देव दीपावली के रूप में भी मनाया जाता है पर्व, भगवान विष्णु और भगवान शिव की आराधना का है विशेष विधान

सलेमपुर/देवरिया(राष्ट्र की परम्परा)
कार्तिक मास की पूर्णिमा हिंदू धर्म में अत्यंत पवित्र और पुण्यदायी तिथि मानी जाती है। इस दिन गंगा सहित पवित्र नदियों में स्नान, दान, जप, तप और पूजा-पाठ करने की विशेष धार्मिक परंपरा है। उक्त बातें बताते हुए आचार्य अजय शुक्ल ने बताया कि 24 नवम्बर को यह पर्व मनाया जाएगा।धार्मिक मान्यताओं के अनुसार कार्तिक पूर्णिमा के दिन पवित्र नदी में स्नान करने से मनुष्य के जाने-अनजाने में किए गए पापों का क्षय होता है और जीवन में सुख, शांति एवं समृद्धि का मार्ग प्रशस्त होता है।
पौराणिक मान्यताओं के अनुसार कार्तिक मास भगवान विष्णु को अत्यंत प्रिय है। पूरे महीने भगवान विष्णु की पूजा, दीपदान और धार्मिक अनुष्ठान किए जाते हैं। मान्यता है कि इस दिन सूर्योदय से पूर्व पवित्र नदी में स्नान करने से विशेष पुण्य की प्राप्ति होती है। यही कारण है कि श्रद्धालु गंगा, सरयू, यमुना सहित अन्य पवित्र नदियों और सरोवरों में आस्था की डुबकी लगाते हैं। पौराणिक कथा के अनुसार इसी दिन भगवान शिव ने त्रिपुरासुर नामक राक्षस का वध कर देवताओं को उसके अत्याचारों से मुक्ति दिलाई थी। इस विजय की खुशी में देवताओं ने स्वर्ग में दीप जलाकर उत्सव मनाया था। इसी कारण कार्तिक पूर्णिमा को देव दीपावली भी कहा जाता है। वाराणसी के गंगा घाटों पर इस अवसर पर लाखों दीप जलाए जाने की परंपरा है।