Thursday, May 21, 2026
Homeउत्तर प्रदेशमंदिर में देव प्रतिमा खंडित होने से मचा हड़कंप, पुलिस ने आरोपी...

मंदिर में देव प्रतिमा खंडित होने से मचा हड़कंप, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

कोल्हुई (राष्ट्र की परम्परा)। थाना क्षेत्र के कस्बा स्थित सोनार गली में बुधवार दोपहर एक मंदिर में देव प्रतिमा खंडित किए जाने की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए और स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। हालांकि पुलिस की तत्परता से स्थिति को समय रहते नियंत्रित कर लिया गया, जिससे कोई बड़ा विवाद नहीं हुआ।

जानकारी के अनुसार बुधवार दोपहर करीब 2 बजे पुलिस को सूचना मिली कि सोनार गली स्थित मंदिर में एक युवक ने घुसकर देव प्रतिमा को नुकसान पहुंचाया है। घटना की खबर फैलते ही आसपास के लोग मंदिर परिसर में पहुंच गए। प्रतिमा खंडित देख लोगों में नाराजगी बढ़ गई और क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बन गया।

सूचना मिलते ही कोल्हुई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को तत्काल हिरासत में ले लिया। आरोपी की पहचान राजेश वर्मा पुत्र जयप्रकाश वर्मा निवासी ग्राम कुशहा थाना कोल्हुई जनपद महराजगंज, उम्र लगभग 30 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी मानसिक रूप से विक्षिप्त बताया जा रहा है।

पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना कोल्हुई में मु.अ.सं. 60/2026 के तहत धारा 298 बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय भेज दिया गया।

घटना के बाद पुलिस ने इलाके में अतिरिक्त सतर्कता बढ़ा दी है और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है तथा अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

स्थानीय लोगों का कहना है कि मंदिर जैसी आस्था के केंद्र में हुई इस घटना से धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। हालांकि पुलिस की तेजी और सूझबूझ के चलते माहौल बिगड़ने से बच गया। घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उप-निरीक्षक राजीव कुमार सिंह और कांस्टेबल राकेश सिंह शामिल रहे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments