महराजगंज(राष्ट्र की परम्परा)। जनपद में वर्ष 2012 से 2014 के मध्य चयन वेतनमान प्राप्त करने वाले प्राथमिक शिक्षकों के वेतन निर्धारण में हुई गंभीर विसंगति को लेकर उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ, महराजगंज ने प्रशासन के समक्ष कड़ा विरोध दर्ज कराया है। संघ का आरोप है कि उक्त अवधि में चयन वेतनमान प्राप्त करने वाले शिक्षकों को वित्तीय स्तरोन्नयन का लाभ नहीं दिया गया, जबकि इससे पूर्व और बाद में चयन वेतनमान पाने वाले शिक्षकों को सभी लाभ प्रदान किए गए हैं।
इस मुद्दे को लेकर संघ के जिलाध्यक्ष केशव मणि त्रिपाठी एवं जिलामंत्री सत्येंद्र कुमार मिश्र ने वित्त एवं लेखाधिकारी, महराजगंज तथा वित्त नियंत्रक, बेसिक शिक्षा, प्रयागराज को विस्तृत पत्र लिखकर वेतन निर्धारण की विसंगति को दूर करने की मांग की है। इसके साथ ही संघ पदाधिकारियों ने बेसिक शिक्षा अधिकारी से प्रत्यक्ष मुलाकात कर शिक्षकों की समस्याओं से अवगत कराया और शीघ्र समाधान की मांग की।
जिलामंत्री सत्येंद्र कुमार मिश्र ने कहा कि किसी सीमित अवधि के लिए अलग नियम लागू करना पूर्णतः अनुचित है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2012 से पहले तथा 2014 के बाद चयन वेतनमान प्राप्त करने वाले शिक्षकों को वित्तीय स्तरोन्नयन का लाभ देते हुए उनका वेतन पुनर्निर्धारित किया गया, लेकिन 2012 से 2014 के बीच चयन वेतनमान पाने वाले शिक्षकों को इससे वंचित कर दिया गया। यह न केवल भेदभावपूर्ण है, बल्कि शिक्षकों के अधिकारों का खुला उल्लंघन भी है।
संघ का कहना है कि इस विसंगति के कारण सैकड़ों शिक्षकों को आर्थिक क्षति उठानी पड़ रही है, जिससे उनका मनोबल प्रभावित हो रहा है। शिक्षकों में यह भावना प्रबल है कि समान सेवा अवधि और समान योग्यता के बावजूद उनके साथ असमान व्यवहार किया गया है।
उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ ने प्रशासन से मांग की है कि सभी प्रभावित शिक्षकों का वेतन निर्धारण समान नियमों के अंतर्गत किया जाए और लंबित वित्तीय लाभों का भुगतान शीघ्र सुनिश्चित किया जाए। संघ ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन न्यायालय की शरण लेने के लिए बाध्य होगा।
इस प्रकरण को लेकर जनपद के प्राथमिक शिक्षकों में आक्रोश व्याप्त है और शिक्षक संगठन आने वाले दिनों में इसे लेकर और अधिक मुखर आंदोलन की रणनीति भी बना सकता है।
चयन वेतनमान में वेतन निर्धारण की विसंगति पर शिक्षक संघ का आक्रोश, न्यायालय जाने की चेतावनी
RELATED ARTICLES
