Thursday, July 16, 2026
Home Blog Page 742

अब गर्भवती महिलाओं को नहीं करना होगा इंतज़ार

बहराइच (राष्ट्र की परम्परा)। ग्रामीण क्षेत्रों में जहां पहले प्रसव पूर्व जांच के लिए गर्भवती महिलाओं को महीने भर इंतज़ार करना पड़ता था, वहीं अब जनपद के 334 आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में यह सुविधा प्रत्येक कार्य दिवस पर उपलब्ध है। इन केंद्रों पर ब्लड प्रेशर, हीमोग्लोबिन, शुगर, यूरिन की जांच के साथ आयरन और कैल्शियम की दवाएं भी दी जाती हैं। जरूरत पड़ने पर ई-संजीवनी के माध्यम से ऑनलाइन परामर्श और उच्च स्तरीय देखभाल के लिए प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान में विशेषज्ञ चिकित्सकों के पास निःशुल्क एम्बुलेंस से भेजा जाता है। सीएचओ इन्दु मिश्रा ने बताया कि उनके केंद्र पर हर माह 20–25 गर्भवती की जांच होती है। हाल ही में चैसार की मीना देवी को समय पर जांच व उपचार मिलने से वह और उनका बच्चा सुरक्षित हैं। जिले में इस वर्ष 53 हजार से अधिक गर्भवती का पंजीकरण, 41 हजार से ज्यादा की जांच व दवा, 16,495 को मातृत्व अभियान का लाभ और 10,478 का निःशुल्क अल्ट्रासाउंड हो चुका है। सीएमओ डॉ. संजय शर्मा ने बताया कि नियमित जांच और गुणवत्तापूर्ण सेवाओं से मातृत्व स्वास्थ्य की स्थिति में तेजी से सुधार हो रहा है।

किसान मोर्चा का कार्य सराहनीय – सुनील गुप्ता

देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)। भाजपा किसान मोर्चा देवरिया की वर्तमान कार्यकारिणी के चार वर्ष पूर्ण होने पर 1 से 7 सितंबर तक “चार साल बेमिसाल उत्सव” मनाया जाएगा। इसी संबंध में तैयारी बैठक भाजपा कार्यालय पर सम्पन्न हुई। बैठक में मुख्य अतिथि क्षेत्रीय महामंत्री भाजपा सुनील गुप्ता ने कहा कि पिछले चार वर्षों में किसान मोर्चा देवरिया का कार्य अत्यंत सराहनीय रहा है। किसान मोर्चा ने जनपद के किसानों तक भाजपा सरकार की योजनाओं को पहुँचाने का कार्य ईमानदारी से किया है। भाजपा जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ने कहा कि किसान मोर्चा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता निष्ठा पूर्वक संगठन के कार्यों को कर रहे हैं। पिछले चार वर्षों में उन्होंने गांव-गांव जाकर सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुँचाया है। किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष पवन कुमार मिश्र ने बताया कि कार्यकारिणी के चार वर्ष पूरे होने पर प्रत्येक विधानसभाओं में “चार साल बेमिसाल उत्सव” का आयोजन होगा। इसमें रक्तदान, पशु आरोग्य शिविर, किसान परिवारों का नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण व दवा वितरण के साथ कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर भाजपा की केंद्र सरकार के 11 वर्ष तथा यूपी सरकार के 8 वर्ष की उपलब्धियों का प्रचार करेंगे।बैठक में भाजपा महामंत्री प्रमोद शाही, भगवान यादव, मुकेश राय, अरुण मिश्र, सत्येन्द्र सिंह सोनू, बलवंत सिंह, रामेश्वर यादव, विजेंद्र चौहान, सुमन्त चतुर्वेदी, गुड्डू यादव, वीरेंद्र पाठक, विजय कुशवाहा आदि मौजूद रहे।

सिसोटार गांव में खूनी संघर्ष, चाकू लगने से युवक गंभीर

पुरानी रंजिश में दबंगों ने कट्टा, चाकू व डंडे से किया हमला, घायल को वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर

बलिया (राष्ट्र की परम्परा)। सिकन्दरपुर थाना क्षेत्र के सिसोटार गांव में गुरुवार की देर रात पुरानी रंजिश ने हिंसक रूप ले लिया। दबंगों ने एक ही परिवार पर हमला कर दिया। घटना में रमेश राय का भांजा आयुष राय गंभीर रूप से घायल हो गया। चाकू से पेट में गहरी चोट लगने के बाद उसे वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर करना पड़ा। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि घटना के समय रमेश राय अपने भांजे के साथ दरवाजे पर बैठे थे। तभी विपक्षी पक्ष के लोग कट्टा, चाकू और डंडा लेकर वहां पहुंचे। आरोप है कि पहुंचते ही उन्होंने कट्टे से हवाई फायर किया और इसके बाद लात-घूंसा, डंडा व चाकू से हमला कर दिया। चाकू लगते ही आयुष राय मौके पर ही बेहोश हो गया। पीड़ित पक्ष ने थाने में तहरीर देकर अभिनव राय व पियुष राय पर चाकू से हमला करने का आरोप लगाया है, जबकि अन्य आरोपियों पर कट्टा व डंडे से मारपीट करने का आरोप है। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक सिकन्दरपुर प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि, “मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं।”

मजदूर अधिकार मंच की आवश्यक बैठक सम्पन्न

भलुअनी/देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)। रविवार को मजदूर अधिकार मंच के बैनर तले भलूअनी नगर पंचायत में प्राईवेट आई, टी, आई, विद्यालय पर मजदूरों के हक और अधिकारों को लेकर आवश्यक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में विभिन्न जनसमस्याओं के प्रति लोगों ने अपना विचार रखा। मजदूर अधिकार मंच के संयोजक रामकिशोर चौहान ने कहा कि असंगठित क्षेत्रों के मनरेगा मजदूरों का मजदूरी मे सरकारों ने बहुत ही कम तय किया है, इस लिए मनरेगा में मजदूर कार्य नहीं करना चाहते हैं। जो मजदूर काम करते हैं उनका समय से मजदूरी नहीं मिल पाता है , जो मनरेगा एक्ट का उल्लंघन है। घनश्याम मिश्रा ने कहा कि राशन कार्ड बनवाने के नाम पर कर्मचारियों द्वारा जनता का शोषण किया जा रहा है, लेकिन सरकार आंख मुदे है। बैठक में तय किया गया है कि मजदूरों के साथ आगामी 7 सितम्बर को सभा का आयोजन किया जाएगा। बैठक में मुख्य रूप से जमील अहमद, बसंत कुमार, दयालू चौहान, शिवबहादुर सिंह, राजेश, शिवानंद चौहान, सूरज कुमार, सुरेन्द्र कुमार, रामकिशुन , घनश्याम मिश्रा, प्रतिभा सिंह, सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

अलकनंदा छात्रावास को ऐश्प्रा ग्रुप की ओर से आरओ प्लांट की सौगात

गोरखपुर (राष्ट्र की परम्परा)। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय की छात्राओं के लिए ऐश्प्रा जेम्स एंड ज्वेल्स ग्रुप ने लगातार तीसरे वर्ष भी उल्लेखनीय योगदान दिया है।
ग्रुप ने 2023 में विश्वविद्यालय के महाराणा प्रताप शिक्षा परिसर में पहला आरओ प्लांट लगाया था। वर्ष 2024 में कुलपति प्रो. पूनम टंडन की पहल पर भूगोल एवं कला संकाय के बीच दूसरा आरओ प्लांट स्थापित किया गया। इसी क्रम को आगे बढ़ाते हुए अगस्त 2025 में अलकनंदा महिला छात्रावास में तीसरा आरओ प्लांट लगाया गया। सराफ दंपत्ति ने छात्रावास का भ्रमण कर छात्राओं से संवाद किया और उनकी आवश्यकताओं को देखते हुए एक सप्ताह के भीतर आरओ प्लांट लगवाने के साथ ही छात्रावास स्थित श्री विश्वेश्वर महादेव मंदिर में पंखे भी लगवाए। इस अवसर पर निदेशक अनूप सराफ एवं मधु सराफ ने कहा कि शिक्षा के लिए घर से दूर रह रही छात्राओं को सुरक्षित और सुविधायुक्त वातावरण उपलब्ध कराना उनका सामाजिक दायित्व है। वहीं कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने इसे छात्राओं के लिए प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि ऐसे प्रयास समाज में शिक्षा और संवेदनशीलता के नए मानक स्थापित करते हैं।

अपनी कमजोरी किसी को न बताएं : चाणक्य नीति आज भी प्रासंगिक

बलिया (राष्ट्र की परम्परा)।जीवन में उतार-चढ़ाव का सिलसिला चलता रहता है, लेकिन इन परिस्थितियों में अपनी कमजोरी दूसरों के सामने जाहिर करना घातक हो सकता है। शिक्षिका एवं साहित्यकार सीमा त्रिपाठी का कहना है कि प्रत्येक मनुष्य की कुछ न कुछ कमजोरी अवश्य होती है, लेकिन जब तक वह सामने वाले को ज्ञात नहीं होती, तब तक जीवन में कोई बड़ी बाधा उत्पन्न नहीं होती। उन्होंने कहा कि जैसे ही आपकी कमजोरी दुश्मनों को मालूम हो जाती है, वे उसी का लाभ उठाकर व्यक्ति को परेशान करने लगते हैं। इसीलिए महापुरुषों ने हमेशा यह संदेश दिया है कि अपनी कमजोरी पर विजय प्राप्त करने का प्रयास करें। सीमा त्रिपाठी ने आचार्य चाणक्य के सिद्धांतों का उल्लेख करते हुए कहा कि भावनाओं में आकर कभी अपनी कमजोरी प्रकट नहीं करनी चाहिए। समय के साथ लोग उसी का लाभ उठाकर नुकसान पहुंचा सकते हैं। यदि जीवन में सफलता पाना है तो नकारात्मक विचारों से दूर रहकर सकारात्मक सोच अपनानी चाहिए।उन्होंने कहा कि ऊंचाई पर पहुंचने के बाद वहां टिके रहना आसान नहीं होता, इसके लिए चुनौतियों का डटकर सामना करना पड़ता है। यदि व्यक्ति छोटी-छोटी बातों पर शर्मिंदा होकर माफी मांगता रहता है तो यह उसकी कमजोरी को दर्शाता है और यही कमजोरी जीवन पथ में समस्याएं पैदा करती है। अंत में उन्होंने संदेश दिया कि व्यक्ति को निरंतर अपनी कमजोरियों पर विजय पाने का प्रयास करना चाहिए और कभी भी उन्हें दूसरों के सामने उजागर नहीं करना चाहिए। यही जीवन में सफलता की कुंजी है।

बहू के लगातार आरोपों से परेशान वृद्ध ससुर, आत्महत्या की चेतावनी का वीडियो वायरल

उच्चाधिकारियों से निष्पक्ष जांच की गुहार

पति समेत दरोगा और एक युवक दुष्कर्म मामलों में जा चुके हैं जेल

सलेमपुर/देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)। कोतवाली क्षेत्र के सलाहाबाद वार्ड निवासी एक वृद्ध व्यक्ति ने अपनी बहू पर गंभीर आरोप लगाते हुए आत्महत्या की चेतावनी दी है। वृद्ध ने एक वीडियो बनाकर उच्चाधिकारियों से न्याय की मांग की है, जो अब इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पीड़ित ससुर का आरोप है कि बहू ने उसके बड़े बेटे को जेल भिजवा दिया। इससे पहले कुछ वर्ष पूर्व कोतवाली पर तैनात एक उपनिरीक्षक को भी बहू ने दुष्कर्म के मामले में जेल भेजा था। बरहज थाना क्षेत्र का एक युवक भी इसी महिला के मामले में जेल जा चुका है। वृद्ध ने कहा कि बहू की करतूतों से पूरा परिवार घर छोड़कर लार क्षेत्र के एक किराए के मकान में रहने को मजबूर है। हाल ही में बहू ने लार थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिस पर पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी। पिछले कुछ वर्षों में महिला ने तीन अलग-अलग लोगों पर दुष्कर्म का आरोप लगाकर उन्हें जेल भिजवाया है। हाल ही में उसने अपने देवर पर छेड़खानी का आरोप लगाते हुए केस दर्ज कराया, जिस पर पुलिस आरोपित की तलाश में जुटी हुई है।

तेजस्वी यादव ने किया CM पद का दावा, बिहार की राजनीति में मची हलचल

आरा(राष्ट्र की परम्परा डेस्क) राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के नेता और बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने शनिवार को आरा में आयोजित ‘मतदाता अधिकार यात्रा’ की रैली में बड़ा ऐलान किया। उन्होंने स्वयं को महागठबंधन का मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर सीधा हमला बोला। तेजस्वी ने नीतीश को “नकलची मुख्यमंत्री” करार देते हुए आरोप लगाया कि वे उनकी नीतियों की नकल कर जनता को भ्रमित कर रहे हैं।

तेजस्वी की इस घोषणा के बाद राज्य के राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है। महागठबंधन के भीतर भी इस बयान ने नई चर्चा छेड़ दी है, क्योंकि कांग्रेस और वाम दलों के साथ समन्वय की प्रक्रिया अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं है।

तेजस्वी के इस बयान पर केंद्र की ओर से भी प्रतिक्रिया आई। केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा, “कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी का वहां (बिहार में) कोई महत्व नहीं है… वहीं, तेजस्वी यादव बिना किसी सलाह-मशविरा के घोषणाएं कर देते हैं। इससे पता चलता है कि उनका क्या महत्व है।”

विशेषज्ञ मानते हैं कि तेजस्वी यादव का यह ऐलान 2025 विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखकर किया गया है। राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, इस बयान से महागठबंधन की आंतरिक राजनीति और गठबंधन समीकरणों पर असर पड़ सकता है।

बिहार की राजनीति में पहले से ही भाजपा, जदयू और महागठबंधन के बीच सत्ता समीकरण जटिल बने हुए हैं। ऐसे में तेजस्वी यादव का यह कदम आगामी चुनावी रणनीति को और दिलचस्प बना रहा है।

रघुराज सिंह इंटरमीडिएट कॉलेज बहियारी बघेल प्रबंध कार्यकारिणी चुनाव सम्पन्न

राघवेंद्र वीर विक्रम सिंह प्रबंधक एवं प्रद्युम्न शाही अध्यक्ष निर्वाचित

भाटपाररानी/देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)। देवरिया जनपद के भाटपाररानी क्षेत्र स्थित रघुराज सिंह इंटरमीडिएट कॉलेज बहियारी बघेल की प्रबंध कार्यकारिणी का पंचवर्षीय चुनाव रविवार 31 अगस्त को शांतिपूर्ण एवं सर्वसम्मति से सम्पन्न हुआ। निर्वाचन अधिकारी दीनानाथ सिंह तथा पर्यवेक्षक आर.एन. भारती (सह जिला विद्यालय निरीक्षक, देवरिया) की देखरेख में सम्पन्न हुए चुनाव में राघवेंद्र वीर विक्रम सिंह को प्रबंधक तथा प्रद्युम्न शाही को अध्यक्ष चुना गया। इसके अतिरिक्त मुन्ना कुमार प्रसाद उपाध्यक्ष, शिव प्रसाद उप प्रबंधक निर्वाचित हुए। वहीं डॉ. पवन कुमार राय, राणा प्रताप सिंह, साहब यादव, प्रवीण शाही, बाबूलाल यादव, रविंद्र गुप्ता, धर्म प्रकाश सिंह तथा लालबाबू राय को प्रबंधकारिणी समिति का सदस्य घोषित किया गया। चुनाव के पूर्व कॉलेज के सभागार में आयोजित बैठक में समिति की ओर से गत वर्ष की प्रगति आख्या, आय-व्यय रिपोर्ट एवं अन्य अभिलेख प्रस्तुत किए गए। इसके उपरांत निर्वाचित पदाधिकारियों का औपचारिक ऐलान किया गया।नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का स्वागत शुभचिंतकों द्वारा फूल-मालाओं और बुके भेंट कर किया गया। इस अवसर पर प्रबंधक बने राघवेंद्र वीर विक्रम सिंह ने कार्यकारिणी के सभी सम्मानित सदस्यों को विश्वास दिलाते हुए कहा कि उनके सहयोग से संस्था को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने का हर संभव प्रयास करेंगे। नवनिर्वाचित प्रबंधक को बधाई देते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष पंडित गिरीश चंद्र तिवारी एवं एमएलसी डॉ. रतनपाल सिंह ने संयुक्त रूप से कहा कि “राघवेंद्र वीर विक्रम सिंह विकास पुरुष हैं। उनमें दूरदर्शिता, उत्कृष्ट संचार कौशल, टीम निर्माण की क्षमता और कर्मचारियों को प्रेरित करने की अद्वितीय योग्यता है। उनके नेतृत्व में संस्थान अपने लक्ष्यों को नये आयाम देगा।” संस्था के संरक्षक कामेश्वर सिंह ने भी नवनिर्वाचित कार्यकारिणी को आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और सृजनात्मक कार्यों को आगे बढ़ाने की प्रेरणा दी। इस अवसर पर शुभकामना देने वालों में मालवीय कॉलेज के प्राचार्य प्रो. सतीश चंद्र गौड़, प्रधानाचार्य छत्रसाल सिंह, मानवीर सिंह, धनवंत सिंह, अनिल लाल श्रीवास्तव, लाल बाबू राय, रामेश्वर सिंह, दिनेश प्रताप सिंह, उत्कर्ष नारायण राय, कृष्ण कुमार शाही, विपुल कुमार तिवारी, कोमल पटेल, प्रमोद कुमार गुप्ता, डॉ. श्रीनिवास मिश्र, मुस्ताक अहमद सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

प्रधानमंत्री ने ‘मन की बात’ में की जम्मू-कश्मीर के युवाओं की खेल उपलब्धियों की सराहना

सौजन्य से ANI फोटो

नई दिल्ली(राष्ट्र की परम्परा डेस्क) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के दौरान जम्मू-कश्मीर के युवाओं की खेल उपलब्धियों को विशेष रूप से रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि बदलते हालात में घाटी के युवा नई ऊँचाइयाँ छू रहे हैं और खेलों में देश का गौरव बढ़ा रहे हैं।

प्रधानमंत्री ने इस दौरान दो अहम उपलब्धियों का जिक्र किया। पहला, पुलवामा में हुए रिकॉर्ड तोड़ डे-नाइट क्रिकेट मैच का, जिसमें बड़ी संख्या में दर्शकों की मौजूदगी ने यह साबित किया कि घाटी का माहौल तेजी से बदल रहा है। उन्होंने कहा, “जम्मू-कश्मीर के पुलवामा के एक स्टेडियम में रिकॉर्ड संख्या में लोग इकट्ठा हुए। यहां पुलवामा का पहला डे-नाइट क्रिकेट मैच खेला गया। पहले यह होना असंभव लगता था, लेकिन अब मेरा देश बदल रहा है।”

दूसरा, श्रीनगर की डल झील में आयोजित ‘खेलो इंडिया वाटर स्पोर्ट्स फेस्टिवल’ का। प्रधानमंत्री ने इस महोत्सव की सराहना की और इसमें हिस्सा लेने वाले खिलाड़ियों, खासकर रश्मिता साहू और मोहसिन अली से सीधी बातचीत की।

फेस्टिवल में स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ी मोहसिन अली ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा, “जब मुझे प्रधानमंत्री का फोन आया तो मैं हैरान रह गया। उन्होंने मुझे बधाई दी और अच्छा प्रदर्शन करते रहने के लिए कहा। उन्होंने मुझसे मिले समर्थन के बारे में पूछा… मुझे बहुत खुशी है कि खेलो इंडिया का आयोजन पहली बार यहां हुआ। हम भारत सरकार के आभारी हैं। प्रधानमंत्री से बात करना मेरे लिए एक सपना सच होने जैसा था।”

मोहसिन अली ने आगे कहा कि उनका अगला लक्ष्य भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए ओलंपिक में पदक जीतना है।

प्रधानमंत्री के संदेश और खिलाड़ियों की उपलब्धियों ने जम्मू-कश्मीर के युवाओं में नई ऊर्जा का संचार किया है। विशेषज्ञों का मानना है कि इन पहलों से घाटी में खेलों का माहौल और भी मजबूत होगा और युवा मुख्यधारा से जुड़कर देश-विदेश में अपनी प्रतिभा का परचम लहराएँगे।

मॉनसून गन्ना बुआई का शुभारम्भ-डा0आर0पी0शाही

श्रीदत्तगंज/बलरामपुर(राष्ट्र की परम्परा) बजाज हिंदुस्थान शुगर मिल लि0-इकाई-इटईमैदा,उतरौला,बलरामपुर के महाप्रबंधक (गन्ना) डा0 आर0पी0शाही एवं गन्ना बिकास परिषद,उतरौला के ज्येष्ठ गन्ना बिकास निरीक्षक नरेन्द्र सिंह, सहकारी गन्ना बिकास समिति के अध्यक्ष तोताराम वर्मा एवं सदस्य संचालक मंडल की गरिमामयी उपस्थित में गन्ना टीम के सदस्य सन्तोष कुमार मिश्रा, बरिष्ठ प्रबन्धक गन्ना,बिजय कुमार पांडेय अपर प्रबन्धक (गन्ना) एवं आई0जी0चौधरी सहायक प्रबन्धक(गन्ना) के द्वारा कृषक रमेश चन्द्र दूबे पुत्र जगदीश प्रसाद दूबे,ग्राम दौलताबाद के प्लॉट पर उन्नतिशील गन्ना प्रजाति को0लख0-14201 की बुआई श्री गणेश कराकर मॉनसून बुआई अभियान का शुभारंभ किया गया। वैज्ञानिक एवं तकनीकी बुआई बिधि से बुवाई कराते हुए मृदा एवं बीज उपचार भी कराया गया। इस अवसर पर ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक, उतरौला नरेंद्र सिंह द्वारा कृषकों को गन्ने की खेती से अधिकाधिक उत्पादन, उत्पादकता, लाभदेयता एवं टिकाऊ खेती के बारे में जानकारी दी गई । अग्रेतर उनके द्वारा यह भी अवगत कराया गया कि कम क्षेत्रफल मे ही अधिकतम उत्पादन प्राप्त कर लाभ अर्जित करना है,तो सभी किसानो को उन्नतिशील गन्ना प्रजातियो को एवं उन्नत बुआई पद्धतियों को अपनाना ही होगा।डा0शाही ने कृषको से ज्यादा उत्पादन एवं प्रति ईकाई क्षेत्रफल से अधिकतम लाभ प्राप्त करने के लिए मॉनसून/शरदकालीन गन्ना बुआई सह फसलो के साथ-साथ उन्नत बुआई तकनीक का प्रयोग करके करने और अधिकतम लाभ अर्जित करने की अपील करते हुए, गन्ना कृषको को मॉनसून/शरदकालीन गन्ना बुआई के लाभों से परिचित कराया।इस अवसर पर क्षेत्र के तमाम गणमान्य प्रगतिशील कृषक कमरुददीन उर्फ डम्पर भाई,मुन्ना दूबे,अकबाल अहमद,प्रमोद वर्मा, राजेश वर्मा, अक्कू,काशी राम वर्मा, मेवालाल वर्मा, शाहिद अहमद,एवं अन्य ग्राम पंचायत जनप्रतिनिधि गण उपस्थित होकर कृषक रमेश चन्द्र जी का उत्साह वर्धन किया,साथ ही अपने यहां उक्त उन्नत तकनीक का प्रयोग कर उन्नतिशील गन्ना प्रजातियो की बुआई करने का संकल्प लिया।

पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट, दो की मौत, कई घायल

सांकेतिक फोटो

लखनऊ (राष्ट्र की परम्परा डेस्क)राजधानी लखनऊ के गुडंबा इलाके में रविवार को एक घर में अवैध रूप से चल रही पटाखा फैक्ट्री में अचानक विस्फोट हो गया। हादसे में कम से कम दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। विस्फोट इतना तेज था कि मकान की छत का एक हिस्सा ढह गया और कुछ लोग मलबे में दब गए।

सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और एम्बुलेंस टीम मौके पर पहुँची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) अनिंद्य विक्रम सिंह ने बताया कि, “विस्फोट उस घर में हुआ जहाँ पटाखा फैक्ट्री चल रही थी। इस घटना में दो लोगों की मौत हो चुकी है और कई लोग घायल हैं। राहत व बचाव कार्य तेजी से जारी है।”

पुलिस सूत्रों के अनुसार, मलबे में अब भी दो से अधिक लोगों के दबे होने की आशंका है। बचाव दल जेसीबी और अन्य उपकरणों की मदद से मलबा हटाने में जुटा है। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका उपचार चल रहा है।

मुख्यमंत्री ने जताई संवेदना

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए जिला प्रशासन को तत्काल घटनास्थल पर पहुँचकर राहत एवं बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही घायलों को बेहतर से बेहतर इलाज उपलब्ध कराने और उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना भी की है।

कारणों की जाँच शुरू

फिलहाल पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर डटे हुए हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार फैक्ट्री बिना अनुमति के आवासीय क्षेत्र में चलाई जा रही थी। विस्फोट के कारणों का पता लगाने के लिए जाँच के आदेश दिए गए हैं।

स्थानीय लोगों के अनुसार विस्फोट इतना भीषण था कि आसपास के कई मकानों की खिड़कियों के शीशे टूट गए और इलाके में अफरातफरी का माहौल पैदा हो गया। पुलिस ने क्षेत्र को घेराबंदी कर लिया है और सुरक्षा कारणों से लोगों को दूर रहने की सलाह दी गई है।

ईडी की बड़ी कार्रवाई : 1,396 करोड़ बैंक धोखाधड़ी मामले में ओडिशा व्यवसायी पर शिकंजा ,करोड़ों की लग्जरी कारें व नकदी जब्त

भुवनेश्वर (राष्ट्र की परम्परा डेस्क) प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने 1,396 करोड़ रुपये की कथित बैंक धोखाधड़ी से जुड़े धन शोधन मामले में ओडिशा के एक प्रमुख व्यवसायी और उसकी कंपनियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। शनिवार को भुवनेश्वर में चलाए गए व्यापक तलाशी अभियान के दौरान ईडी ने करोड़ों रुपये की संपत्ति जब्त की।

एजेंसी ने तलाशी के दौरान 7 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की 10 लग्जरी कारें और 3 सुपरबाइक कब्जे में लीं। इनमें पोर्श कायेन, मर्सिडीज-बेंज जीएलसी, बीएमडब्ल्यू एक्स7, ऑडी ए3, मिनी कूपर और होंडा गोल्ड विंग मोटरसाइकिल जैसी हाई-एंड गाड़ियाँ शामिल हैं।

इसके अलावा ईडी ने तलाशी के दौरान 1.12 करोड़ रुपये मूल्य के आभूषण, 13 लाख रुपये नकद, अचल संपत्तियों से जुड़े आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद किए हैं। एजेंसी ने संबंधित कारोबारी डैश के दो बैंक लॉकर भी जब्त किए हैं।

ईडी के मुताबिक, यह मामला देश के सबसे बड़े बैंक धोखाधड़ी मामलों में से एक से जुड़ा है। आरोप है कि कारोबारी समूह ने बैंकों से लिए गए हजारों करोड़ रुपये के ऋण का दुरुपयोग किया और फर्जी कंपनियों के जरिए धन को इधर-उधर कर काले धन को सफेद करने का प्रयास किया।

सूत्रों के अनुसार, ईडी इस पूरे मामले में धन के प्रवाह और उससे जुड़ी कंपनियों के लेनदेन की गहन जांच कर रही है। आने वाले दिनों में और भी खुलासे हो सकते हैं।

ईडी की बड़ी कार्रवाई : 1,396 करोड़ बैंक धोखाधड़ी मामले में ओडिशा व्यवसायी पर शिकंजा, करोड़ों की लग्जरी कारें व नकदी जब्त

भुवनेश्वर(राष्ट्र की परम्परा डेस्क) प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने 1,396 करोड़ रुपये की कथित बैंक धोखाधड़ी से जुड़े धन शोधन मामले में ओडिशा के एक प्रमुख व्यवसायी और उसकी कंपनियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। शनिवार को भुवनेश्वर में चलाए गए व्यापक तलाशी अभियान के दौरान ईडी ने करोड़ों रुपये की संपत्ति जब्त की।

एजेंसी ने तलाशी के दौरान 7 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की 10 लग्जरी कारें और 3 सुपरबाइक कब्जे में लीं। इनमें पोर्श कायेन, मर्सिडीज-बेंज जीएलसी, बीएमडब्ल्यू एक्स7, ऑडी ए3, मिनी कूपर और होंडा गोल्ड विंग मोटरसाइकिल जैसी हाई-एंड गाड़ियाँ शामिल हैं।

इसके अलावा ईडी ने तलाशी के दौरान 1.12 करोड़ रुपये मूल्य के आभूषण, 13 लाख रुपये नकद, अचल संपत्तियों से जुड़े आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद किए हैं। एजेंसी ने संबंधित कारोबारी डैश के दो बैंक लॉकर भी जब्त किए हैं।

ईडी के मुताबिक, यह मामला देश के सबसे बड़े बैंक धोखाधड़ी मामलों में से एक से जुड़ा है। आरोप है कि कारोबारी समूह ने बैंकों से लिए गए हजारों करोड़ रुपये के ऋण का दुरुपयोग किया और फर्जी कंपनियों के जरिए धन को इधर-उधर कर काले धन को सफेद करने का प्रयास किया।

सूत्रों के अनुसार, ईडी इस पूरे मामले में धन के प्रवाह और उससे जुड़ी कंपनियों के लेनदेन की गहन जांच कर रही है। आने वाले दिनों में और भी खुलासे हो सकते हैं।

👉 यह कार्रवाई ईडी की उस सख्त नीति का हिस्सा है, जिसके तहत एजेंसी बड़े पैमाने पर बैंक धोखाधड़ी, हवाला और मनी लॉन्ड्रिंग नेटवर्क पर शिकंजा कस रही है।

पंजाब में बाढ़ से हालात बिगड़े, 24 की मौत, लाखों एकड़ फसलें डूबीं

चंडीगढ़ (राष्ट्र की परम्परा डेस्क) पंजाब में रविवार को बाढ़ की स्थिति और गंभीर हो गई है। लगातार बारिश और नदियों के उफान से राज्य के कई ज़िले प्रभावित हैं। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार अब तक 24 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि सैकड़ों गांव पानी में डूब गए हैं।

राज्य सरकार से मिली जानकारी के मुताबिक रावी, ब्यास और सतलुज नदियों के उफान से नौ जिलों के 1,018 गाँव प्रभावित हुए हैं। खेतों में खड़ी फसलों पर सबसे ज्यादा असर पड़ा है। अब तक 1.51 लाख एकड़ (61,273 हेक्टेयर) कृषि भूमि जलमग्न हो चुकी है। इससे किसानों को भारी नुकसान का सामना करना पड़ रहा है।

जिलेवार स्थिति
फाजिल्का : 16,632 हेक्टेयर भूमि जलमग्न
फिरोजपुर : 10,806 हेक्टेयर प्रभावित
कपूरथला : 11,620 हेक्टेयर में फसलें डूबीं
पठानकोट : 7,000 हेक्टेयर प्रभावित
तरनतारन : 9,928 हेक्टेयर कृषि भूमि पर असर
होशियारपुर : 5,287 हेक्टेयर में फसलों का नुकसान
प्रशासनिक रिपोर्टों के अनुसार खेतों के अलावा पशुओं की मौत और ग्रामीण ढांचागत क्षति के कारण भी राज्य को बड़ा आर्थिक नुकसान हुआ है।
राहत और बचाव कार्य
सरकार और जिला प्रशासन की टीमें राहत व बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। प्रभावित क्षेत्रों से ग्रामीणों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया जा रहा है। एनडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन ने कई जगहों पर राहत शिविर भी स्थापित किए हैं।

कृषि विभाग का कहना है कि फसलों के नुकसान का विस्तृत आकलन किया जा रहा है। सरकार प्रभावित किसानों को राहत और मुआवज़ा उपलब्ध कराने की तैयारी में है।

पंजाब में मौजूदा हालात को देखते हुए विशेषज्ञों का मानना है कि अगर बारिश का सिलसिला जारी रहा तो नुकसान और बढ़ सकता है।