देश के 23 विश्वविद्यालयों एवं संस्थानों में बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय का चयन, शोध-प्रशिक्षण और जागरूकता कार्यक्रमों पर होगा सहयोग
लखनऊ (राष्ट्र की परम्परा)। बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू), लखनऊ ने सामाजिक कल्याण और समावेशी विकास को बढ़ावा देने के लिए सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत राष्ट्रीय सामाजिक रक्षा संस्थान (एनआईएसडी) के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) किया है। इस साझेदारी के तहत दोनों संस्थान सामाजिक रक्षा से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों में शिक्षा, शोध, प्रशिक्षण और जागरूकता गतिविधियों को संयुक्त रूप से संचालित करेंगे।
नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय एमओयू आदान-प्रदान समारोह में केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार, मंत्रालय के सचिव सुधांश पंत, संयुक्त सचिव डॉ. संदीप रेवाजी राठौड़ और एनआईएसडी के निदेशक गौरव सिंह राजावत की उपस्थिति में समझौते का आदान-प्रदान हुआ। विश्वविद्यालय की ओर से प्रो. यू. वी. किरण ने प्रतिनिधित्व करते हुए एमओयू पर हस्ताक्षर किए।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल के मार्गदर्शन में हुई इस पहल का उद्देश्य शैक्षणिक सहभागिता और सामाजिक उत्तरदायित्व के माध्यम से सामाजिक कल्याण के प्रयासों को प्रभावी बनाना है। समझौते के तहत निवारक शिक्षा, अनुसंधान, प्रशिक्षण, क्षमता निर्माण, पाठ्यक्रम विकास और जनजागरूकता के क्षेत्र में संयुक्त गतिविधियां संचालित की जाएंगी।
इस साझेदारी में नशा मुक्त भारत अभियान के तहत मादक पदार्थों के दुरुपयोग की रोकथाम, वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण, ट्रांसजेंडर समुदाय के हितों, भिक्षावृत्ति की रोकथाम तथा कमजोर और वंचित वर्गों के कल्याण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके माध्यम से विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों को सामाजिक जरूरतों से जोड़ने और जमीनी स्तर तक जागरूकता व प्रशिक्षण कार्यक्रम पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
राष्ट्रीय सामाजिक रक्षा संस्थान के साथ इस साझेदारी के लिए देशभर के 23 विश्वविद्यालयों एवं संस्थानों का चयन किया गया है। बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय भी इस राष्ट्रीय पहल का हिस्सा बना है।
