनके 3 वर्षीय मासूम बेटे की धारदार हथियार से हत्या करने का आरोप है। इस तिहरे हत्याकांड से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

मृतकों की पहचान अमित गुप्ता, उनकी पत्नी रंजना गुप्ता और उनके 3 वर्षीय पुत्र रेयान गुप्ता के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, रविवार रात करीब 3 बजे तीनों एक ही कमरे में सो रहे थे। इसी दौरान आरोपी किशोर ने धारदार हथियार से हमला कर तीनों की हत्या कर दी।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कोस्तुभ और एसपी दक्षिणी दिनेश कुमार पुरी सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाने के साथ ही परिजनों और स्थानीय लोगों से पूछताछ की।

एसपी दक्षिणी दिनेश कुमार पुरी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा प्रतीत होता है। मृतक के पिता की तहरीर पर बांसगांव थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी बाल अपचारी को हिरासत में ले लिया है तथा उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिया गया है।

पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन जांच जारी है। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और भय का माहौल है। स्थानीय लोग घटना से स्तब्ध हैं और मृतक परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त कर रहे हैं।

पुलिस प्रशासन का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और दोषी के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments