Saturday, April 25, 2026
HomeNewsbeatहिंदी विभाग को मिला नया नेतृत्व: प्रो. विमलेश मिश्र ने संभाली विभागाध्यक्ष...

हिंदी विभाग को मिला नया नेतृत्व: प्रो. विमलेश मिश्र ने संभाली विभागाध्यक्ष की जिम्मेदारी

गोरखपुर (राष्ट्र की परम्परा)। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के हिंदी एवं आधुनिक भारतीय भाषा तथा पत्रकारिता विभाग में आचार्य प्रोफेसर विमलेश कुमार मिश्र ने दोपहर पूर्व विभागाध्यक्ष का दायित्व ग्रहण किया। चक्रानुक्रम के तहत यह जिम्मेदारी अब तक प्रोफेसर दीपक प्रकाश त्यागी संभाल रहे थे, जिनका 3 माह 13 दिन का दूसरा कार्यकाल पूर्ण होने के साथ 3 वर्ष की अवशेष अवधि 24 अप्रैल को समाप्त हुई।
प्रोफेसर विमलेश मिश्र हिंदी साहित्य के मध्यकाल, भोजपुरी साहित्य एवं भारतीय काव्यशास्त्र के प्रतिष्ठित विद्वान हैं। उन्होंने अब तक 6 मौलिक पुस्तकें लिखी हैं तथा 7 पुस्तकों का संपादन किया है। वे लंबे समय तक ‘अभिधा’ और ‘विजयम’ पत्रिका के संपादन से जुड़े रहे हैं। साथ ही इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय के लिए भोजपुरी विषय पर महत्वपूर्ण पाठ्य सामग्री तैयार कर चुके हैं। वर्तमान में वे साहित्य अकादमी, दिल्ली के एक प्रोजेक्ट पर लेखन कार्य कर रहे हैं।
प्रोफेसर मिश्र के पास समृद्ध प्रशासनिक अनुभव भी है। वे पिछले तीन वर्षों से विश्वविद्यालय के क्रीड़ा परिषद के अध्यक्ष हैं और इससे पूर्व पांच वर्षों तक डेलीगेसी के उपाध्यक्ष रहे। राष्ट्रीय सेवा योजना में भी उन्होंने लगातार चार वर्षों तक कार्यक्रम अधिकारी के रूप में सक्रिय भूमिका निभाई।
अध्यक्ष के रूप में अपनी पहली बैठक में उन्होंने कहा कि शिक्षक पहले अपने संस्थान और अंततः समाज की थाती होता है। इस जिम्मेदारी को जितनी गंभीरता से समझा जाएगा, दायित्वों का निर्वहन उतनी ही निष्ठा से संभव होगा।
दायित्व ग्रहण करने के बाद शाम 5:00 बजे उन्होंने विभागीय सदस्यों के साथ कुलपति प्रोफेसर पूनम टंडन से मुलाकात की, जिसमें हिंदी विभाग की भावी योजनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। कुलपति ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के आचार्य, अधिष्ठाता एवं अधिकारियों ने प्रसन्नता व्यक्त की, वहीं शोधार्थियों ने वृक्षारोपण कर अपनी भावनाएं व्यक्त कीं।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments