बलिया (राष्ट्र की परम्परा)। विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल द्वारा सेवा सप्ताह के अंतर्गत विकासखंड नवानगर के महरो गांव में आयोजित दो दिवसीय नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर के दूसरे दिन भी ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ी। शिविर में करीब 200 लोगों का नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श के साथ दवाओं का भी निःशुल्क वितरण किया गया।
शिविर में स्वास्थ्य विभाग उत्तर प्रदेश एवं भारत सरकार की संयुक्त मोबाइल मेडिकल यूनिट (MVU) टीम ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। डॉ. रामजन्म सिंह (कंसल्टेंट मेडिकल ऑफिसर) के नेतृत्व में मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जबकि नेत्र परीक्षण में राज आई केयर की टीम ने महत्वपूर्ण सहयोग दिया।
चिकित्सकों ने शिविर में पहुंचे लोगों को मौसमी बीमारियों से बचाव, संतुलित आहार, स्वच्छता तथा नियमित स्वास्थ्य जांच के महत्व के बारे में जागरूक किया। साथ ही स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की सलाह भी दी।
शिविर का संयोजन बजरंग दल के जिला संयोजक प्रतीक राय ने किया। उन्होंने बताया कि सेवा सप्ताह के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना और लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना संगठन का प्रमुख उद्देश्य है।
कार्यक्रम के दौरान विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने मरीजों के पंजीकरण, स्वास्थ्य जांच और दवा वितरण की व्यवस्था में सक्रिय भूमिका निभाई। ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए ऐसे स्वास्थ्य शिविरों का नियमित आयोजन कराने की मांग की।
शिविर के सफल आयोजन पर आयोजकों ने सभी चिकित्सकों, स्वास्थ्य कर्मियों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
