शिक्षण संस्थानों में शिक्षकों से किया संपर्क,शिक्षक हितों में किए गए कार्यों का दिया हवाला

महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। गोरखपुर- अयोध्या शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी ध्रुव कुमार त्रिपाठी के समर्थन में सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया ने गुरुवार को शिक्षकों से संपर्क किया। उन्होंने जिले के तीन प्रमुख शिक्षण संस्थानों में पहुंच कर शिक्षक मतदाताओं से संवाद किया और भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करने की अपील की।
विधायक ने जवाहरलाल नेहरू स्मारक पीजी कॉलेज, गणेश शंकर विद्यार्थी स्मारक इंटर कॉलेज और पंडित दीनदयाल इंटरमीडिएट कॉलेज में शिक्षकों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने शिक्षक निर्वाचन में सक्रिय भागीदारी निभाने और ध्रुव कुमार त्रिपाठी को समर्थन देने का आग्रह किया।
जवाहरलाल नेहरू स्मारक पीजी कॉलेज में शिक्षकों से संवाद के दौरान विधायक ने ध्रुव कुमार त्रिपाठी के तीन कार्यकाल का उल्लेख करते हुए शिक्षक हितों में किए गए उनके प्रयासों को सामने रखा। उन्होंने कहा कि शिक्षकों के हितों की रक्षा और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए किए गए कार्यों को ध्यान में रखते हुए भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करना चाहिए। उन्होंने शिक्षकों से निर्वाचन में अपनी भूमिका निभाने और ध्रुव कुमार त्रिपाठी को समर्थन देने की अपील की। इसके बाद विधायक गणेश शंकर विद्यार्थी स्मारक इंटर कॉलेज और पंडित दीनदयाल इंटरमीडिएट कॉलेज पहुंचे। यहां भी उन्होंने शिक्षकों से मुलाकात कर भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में मतदान करने का आग्रह किया।
जवाहरलाल नेहरू स्मारक पीजी कॉलेज में प्रबंधक डॉ. बलराम भट्ट, प्रो. धर्मेंद्र सोनकर, देवेंद्र पाठक, गुलाबचंद, डॉ.पीयूष जायसवाल, डॉ.राहुल कुमार सिंह, डॉ.प्रवीण श्रीवास्तव, डॉ. शांति शरण मिश्र, राजीव द्विवेदी, जितेंद्र कुमार और गणेश पटेल सहित अन्य शिक्षक मौजूद रहे।
गणेश शंकर विद्यार्थी स्मारक इंटर कॉलेज में धनंजय सिंह, अमरेंद्र शर्मा, कामाख्या जायसवाल और अभिषेक पांडेय सहित शिक्षक उपस्थित रहे। वहीं, पंडित दीनदयाल इंटरमीडिएट कॉलेज में प्रबंधक विजय बहादुर सिंह, प्रधानाचार्य डॉ. एसपी सिंह, जितेंद्र वर्मा, दीनानाथ साहू तथा भाजपा के जिला मीडिया प्रभारी संजीव कुमार शुक्ला सहित दर्जनों शिक्षक मौजूद रहें।