Thursday, May 21, 2026
Homeउत्तर प्रदेशघुघली टैक्सी स्टैंड गंदगी और अव्यवस्था का शिकार, यात्रियों को हो रही...

घुघली टैक्सी स्टैंड गंदगी और अव्यवस्था का शिकार, यात्रियों को हो रही भारी परेशानी

घुघली (राष्ट्र की परम्परा)। नगर क्षेत्र का टैक्सी स्टैंड इन दिनों बदहाल व्यवस्था, गंदगी और अव्यवस्थित संचालन के कारण लोगों के बीच चर्चा का केंद्र बना हुआ है। यात्रियों की सुविधा के लिए बनाए गए इस टैक्सी स्टैंड की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि यहां आने वाले लोगों को बदबू, गंदे पानी और कूड़े-कचरे के बीच घंटों वाहन का इंतजार करना पड़ रहा है।

टैक्सी स्टैंड परिसर में जहां यात्रियों के बैठने की व्यवस्था है, वहीं पास से नाले का गंदा पानी बह रहा है और आसपास कूड़े का अंबार लगा हुआ है। चारों ओर फैली गंदगी और दुर्गंध से यात्रियों के साथ-साथ दुकानदारों और राहगीरों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर पंचायत द्वारा नियमित साफ-सफाई नहीं कराए जाने से हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं।

लोगों का कहना है कि नालियों की समय पर सफाई नहीं होने के कारण गंदा पानी सड़क तक फैल जाता है। बारिश के दौरान पूरा इलाका कीचड़ और जलभराव की चपेट में आ जाता है। प्लास्टिक कचरे, सड़े हुए अपशिष्ट और गंदे पानी के कारण संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। मजबूरी में यात्रियों को इसी गंदगी के बीच बैठकर वाहन का इंतजार करना पड़ता है।

स्थानीय नागरिकों ने यह भी आरोप लगाया कि मुख्य मार्ग पर अवैध रूप से संचालित टैक्सी स्टैंड सड़क सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा बन चुका है। सड़क किनारे बेतरतीब खड़े वाहन आए दिन जाम की स्थिति पैदा कर रहे हैं। कई बार सवारियां बैठाने और उतारने के दौरान दुर्घटना होते-होते बची है। लोगों का कहना है कि यदि प्रशासन ने समय रहते ध्यान नहीं दिया तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।

व्यापारियों और राहगीरों का कहना है कि टैक्सी स्टैंड के आसपास फैली गंदगी से पूरे इलाके की छवि खराब हो रही है। बदबू के कारण दुकानों पर ग्राहकों की आवाजाही भी प्रभावित हो रही है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी समस्या की ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।

नगरवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि टैक्सी स्टैंड की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित कराई जाए, जल निकासी की उचित व्यवस्था बनाई जाए तथा मुख्य मार्ग से हटाकर टैक्सी स्टैंड को किसी सुरक्षित और व्यवस्थित स्थान पर संचालित कराया जाए, ताकि यात्रियों को राहत मिल सके और दुर्घटनाओं की आशंका को रोका जा सके।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments