Friday, July 17, 2026
Home Blog Page 777

डीएम व एसपी ने थाना समाधान दिवस पर सुनी फरियादियों की फरियाद

सिंदुरिया में थाना समाधान दिवस आयोजित

महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। थाना सिंदुरिया में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा और पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना द्वारा थाना समाधान दिवस में जनसुनवाई की गई। थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर सत्येंद्र कुमार राय द्वारा बताया गया कि थाना समाधान दिवस में दोनों अधिकारियों के समक्ष कुल 04 मामले आए, जिसमें उनके द्वारा 01 प्रकरण को मौके पर ही निक्षेपित कर दिया गया, जबकि 01 प्रकरण में राजस्व व पुलिस की संयुक्त टीम गठित कर ग्राम पंचायत हरिहरपुर में स्थलीय निरीक्षण करते हुए गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हेतु मौके पर भेजा गया। अवशेष मामलों के निस्तारण हेतु जिलाधिकारी ने आवश्यक निर्देश देते हुए कहा कि मौके पर जाकर सम्यक कार्यवाही द्वारा तय समयसीमा में और नियमानुसार शिकायतों को निस्तारित करें। उन्होंने विगत थाना समाधान दिवस में आए प्रकरणों में 02 फरियादियों रामपुर मीर निवासी रामप्रीत और रामलाल निवासी बरवा खुनिया से रैंडम फोन कर निस्तारण के स्थिति की जानकारी ली। प्रथम प्रकरण में वादी मुख्य मांग का निस्तारण कराया जा चुका था और दूसरे प्रकरण में शिकायतकर्ता द्वारा निस्तारण पर संतोष व्यक्त किया गया। उन्होंने उपस्थित पुलिस अधिकारियों को असंतुष्ट पक्ष की भी समुचित काउंसलिंग का निर्देश दिया, ताकि भविष्य में पुनः विवाद न उत्पन्न हो। थानाध्यक्ष सत्येंद्र कुमार राय ने बताया कि प्राप्त शिकायतों के संदर्भ में जिलाधिकारी के निर्देशानुसार मामलों के निस्तारण हेतु कार्यवाही शुरू कर दी गई है। समयबद्ध ढंग से गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा। इस दौरान थाना समाधान दिवस में नायब तहसीलदार देश दीपक तिवारी और थानाध्यक्ष सिंदुरिया सहित अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित रहें।

राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस 2025 के अवसर पर बच्चों के लिए आयोजित हुआ कार्यक्रम “एस्ट्रोसाइज जूनियर”

पटना/बिहार (राष्ट्र की परम्परा)। शनिवार को राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस के अवसर पर बिहार के बच्चों को विज्ञान और स्वास्थ्य के संगम का नया अनुभव देने के उद्देश्य से “एस्ट्रोसाइज जूनियर” कार्यक्रम की शुरुआत की गई। “टीचर्स ऑफ बिहार” और यूनाइटेड किंगडम की प्रतिष्ठित संस्था “एस्ट्रोसाइज” के संयुक्त प्रयास से यह आयोजन न केवल विज्ञान के प्रति बच्चों की जिज्ञासा को बढ़ाया, बल्कि उनके स्वस्थ भविष्य की नींव भी रखा। इस कार्यक्रम की शुरुआत 22 अगस्त 2025 को शिक्षकों के ऑनलाइन प्रशिक्षण से हुई जिसमें बिहार के सरकारी विद्यालयों के सैंकड़ों शिक्षक भाग लिए। तत्पश्चात प्रशिक्षण प्राप्त शिक्षकों ने 23 अगस्त को राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस के अवसर पर अपने-अपने विद्यालयों के बच्चों के बीच चेतना सत्र में अंतरिक्ष-प्रेरित फिटनेस सत्र आयोजित किया।
चेतना सत्र में आयोजित फिटनेस सत्र के बाद ऑनलाइन माध्यम से जुड़े सैंकड़ों बच्चों के बीच “एस्ट्रोसाइज जूनियर” कार्यक्रम में अंतरिक्ष यात्रियों की फिटनेस गतिविधियां बच्चों के लिए सरल व मजेदार रूप में प्रस्तुत की गई। इस कर्मक्रम को संबोधित करते हुए यूके स्थित प्रतिष्ठित संस्था एस्ट्रोसाइज की संस्थापक सह एस्ट्रोसाइज न्यूरो रीहैब एवं स्ट्रोक ई.एस.डी. विशेषज्ञ, एन.एच.एस. ( यूके), अंतरिक्ष स्टेशन राजदूत, (अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन प्रयोगशाला, संयुक्त राज्य अमेरिका) गरिमा गेडामकर ने कहा कि “हमारा लक्ष्य है कि बच्चे विज्ञान व फिटनेस को केवल पढ़ाई में ही नहीं, बल्कि अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बना सकें। ऑनलाइन माध्यम से जुड़े बिहार के बच्चों ने भी अंतरिक्ष एवं अंतरिक्ष यात्री के बारे में विस्तार पूर्वक जाना। बच्चों ने कई तरह के सवाल पूछे जिसमें अंतरिक्ष में कैसे जाते हैं? वहां कैसे रहते हैं? कैसे खाते हैं? खाद्य सामग्री अंतरिक्ष स्टेशन में कैसे जाता है? अंतरिक्ष स्टेशन में अपने आप को फिट रखने के लिए अंतरिक्ष यात्री किस प्रकार के और कैसे-कैसे व्यायाम करते हैं? अंतरिक्ष स्टेशन में जाने के लिए क्या-क्या मापदंड निर्धारित हैं? अंतरिक्ष स्टेशन से वापस आने पर उनकी दिनचर्या कैसी होती है? सवाल प्रमुख थे। टीचर्स ऑफ़ बिहार टेक्निकल टीम लीडर ई. शिवेंद्र प्रकाश सुमन ने बताया की कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में टीम वर्क, अनुशासन, आत्मविश्वास और विज्ञान-प्रेरित सोच का विकास करना है। कार्यक्रम के मॉडरेटर एवं टीचर्स ऑफ बिहार के संस्थापक शिव कुमार ने बताया की “हमारा सपना है कि हर बच्चे तक क्वालिटी एजुकेशन, स्वास्थ्य और विज्ञान की सोच पहुंचे। ‘एस्ट्रोसाइज जूनियर’ सिर्फ फिटनेस ही नहीं, बल्कि बच्चों में अंतरिक्ष के प्रति लगन और वैज्ञानिक सोच को भी पैदा करेगा। भविष्य की पीढ़ी जब मानसिक और शारीरिक रूप से मजबूत होगी, तभी बिहार और देश दोनों विकसित होंगे।” इस कार्यक्रम के सफल आयोजन मे टीचर्स ऑफ़ बिहार के इवेंट लीडर केशव कुमार का सराहनीय योगदान रहा। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम पूरी तरह निःशुल्क था जिसमें बिहार के किसी भी सरकारी विद्यालयों के बच्चे भाग ले सकते थे। प्रदेश प्रवक्ता रंजेश कुमार एवं प्रदेश मीडिया संयोजक मृत्युंजय कुमार ने उक्त जानकारी देते हुए बताया कि प्रशिक्षण में भाग लेने वाले शिक्षकों को ‘एस्ट्रोसाइज, यूके’ एवं टीचर्स ऑफ बिहार की ओर से सहभागिता प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे। वही इस अवसर पर शपथ लेने वाले बच्चों को भी शपथ पत्र प्रदान किए जाएंगे।

मुंबई से मथुरा तक दो हैरान करने वाली घटनाएं : ट्रेनों में मासूम बच्चियों को बनाया निशाना

मुंबई/मथुरा (राष्ट्र की परम्परा डेस्क)रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े करने वाली दो चौंकाने वाली घटनाएं शनिवार को सामने आईं।

पहला मामला मुंबई के लोकमान्य तिलक टर्मिनस से जुड़ा है। यहां कुशीनगर एक्सप्रेस (22537), जो बाद में काशी एक्सप्रेस (15017) के नाम से रवाना हुई, के एसी कोच B2 के बाथरूम में रखे कूड़ेदान से आठ साल की बच्ची का शव बरामद हुआ। यह सनसनीखेज घटना शनिवार तड़के करीब 1 बजे सामने आई।

सफाई कर्मचारियों ने जब कोच की सफाई शुरू की तो उन्हें बच्ची का शव मिला। उन्होंने तुरंत अधिकारियों को सूचना दी। रात करीब 1:50 बजे जीआरपी और आरपीएफ को सूचित किया गया।

पुलिस सूत्रों की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बच्ची को गुजरात के सूरत से अगवा किया गया और हत्या के बाद शव को कोच के कूड़ेदान में फेंक दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जबकि फोरेंसिक टीमें और रेलवे सुरक्षा बल घटनास्थल पर सुराग तलाशने में जुटे हैं। पीड़ित परिवार से संपर्क साधने और बच्ची की पहचान की पुष्टि के प्रयास किए जा रहे हैं।

रेलवे यात्रियों की सुरक्षा के बीच लापरवाही को उजागर करने वाली यह घटना पूरे तंत्र के लिए गंभीर सवाल खड़े करती है।
मथुरा जंक्शन पर मासूम का अपहरण

दूसरी घटना उत्तर प्रदेश के मथुरा जंक्शन रेलवे स्टेशन की है। शुक्रवार देर रात प्लेटफॉर्म नंबर 1 से एक साल की बच्ची का अपहरण कर लिया गया।जानकारी के मुताबिक, जबलपुर निवासी पूजा और आनंद अपने बच्चों के साथ ट्रेन का इंतज़ार कर रहे थे। रात करीब 10 बजे जब पूरा परिवार प्लेटफॉर्म पर सो रहा था, तभी अज्ञात व्यक्ति उनकी एक साल की बेटी को उठाकर ले गया। परिजन ने नींद से जागने के बाद बच्ची को गायब पाया और पुलिस को सूचना दी।

फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और अपहरणकर्ता की तलाश में जुटी है।

दोनों घटनाओं ने यात्रियों और अभिभावकों के मन में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। एक ओर जहां मुंबई में कोच से बच्ची का शव बरामद हुआ, वहीं मथुरा में मासूम को माता-पिता के पास से ही उठा लिया गया। सवाल यह है कि ट्रेन और स्टेशनों पर यात्रियों की सुरक्षा की गारंटी कौन देगा?

👉 रेलवे पुलिस और स्थानीय प्रशासन पर यात्रियों ने सुरक्षा इंतज़ाम कड़े करने की मांग की है।

मूर्ति विसर्जन के दौरान हुई घटना से लोगों के दिलों में अभी भी है खौफ

सोशल मीडिया पर तेज़ी से वायरल हो रहा है बीडीओ

बहराइच (राष्ट्र की परम्परा)। नवाबगंज क्षेत्र में बीते शुक्रवार की घटना की दहशत अभी भी लोगों के दिलों को झकझोर रहा है। थाना नवाबगंज के क्षेत्र अन्तर्गत निम्निहारा चौराहे राधा कृष्ण प्रतिमा विसर्जन से पहले दर्द नाक हादसा हो गया घटना से अफरातफरी मच गई फिलहाल घटना के दूसरे दिन शनिवार को माहौल शांत है लेकिन इस घटना के जो शिकार हुए पुरुष महिला व बच्चे हैं उनके मन में अभी भी भय और डर समाया हुआ है। संतोष कुमार यादव का कहना है कि इतनी बड़ी घटना के बाद बच्चे बच गये भगवान की कृपा है वहीं घटना को लेकर लोग विद्युत व्यवस्था और सुरक्षा की लापरवाही बता रहे हैं। मौके की घटना के समय जब विसर्जन जुलूस मूर्ति पंडाल स्थल से लगभग 20 मीटर की दूरी पर पहुंचा था लोग विसर्जन जुलूस का बीडीओ बना रहे थे उनके मोबाइल में यह घटना का दृश्य भी सूट हो गया जिसका बीडीओ सोशल मीडिया पर वायरल है। वायरल बीडीओ में किस तरह धार्मिक झंड़ा हाई टेंशन विद्युत तार से टकराता है और फिर अफरातफरी के आलम में बच्चे ट्राली से कूद कूद कर भागते हैं और कुछ जमीन पर गिर कर तड़पने लगते।
माहौल इतना हृदय विदारक था कि किसी के बचने की उम्मीद नहीं थी लेकिन एक कहावत है जिसको राखे साइयां मार सके न कोई । वहीं सम्बन्ध में समुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र अधिक्षक डॉ महेश विश्वकर्मा से बात करने पर बताया कि घटना में घायल महिला पुरुष व बच्चे स्वस्थ हैं लेकिन घटना से लोगों के दिलों में अभी भी खौफ है।

गैस गोदाम से 12 सिलिंडर चोरी

सिकन्दरपुर /बलिया (राष्ट्र की परम्परा)। थाना सिकंदरपुर क्षेत्र के करमौता गांव में चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम देते हुए लक्ष्मी गैस एजेंसी के गोदाम से 12 भरे सिलेंडर चुरा लिए। घटना शनिवार तड़के की बताई जा रही है। गोदाम इंचार्ज श्रीनिवास राम पुत्र स्व. दुधनाथ निवासी करमौता ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि जब वह सुबह गोदाम पहुंचे तो 14.2 किलोग्राम के 12 भरे सिलेंडर गायब मिले। इस पर उन्होंने तुरंत एजेंसी मालिक कौशल कुमार गुप्ता उर्फ छोटू को सूचना दी। मालिक मौके पर पहुंचे और डायल 100 पर कॉल कर पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद सीसीटीवी फुटेज खंगाला। फुटेज में दो युवक रात करीब 1 बजकर 48 मिनट पर सिलेंडर ले जाते हुए स्पष्ट नजर आ रहे हैं, लेकिन उनकी पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। गोदाम इंचार्ज श्रीनिवास ने थाना प्रभारी निरीक्षक सिकंदरपुर को लिखित तहरीर देकर प्राथमिकी दर्ज करने और आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इतनी बड़ी संख्या में सिलेंडर चोरी होना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। क्षेत्रीय लोगों ने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने और आरोपियों को जल्द पकड़ने की मांग की है। पुलिस का दावा है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

श्रद्धांजलि सभा सुखुपुरा में

सुखपुरा /बलिया (राष्ट्र की परम्परा)। 23 अगस्त 1942 के अमर शहीदों की याद में शुक्रवार को सुखपुरा शहीद दिवस परंपरागत तरीके से बड़े ही हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया गया। प्रातः काल दर्जनों विद्यालयों के बच्चों ने प्रभात फेरी निकालकर क्षेत्र का भ्रमण किया। बच्चों के गगनभेदी इंकलाबी नारों से गांव की गली-गली गूंज उठा। इस प्रभात फेरी में राजाराम चन्द्र शिक्षण संस्थान बैसहां, सुखपुरा इंटर कॉलेज सहित कई विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की। मुख्य कार्यक्रम शहीद स्मारक पर आयोजित हुआ, जहां स्वतंत्रता संग्राम सेनानी पंडित रामविचार पांडेय ने ध्वजारोहण कर शहीदों को नमन किया। इसके बाद श्रद्धांजलि सभा का आयोजन हुआ। सभा को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि पंडित रामविचार पांडेय ने कहा – “जिन शहीदों ने भारत माता को गुलामी की जंजीरों से मुक्त कराने के लिए अपनी जान कुर्बान की, उन्हीं की स्मृति में यह आयोजन होता है। यह शहीद स्मारक आने वाली पीढ़ी के लिए सदैव प्रेरणा का स्रोत रहेगा।” उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे शहीदों के सपनों का भारत बनाने में आगे आएं और राष्ट्र की एकता व अखंडता को अक्षुण्ण बनाए रखने का संकल्प लें। इस अवसर पर पूर्व ब्लॉक प्रमुख अनिल सिंह ने कहा कि शहीदों की शहादत कभी भुलाई नहीं जा सकती। यह स्मारक बच्चों को देश के लिए कुछ कर गुजरने की प्रेरणा देता रहेगा।
वहीं ब्लॉक प्रमुख चंद्र भूषण सिंह ने कहा कि युवा वर्ग को बिना भेदभाव और दलगत राजनीति से ऊपर उठकर राष्ट्र निर्माण के कार्यों में जुटना चाहिए। यही शहीदों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। कार्यक्रम में शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित करने वालों में लोकतंत्र सेनानी द्विजेन्द्र मिश्रा, अध्यक्ष विनोद शंकर दुबे, श्रीमती उषा सिंह, जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष उमाशंकर पाठक, पूर्व जिला पंचायत सदस्य बृजनाथ सिंह, शिवम सिंह, जय शेर बहादुर सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष राघवेंद्र सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष वीर बहादुर सिंह, राजेश्वर सिंह, हरिकेंद्र सिंह, प्रमोद सिंह बुचू, नितेश सिंह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि व गणमान्य लोग शामिल रहे। विशेष रूप से शहीद चंडी लाल के परिवार से लखनऊ से आए रोहित वर्मा, अंकित श्रीवास्तव, मोहनलाल श्रीवास्तव व प्रेम प्रकाश श्रीवास्तव अतुल लाल ने भी अपनी श्रद्धांजलि अर्पित कर शहीदों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। कार्यक्रम के अंत में शहीदों के बलिदान को याद कर उपस्थित सभी लोगों ने राष्ट्र के नवनिर्माण और शहीदों के सपनों को साकार करने का संकल्प लिया।

समाज सेवी व बुद्धजीवी ने सीएचसी में महिला डॉ० के लिये जिला अधिकारी से की मांग

बहराइच (राष्ट्र की परम्परा) । विकास खण्ड नवाबगंज में एक समुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र है उसमें महिला चिकित्सक नहीं है जिससे पीड़ित महिलाओं को परेशानी उठानी पड़ती है इसको संज्ञान में लेकर समाज सेवी व बुद्धजीवी ने समुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र चर्दा की समस्याओं को गंभीरता से उठाते हुए जिला अधिकारी बहराइच अक्षय त्रिपाठी से महिला चिकित्सक की नियुक्ति के लिए शुक्रवार को जब जिला अधिकारी करंट से झुलसे पीड़ितों देखने के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र चर्दा आए हुए थे इसी मौके पर ब्लाक प्रमुख एवं वरिष्ठ पत्रकार व समाजसेवी ने जिला अधिकारी से चर्चा कर महिला चिकित्सक की मांग किया। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य केन्द्र पर महिला मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है, लेकिन महिला चिकित्सक न होने से उन्हें उपचार में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है और इसके लिऐ मुख्यालय जिला अस्पताल जाना पड़ता है।कई बार मरीजों को दूर-दराज के अस्पतालों का रुख करना पड़ता है, जिससे समय और धन दोनों की बर्बादी होती है। समाजसेवी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए शीघ्र ही महिला चिकित्सक की तैनाती आवश्यक है। उनकी इस मांग को मौके पर मौजूद ब्लाक प्रमुख जय प्रकाश सिंह, प्रमुख प्रतिनिधि शिवपुजन सिंह, वरिष्ठ पत्रकार संजय गुप्ता,अंकित पांडेय, समसाद अहमद , धीरेन्द्र कुमार शर्मा,जमील अहमद, जुनैद अहमद, आदि स्थानीय ग्रामीणों ने भी समर्थन किया है। और उम्मीद जताई है कि जिला प्रशासन इस पर जल्द कार्रवाई करेगा।

डीएम और एसपी ने सहकारी संघ लिमिटेड का किया औचक निरीक्षण

बहराइच (राष्ट्र की परम्परा)। सहकारी संघ लिमिटेड बाबागंज का डीएम और एसपी ने किया अवचक निरीक्षण, स्टॉक रजिस्टर व वितरण रजिस्टर का किया बारीकी से किया अवलोकन। बाबागंज सीमावर्ती इलाके में इन दिनों खाद की बढ़ती किल्लत से जहां किसान परेशान है वहीं कृषि विभाग के द्वारा प्राइवेट दुकानदारों के खिलाफ ओवर रेटिंग की जानकारी की मिलते ही कार्यवाही की जा रही है। सीमा क्षेत्र में खाद की किल्लत बढ़ रही है जिस वजह से सहकारी समितियों पर किसानों की लंबी-लंबी लाइन यूरिया खाद के लिये लगती है और कुछ किसानों को खाद मिलता है कुछ किसान ख़ाली हाथ घर लौट जाते हैं। एक तरफ कृषि विभाग के अधिकारियों का दावा है कि जिले में यूरिया खाद पर्याप्त मात्रा में रेक उपलब्ध है। जिसपर शुक्रवार देर शाम को जिला अधिकारी अक्षय त्रिपाठी व पुलिस अधीक्षक रामनयन सिंह, उपजिलाधिकारी नानपारा मोनालिसा जौहरी, तहसीलदार नानपारा अम्बिका चौधरी के साथ सहकारी समिति का अचौक निरीक्षण कर वहां पर भारी गंदगी को लेकर नाराजगी जताते हुए साफ सफाई करने के निर्देश दिये तथा साथ ही सभी किसानों को खाद उपलब्ध कराने के आवश्यक दिशा- निर्देश दिये। जिलाधिकारी ने बताया कि कोई भी किसान खाली न लौटने पाएं और प्रत्येक किसानों को खाद उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। खाद वितरण के समय टोकन सुविधा के साथ सभी किसानों को यूरिया खाद वितरण कर उपलब्ध कराएं और पुलिस का सहयोग लेकर लाईन से टोकन सुविधा में खाद वितरण करें। निरीक्षण के दौरान ब्लाक प्रमुख नवाबगंज जय प्रकाश सिंह, प्रमुख प्रतिनिधि शिवपुजन सिंह, वरिष्ठ पत्रकार संजय गुप्ता व समाजसेवी सहित रहें।

अभय सिंह बने वन नेशन-वन इलेक्शन अभियान के जिला सह-संयोजक, युवाओं ने दी बधाई

गोरखपुर (राष्ट्र की परम्परा)। दिग्विजय नाथ स्नातकोत्तर महाविद्यालय, गोरखपुर के छात्रसंघ अध्यक्ष अभय सिंह को ” स्टूडेंट फॉर वन नेशन, वन इलेक्शन ” अभियान का गोरखपुर महानगर का जिला सह-संयोजक नियुक्त किया गया है। उनकी इस नियुक्ति पर क्षेत्र के विभिन्न सामाजिक एवं राजनीतिक कार्यकर्ताओं ने उन्हें बधाई दी। नव नियुक्त सह संयोजक अभय सिंह ने कहा कि यह जिम्मेदारी उनके लिए सम्मान की बात है। उन्होंने कहा कि “वन नेशन, वन इलेक्शन देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने वाला कदम है। गोरखपुर महानगर में इस अभियान को सफल बनाने के लिए मैं पूरी निष्ठा और ईमानदारी से कार्य करूंगा। कार्यकर्ताओं और आम जनता के सहयोग से निश्चित रूप से बेहतर परिणाम सामने आएंगे।”
उनकी नियुक्ति से युवाओं और कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है।

क्षेत्र पंचायत की बैठक अब 9 सितंबर को

संत कबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)। जिले के क्षेत्र पंचायत सेमरियावां की बैठक, जो पहले 25 अगस्त को प्रस्तावित थी, अब 9 सितंबर 2025 को दोपहर 12 बजे विकास खंड सभागार में आयोजित होगी। बैठक का एजेंडा पूर्ववत रहेगा।
इस बार बैठक में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष निर्देश दिए गए हैं। सभी सदस्यों चाहे वे क्षेत्र पंचायत सदस्य हों या ग्राम प्रधान को अपना निर्वाचन प्रमाण पत्र और पहचान पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा। सत्यापन के बाद ही उन्हें प्रवेश मिलेगा।
थानाध्यक्ष दुधारा और क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद को सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी दी गई है। प्रवेश द्वार पर सुरक्षा टीम दस्तावेजों की जांच करेगी। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी भी शामिल होंगे। बाल विकास परियोजना अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी समेत संबंधित अधिकारियों को योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट के साथ उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं। क्षेत्रीय विकास कार्यों और आगामी योजनाओं पर चर्चा के लिए यह बैठक महत्वपूर्ण मानी जा रही है। प्रशासन ने सभी सदस्यों से समय पर अनिवार्य रूप से भाग लेने की अपील की है।

नेशनल हाईवे पर टेंपो को ट्रक ने मारी टक्कर, 11 लोग घायल

संत कबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)। जिले के खलीलाबाद कोतवाली क्षेत्र के मीरगंज और भूअरिया के बीच नेशनल हाईवे पर शनिवार को एक ट्रक ने टेंपो को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बच्चों सहित कुल 11 लोग घायल हो गए।
सभी घायल खलीलाबाद थाना क्षेत्र के अशरफपुर गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं। टक्कर के बाद मौके पर अफरातफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रक को कब्जे में ले लिया है और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

सिकंदरपुर में कांग्रेस के दिग्गज नेताओं की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा

सिकंदरपुर/बलिया (राष्ट्र की परम्परा)। विधानसभा क्षेत्र के राधिका उत्सव वाटिका में शनिवार को कांग्रेस के दिग्गज नेता स्व. हरिशंकर सिंह शाही की छठवीं पुण्यतिथि एवं पूर्व विधायक तथा सलेमपुर लोकसभा के वरिष्ठ नेता स्व. भोला नाथ पांडेय की पुण्यतिथि श्रद्धापूर्वक मनाई गई। कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि स्व. शाही और स्व. पांडेय कांग्रेस पार्टी की रीढ़ थे। उन्होंने सदैव गरीबों और वंचितों की आवाज उठाई तथा संगठन को मजबूती देने के लिए अपना जीवन समर्पित किया। उनके आदर्श, संघर्ष और त्याग आज भी कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन और प्रेरणा देते हैं। इस अवसर पर प्रदेश व जिले के अनेक वरिष्ठ कांग्रेसजन मौजूद रहे। पूर्व जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष राघवेन्द्र बहादुर सिंह, सच्चिदानंद तिवारी, उमाशंकर पाठक, विधायक जियाउद्दीन रिजवी, पूर्व मंत्री राजधारी सिंह व रामप्रीत यादव ने दोनों नेताओं के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। वहीं, जिला सेवादल अध्यक्ष ज्ञानदीप मिश्रा, सोशल मीडिया जिला अध्यक्ष रहमान, ब्लॉक अध्यक्ष अभिषेक कुमार पाठक, विनोद लिवानी, रावेश चौहान सहित कई पदाधिकारी भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता नवानगर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष सुभाष दुबे ने की जबकि संचालन संयोजक सुमन मिश्र ने किया। श्रद्धांजलि सभा में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए और दोनों दिवंगत नेताओं के पदचिह्नों पर चलने का संकल्प लिए

आत्महत्या की खबरों को सनसनी बनाने से बचें – सीएमओ

मीडिया कार्यशाला में बताई गई गाइडलाइन, पत्रिका का हुआ विमोचन

शाहजहांपुर (राष्ट्र की परम्परा)। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विवेक कुमार मिश्रा ने आत्महत्या के बढ़ते मामलों पर गहरी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार हर साल लाखों लोग मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं से जूझते हैं और हर 40 सेकेंड में एक व्यक्ति आत्महत्या करता है। भारत में यह स्थिति और गंभीर है, जहाँ हर तीन मिनट में एक व्यक्ति सुसाइड कर रहा है। यह केवल किसी परिवार की त्रासदी नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक विफलता है। सीएमओ कार्यालय सभागार में आयोजित एक साथ एक संकल्प : जीवन बचाने की पहल विषयक मीडिया कार्यशाला में बतौर मुख्य अतिथि डॉ. विवेक कुमार मिश्रा ने कहा कि शाहजहांपुर में डिस्ट्रिक्ट मेंटल हेल्थ प्रोग्राम (DMHP) प्रोजेक्ट उम्मीद के माध्यम से मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं को आमजन तक पहुँचाने का प्रयास लगातार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आत्महत्या की रोकथाम हेतु राष्ट्रीय आत्महत्या रोकथाम रणनीति का अनुपालन बेहद जरूरी है। डॉ. मिश्रा ने मीडिया को महत्वपूर्ण सहयोगी बताते हुए कहा कि आत्महत्या की खबरों को जिम्मेदारी से प्रस्तुत करना, सनसनी से दूर रहना और पाठकों को मदद के संसाधनों की जानकारी देना जरूरी है। उन्होंने कहा कि सही शब्दों और संवेदनशील रिपोर्टिंग के जरिये अनगिनत जिंदगियाँ बचाई जा सकती हैं। इस अवसर पर सीएमओ ने प्रोजेक्ट उम्मीद से जुड़ी पत्रिका का विमोचन किया। ज़िला मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम का संचालन कर रहे मनोरोग विशेषज्ञ डॉ. अभिनव रस्तोगी ने प्रोजेक्टर के माध्यम से आत्महत्या रिपोर्टिंग की नई गाइडलाइन बताई। उन्होंने कहा कि आत्महत्या केवल मानसिक स्वास्थ्य समस्या नहीं, बल्कि सामाजिक, पारिवारिक और सांस्कृतिक चुनौती भी है। डॉ. रस्तोगी ने कहा कि प्रोजेक्ट उम्मीद का मकसद चुप्पी तोड़ना और संवेदनशील संवाद को बढ़ावा देना है। उन्होंने सुझाव दिया कि खबरों के साथ टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर भी प्रकाशित किए जाएँ, ताकि ज़रूरतमंद लोग तुरंत मदद पा सकें। टीम से जुड़े मनोज कुमार मिश्रा और नंदनी सक्सेना ने अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि आई कॉल (9152987821) और टेली मानस (14416) नंबर पर लोग मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी मदद ले सकते हैं।

शाहजहांपुर में बिहार के राजद नेता तेजस्वी यादव पर मुकदमा

प्रधानमंत्री पर अमर्यादित टिप्पणी का आरोप, भाजपा ने दी तहरीर

शाहजहांपुर (राष्ट्र की परम्परा)। बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं राजद नेता तेजस्वी यादव पर शाहजहांपुर में मुकदमा दर्ज हुआ है। मामला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ की गई कथित अमर्यादित टिप्पणी से जुड़ा है, जिसे तेजस्वी यादव ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट किया था। भारतीय जनता पार्टी की महानगर अध्यक्ष शिल्पी गुप्ता ने इस पर कड़ा एतराज जताते हुए सदर बाजार थाने में शिकायत दर्ज कराई। उनका कहना है कि प्रधानमंत्री पर अपमानजनक टिप्पणी से न केवल पार्टी कार्यकर्ताओं बल्कि पूरे देशवासियों की भावनाएं आहत हुई हैं। शिल्पी गुप्ता ने मांग की है कि पुलिस तेजस्वी यादव के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करे, ताकि भविष्य में कोई भी इस तरह की अभद्र टिप्पणी करने का साहस न जुटा सके। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

सुप्रीम कोर्ट में याचिका : उपभोक्ताओं को मिले इथेनॉल-मुक्त पेट्रोल का विकल्प

नई दिल्ली(राष्ट्र की परम्परा डेस्क) केंद्र सरकार द्वारा पेट्रोल में इथेनॉल मिलाकर बेचे जाने के फैसले के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में जनहित याचिका दाखिल की गई है। याचिका में कहा गया है कि सरकार ने पर्याप्त शोध और परीक्षण किए बिना इथेनॉल मिश्रित ई-20 पेट्रोल बाजार में उपलब्ध करा दिया है, जिससे लाखों वाहन मालिकों को समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।

याचिकाकर्ता ने तर्क दिया है कि उपभोक्ताओं को इथेनॉल युक्त पेट्रोल के साथ-साथ इथेनॉल-मुक्त पेट्रोल का विकल्प भी उपलब्ध कराया जाना चाहिए। बिना विकल्प दिए केवल ई-20 पेट्रोल बेचना वाहन मालिकों के साथ अन्याय है, क्योंकि देश में अभी भी बड़ी संख्या में ऐसे वाहन हैं जो ई-20 के अनुकूल नहीं हैं।

याचिका में दावा किया गया है कि हालिया शोध से यह तथ्य सामने आया है कि इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल से वाहनों के इंजन पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। न केवल इंजन की कार्यक्षमता प्रभावित हो रही है, बल्कि वाहनों का माइलेज भी घट रहा है। इसके अलावा, इथेनॉल मिलाने से पेट्रोल की कीमतों में आई कमी का लाभ भी उपभोक्ताओं को नहीं मिला है।

याचिकाकर्ता का कहना है कि सरकार का यह कदम वाहन मालिकों के मौलिक अधिकारों का उल्लंघन है, क्योंकि उपभोक्ताओं को अपनी जरूरत और वाहन की क्षमता के अनुसार ईंधन चुनने की स्वतंत्रता होनी चाहिए। सुप्रीम कोर्ट जल्द ही इस याचिका पर सुनवाई करेगा।