Saturday, April 25, 2026
HomeNewsbeatहोमगार्ड्स एनरोलमेंट–2025 परीक्षा का निरीक्षण, डीएम-एसपी ने परखी व्यवस्थाएं

होमगार्ड्स एनरोलमेंट–2025 परीक्षा का निरीक्षण, डीएम-एसपी ने परखी व्यवस्थाएं

महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी द्वारा उत्तर प्रदेश होमगार्ड्स एनरोलमेंट–2025 की लिखित परीक्षा के दृष्टिगत जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण किया गया। प्रथम पाली के दौरान अधिकारियों ने राजकीय कन्या इंटर कॉलेज, डॉ. बी.आर. अंबेडकर राजकीय महाविद्यालय, शिवजपत सिंह इंटरमीडिएट कॉलेज भिटौली तथा जवाहर लाल नेहरू पीजी कॉलेज सहित कई केंद्रों का भ्रमण कर परीक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने परीक्षा कक्षों का गहन निरीक्षण करते हुए सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, कक्ष निरीक्षकों एवं ड्यूटी में तैनात पुलिस बल को निर्देशित किया कि परीक्षा को पूर्णतः निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं सुचितापूर्ण ढंग से संपन्न कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखना सभी अधिकारियों की सामूहिक जिम्मेदारी है और किसी भी प्रकार की लापरवाही या गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा परीक्षा केंद्रों पर स्थापित सीसीटीवी कंट्रोल रूम का भी निरीक्षण किया गया। उन्होंने निगरानी व्यवस्था को निरंतर सक्रिय बनाए रखने तथा प्रत्येक गतिविधि पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए। साथ ही, परीक्षार्थियों के लिए उपलब्ध कराई गई सुविधाओं—बैठने की व्यवस्था, सुरक्षा एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं—की भी जानकारी लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अधिकारियों ने संबंधित कार्मिकों को निर्देशित किया कि परीक्षा अवधि के दौरान सभी केंद्रों पर सतर्कता बनाए रखते हुए शासन एवं भर्ती बोर्ड द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए, जिससे परीक्षा पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रथम पाली में राजकीय कन्या इंटर कॉलेज में 372 परीक्षार्थी उपस्थित एवं 118 अनुपस्थित रहे। डॉ. बी.आर. अंबेडकर राजकीय महाविद्यालय में 374 परीक्षार्थी उपस्थित तथा 116 अनुपस्थित रहे। शिवजपत सिंह इंटरमीडिएट कॉलेज भिटौली में 376 परीक्षार्थी उपस्थित रहे, जबकि 114 अनुपस्थित दर्ज किए गए। वहीं, जवाहर लाल नेहरू पीजी कॉलेज (ब्लॉक-ए) में 370 परीक्षार्थी उपस्थित तथा 110 अनुपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments