Thursday, July 16, 2026
Home Blog Page 738

कुर्ला एल-वार्ड में पीजी को किया गया बंद

सहआयुक्त धनाजी हेर्लेकर पर उठे गंभीर सवाल


मुंबई (राष्ट्र की परम्परा)। कुर्ला एल-वार्ड मनपा कार्यालय में पीजी (Public Grivience day) को अचानक बंद कर।दिए जाने से शिकायकर्ताओ में आक्रोश फैल गया है। सहायक आयुक्त धनाजी हेर्लेकर के आदेश अनुसार अब सिर्फ बाधित (affected) शिकायतकर्ताओं को ही पीजी फॉर्म मिलेगा, बाहरी शिकायतकर्ताओं की एंट्री पूरी तरह रोक दी गई है। स्थानीय शिकायतकर्ताओं का कहना है कि यह कदम कहीं अवैध निर्माणकर्ताओं और भू-माफियाओं को संरक्षण देने की साजिश तो नहीं? एक शिकायतकर्ता नाम ना बताने के तर्ज पर आरोप लगाते हुए कहा की –“गलत चीज की शिकायत देना हमारा अधिकार है। लेकिन एल-वार्ड के अधिकारी बड़े पैमाने पर लेन-देन कर भ्रष्टाचार करते हैं। जब हम शिकायत को उच्च अधिकारियों तक पहुँचाते हैं तो इसी कारण हेर्लेकर ने हमारी पीजी ही बंद कर दिया है।”
इस फरमान से शिकायकर्ताओ में असमंजस की स्थिति है और सवाल उठ रहे हैं कि आखिर मनपा कार्यालय का ‘पब्लिक शिकायत दिन ’(P. G.) आम जनता की आवाज सुनने के लिए है या सिर्फ चुनिंदा लोगों को संरक्षण देने के लिए?

विश्व हिन्दू परिषद क़ी दो दिवसीय प्रान्त योजना बैठक सम्पन्न

बैठक के दौरान कुछ पदाधिकारियों का किया गया दायित्व परिवर्तन

देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)। विश्व हिंदू परिषद के दो दिवसीय प्रांत योजना बैठक रविवार क़ी देर शाम सकुशल सम्पन्न हुआ, इस बैठक मे कुछ पदाधिकारीयों का हुआ दायित्व परिवर्तन किया गया जो इस प्रकार से है। प्रांत उपाध्यक्ष पुरुषोत्तम मरोदिया अब प्रांत अध्यक्ष के पद पर कार्य करेंगे, वही जिला अध्यक्ष उपेंद्र शाही अब प्रांत उपाध्यक्ष के पद पर कार्य करेंगे। जबकि जिला उपाध्यक्ष अनिल जायसवाल अब जिला अध्यक्ष के पद पर कार्य का निर्वहन करेंगे। मातृशक्ति संयोगिता मीरा मणि को अब मातृशक्ति एवं दुर्गा वाहिनी की संरक्षक मंडल दल के पद पर कार्य करना है। दायित्व परिवर्तन के क्रम मे जिला उपाध्यक्ष महिला पूनम मिश्रा को अब दुर्गावाहिनी संयोजिका के पद पर मनोनीत किया गया, जबकि
नगर अध्यक्ष डॉक्टर एस के अग्रवाल को जिला उपाध्यक्ष का दायित्व सौपा गया। जिला मंत्री राम सिंह को अतिरिक्त प्रभार प्रांत सह समरसता प्रमुख का दायित्व दिया गया।
दायित्व परिवर्तन के क्रम मे जिला एवं नगर, प्रखंड में अन्य पदाधिकारीयों का दायित्व परिवर्तन 13 सितंबर को किया जाएगा। उपरोक्त घोषणा विश्व हिंदू परिषद गोरक्ष प्रांत की प्रान्त योजना बैठक के द्वितीय दिवस के समापन सत्र पर विहिप क्षेत्र संगठन मंत्री गजेंद्र व प्रांत संगठन मंत्री राजेश कि उपस्थिति में प्रांत मंत्री नागेंद्र ने घोषणा की। इस अवसर पर गोरक्ष प्रांत के 21 जिलों में निवास करने वाले प्रात कार्यकारीणी के सैकड़ो पदाधिकारी उपस्थित रहे।

उतरौला-गोण्डा मुख्य मार्ग से भेदपुर गांव तक जाने वाली डामर सड़क जर्जर, ग्रामीण और छात्र परेशान

श्रीदत्तगंज/बलरामपुर (राष्ट्र की परम्परा)। ब्लॉक श्रीदत्तगंज क्षेत्र की ग्राम पंचायत अहिरौला नगवा में उतरौला-गोण्डा मुख्य मार्ग से भेदपुर गांव तक जाने वाली 1100 मीटर लंबी डामर सड़क जर्जर हो गई है। सड़क पर गिट्टियां उखड़ गई हैं और कई जगह गड्ढों के कारण बारिश में जलभराव हो जाता है, जिससे आवागमन मुश्किल हो गया है। यह मार्ग गांववासियों के लिए एकमात्र संपर्क मार्ग है और इसी रास्ते से स्कूली बच्चों के साथ-साथ पानी की टंकी और परिषदीय विद्यालय तक भी लोग जाते हैं। प्रधान प्रतिनिधि मोहम्मद आमिर ने बताया कि सड़क की इस हालत ने ग्रामीणों और बच्चों की रोजमर्रा की जिंदगी को प्रभावित कर दिया है।
राम सजन वर्मा, राम लगन वर्मा, अजमतउल्लाह, कलीम खान, घनश्याम वर्मा, रामपाल वर्मा, रियाज, गुल हसन, अनवार खान, अलखराम वर्मा सहित अन्य ग्रामीणों का कहना है कि अगर जल्द सुधार नहीं हुआ, तो स्कूल जाने वाले बच्चों सहित सभी लोगों के लिए जोखिम और बढ़ जाएगा। इस मार्ग की स्थिति सुधारने की मांग स्थानीय जनता द्वारा लंबे समय से की जा रही है, और इसे प्राथमिकता के आधार पर ध्यान देने की जरूरत है। लोगों ने प्रशासन से शीघ्र मरम्मत कराने की मांग की है।

नवागत तिवारीपुर थाना प्रभारी सूरज सिंह ने किया पदभार ग्रहण

त्योहार को सकुशल संपन्न कराना अभी पहली प्राथमिकता-तिवारीपुर थाना प्रभारी

गोरखपुर (राष्ट्र की परम्परा)। एसएससी राजकरन नैय्यर ने देर रात तिवारीपुर थाना प्रभारी रहे गौरव वर्मा की जगह पर सूरज सिंह को तिवारीपुर थाने का प्रभारी बनाया गया है, तिवारीपुर थाने पर पहुचकर सूरज सिंह ने पदभार ग्रहण कर लिया है। मीडिया से बात करते हुए थाना प्रभारी सूरज सिंह ने कहा कि अभी फिलहाल त्यौहार को सकुशल संपन्न कराना पहली प्राथमिकता है। कानून व्यवस्था को चुस्त दुरुस्त बनाए रखने के लिए पुलिस के जवान सभी चौराहे मोड़ पर मुस्तैदी के साथ तैनात रहेंगे, कानून का उल्लंघन करने वाले के खिलाफ पुलिस कड़ी कार्रवाई की करेगी। सोशल मीडिया पर किसी तरह की आपत्तिजनक पोस्ट करने वाले पर भी पुलिस की निगाह रहेगी। आपको बता दे की उपनिरीक्षक सूरज सिंह गोरखपुर जनपद में पीपीगंज, पिपराइच, गगहा झगहा के थाना प्रभारी रह चुके हैं उनके पास थाना चलाने का अनुभव है। एसएसपी राजकरन नैय्यर ने उनको तिवारीपुर थाने की जिम्मेदारी सौपी है। सूरज सिंह एसओजी प्रभारी ,स्वाट टीम टीम प्रभारी भी रह चुके हैं।

SCO तिआनजिन सम्मेलन: नई कूटनीतिक तस्वीर में भारत विजेता, पाकिस्तान हाशिये पर

फोटो सौजन्य से ANI

तिआनजिन/नई दिल्ली। (राष्ट्र की परम्परा डेस्क)चीन के तिआनजिन शहर में आयोजित शंघाई सहयोग संगठन (SCO) शिखर सम्मेलन ने दक्षिण एशिया की नई कूटनीतिक तस्वीर को स्पष्ट कर दिया है। इस बहुपक्षीय मंच पर भारत न केवल एक सशक्त उपस्थिति के साथ उभरा, बल्कि वैश्विक नेताओं के लिए संवाद और सहयोग का केंद्र भी बना। वहीं, पाकिस्तान हाशिये पर खड़ा दिखाई दिया।

भारत की बढ़ती स्वीकार्यता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सम्मेलन में अपने संबोधन और द्विपक्षीय मुलाक़ातों के जरिए भारत की रणनीतिक स्वायत्तता और वैश्विक स्वीकार्यता को प्रदर्शित किया। मोदी ने न सिर्फ बहुपक्षीय मुद्दों पर भारत का पक्ष मजबूती से रखा, बल्कि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग सहित कई नेताओं से महत्वपूर्ण बातचीत की।
सम्मेलन के दौरान मोदी-पुतिन और मोदी-शी जिनपिंग की गर्मजोशी भरी मुलाकातें सुर्खियों में रहीं। इन मुलाक़ातों ने यह संदेश दिया कि भारत अब वैश्विक राजनीति में अपरिहार्य केंद्र बन चुका है।

पाकिस्तान की उपेक्षा इसके विपरीत, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की उपेक्षा ने एक अलग ही तस्वीर पेश की। न तो उनकी प्रधानमंत्री मोदी से मुलाक़ात हुई और न ही औपचारिक अभिवादन का आदान-प्रदान। यह केवल भारत की ओर से दूरी नहीं थी, बल्कि चीन की मेज़बानी में भी पाकिस्तान को महत्व न मिलना एक बड़ा संकेत माना जा रहा है।
सम्मेलन में जहां शी जिनपिंग ने मोदी और पुतिन के साथ गर्मजोशी से हाथ मिलाया और लंबी बातचीत की, वहीं शरीफ को वह महत्व नहीं दिया जिसकी पाकिस्तान अपेक्षा करता रहा है।

दक्षिण एशिया की नई हकीकत
इस घटनाक्रम से तीन अहम संदेश निकलते हैं—

  1. भारत का महत्व बीजिंग के लिए आर्थिक और रणनीतिक दृष्टि से कहीं अधिक बढ़ गया है।
  2. रणनीतिक स्वायत्तता और वैश्विक स्वीकार्यता ने भारत को दक्षिण एशिया का निर्णायक चेहरा बना दिया है।
  3. पाकिस्तान की गिरती साख उसकी अस्थिर राजनीति और आर्थिक बदहाली के कारण अब अंतरराष्ट्रीय मंचों पर साफ दिखाई दे रही है।

तिआनजिन शिखर सम्मेलन ने यह स्पष्ट कर दिया है कि अब दक्षिण एशिया की कूटनीतिक वास्तविकता बदल चुकी है। भारत संवाद, निवेश और सहयोग का केंद्र बन रहा है, जबकि पाकिस्तान धीरे-धीरे हाशिये पर धकेला जा रहा है।

UPSSSC PET 2025 का एडमिट कार्ड जारी, 6 और 7 सितंबर को होगी परीक्षा

लखनऊ (राष्ट्र की परम्परा)। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) ने प्रारंभिक पात्रता परीक्षा (PET) 2025 का एडमिट कार्ड जारी कर दिया है। अभ्यर्थी इसे आयोग की आधिकारिक वेबसाइट upsssc.gov.in से डाउनलोड कर सकते हैं। एडमिट कार्ड डाउनलोड करने के लिए उम्मीदवारों को अपना रजिस्ट्रेशन/आवेदन संख्या और जन्मतिथि दर्ज करनी होगी। आयोग ने उम्मीदवारों को सलाह दी है कि वे एडमिट कार्ड का प्रिंटआउट लेकर परीक्षा केंद्र पर उपस्थित हों, क्योंकि इसके बिना प्रवेश नहीं मिलेगा।

कब होगी परीक्षा?

PET 2025 का आयोजन 6 और 7 सितंबर 2025 को दो पालियों में होगा।

पहली पाली: सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक

दूसरी पाली: दोपहर 3:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक

पहले जारी हुई थी सिटी इंटिमेशन स्लिप

गौरतलब है कि आयोग ने 27 अगस्त 2025 को ही परीक्षा शहर की जानकारी (City Intimation Slip) जारी कर दी थी। इस सुविधा से अभ्यर्थियों को पहले ही यह पता चल गया कि उनकी परीक्षा किस शहर में होगी।

क्या लिखी होगी एडमिट कार्ड पर जानकारी?

एडमिट कार्ड पर अभ्यर्थी का नाम, रजिस्ट्रेशन नंबर, परीक्षा तिथि व समय, परीक्षा केंद्र का पूरा पता, फोटो व हस्ताक्षर समेत महत्वपूर्ण निर्देश दर्ज होंगे। किसी भी त्रुटि की स्थिति में उम्मीदवारों को तुरंत आयोग से संपर्क करने की सलाह दी गई है।

जिलाधिकारी ने सद्भावना समिति के साथ क़ी बैठक

0

गोरखपुर(राष्ट्र क़ी परम्परा )
पुलिस लाइन में जिलाधिकारी दीपक मीणा के अध्यक्षता में सदभावना समित के साथ एक बैठक अयोजित किया गया। डीएम ने आगामी बराफात त्यौहार को सकुशल सम्पन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिए, बैठक में नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल, एसपी सिटी अभिनव त्यागी, एडीएम प्रशासन सहदेव मिश्रा, अपर नगर आयुक्त निरंकार सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट उत्कर्ष श्रीवास्तव, एसपी ट्रैफिक संजय कुमार, एसपी नार्थ जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव, एसपी साउथ जितेंद्र कुमार, एसीएम प्रथम प्रशांत कुमार वर्मा, सीओ कैंट योगेन्द्र सिंह, सीओ गोरखनाथ रवि सिंह, सीओ कोतवाली ओंकार तिवारी सहित सिविल डिफेंस नोडल डॉ संजीव गुलाटी, सत्य प्रकाश सिंह, सदभावना समित पदाधिकारी सहित अन्य गण मान्य मौजूद रहे।

नो हेलमेट, नो फ्यूल: परिवार की मुस्कान बचाने का अभियान

0
  • नवनीत मिश्र प्रदेश में 1 सितम्बर से शुरू हुआ “नो हेलमेट, नो फ्यूल” अभियान केवल एक प्रशासनिक आदेश नहीं है, बल्कि जीवन रक्षा का संकल्प है। नियम सरल है — बिना हेलमेट पेट्रोल नहीं मिलेगा। सुनने में यह सख़्ती लग सकती है, पर असल में यह कदम उसी मुस्कान को बचाने का प्रयास है, जिसे किसी सड़क दुर्घटना के बाद परिवार सदा के लिए खो देता है। पिछले वर्ष प्रदेश में 46,000 से अधिक सड़क दुर्घटनाएँ हुईं, जिनमें 24,000 से ज्यादा लोगों ने जान गंवाई। इस साल के शुरुआती पाँच महीनों में ही 7,700 मौतें दर्ज हो चुकी हैं। इन मौतों में सबसे बड़ा हिस्सा दोपहिया चालकों का है। हर आँकड़ा केवल एक संख्या नहीं, बल्कि किसी का बेटा, बेटी, पति या पिता है, जिसकी अनुपस्थिति ने पूरे परिवार को अधूरा कर दिया। ऐसे में सरकार का यह कदम बेहद जरूरी है। हेलमेट कोई बोझ नहीं, बल्कि सुरक्षा कवच है। अध्ययनों ने साबित किया है कि सही तरीके से पहना गया हेलमेट मृत्यु की संभावना को आधे से अधिक घटा देता है। यह लोहे की दीवार नहीं, पर दुर्घटना के समय सिर और जीवन के बीच खड़ी ढाल ज़रूर है। आज यूपी में तीन करोड़ से ज्यादा दोपहिया वाहन सड़क पर दौड़ रहे हैं। भीड़भाड़ और तेज़ रफ़्तार के बीच सुरक्षा का एक छोटा-सा उपाय ही जीवन और मृत्यु के बीच फर्क बना सकता है। इस अभियान से लोग मजबूर होंगे आदत बदलने के लिए और शायद यही मजबूरी धीरे-धीरे संस्कृति में बदल जाएगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का संदेश भी यही है कि यह दंड देने की मुहिम नहीं, बल्कि प्रेरणा का प्रयास है। नागरिकों को समझना होगा कि हेलमेट पुलिस या पेट्रोल पंप वाले को दिखाने के लिए नहीं, बल्कि अपने बच्चों की हंसी, पत्नी की उम्मीद, माँ-बाप की आस को बचाने के लिए है। सरकार को चाहिए कि इस अभियान के साथ सड़क डिज़ाइन सुधार, यातायात अनुशासन, और आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को भी और मज़बूत करे। पर यह भी सच है कि अगर नागरिक स्वयं सचेत न हों तो कोई भी क़ानून उन्हें सुरक्षित नहीं रख सकता। यह अभियान हमें एक गहरी सच्चाई की याद दिलाता है: हेलमेट पहनना सिर्फ नियम का पालन नहीं, बल्कि घर की चौखट पर मुस्कान बचाए रखने का वादा है। “नो हेलमेट, नो फ्यूल” को यदि जनता दिल से अपनाए, तो यह एक महीने का प्रयोग नहीं, बल्कि पीढ़ियों को सुरक्षित करने वाली संस्कृति बन जाएगा।

पटना में विपक्षी शक्ति प्रदर्शन : वोटर अधिकार यात्रा के समापन पर राहुल-तेजस्वी समेत INDIA गठबंधन के दिग्गज नेता सड़कों पर

पटना(राष्ट्र की परम्परा डेस्क) ‘वोटर अधिकार यात्रा’ के समापन पर सोमवार को पटना में विपक्षी एकजुटता का बड़ा शक्ति प्रदर्शन देखने को मिला। गांधी मैदान से हाई कोर्ट स्थित आंबेडकर प्रतिमा तक निकाले जा रहे वोटर अधिकार मार्च में कांग्रेस नेता राहुल गांधी, राजद नेता तेजस्वी यादव, झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी समेत इंडिया गठबंधन के कई दिग्गज नेता शामिल हुए।

मार्च की शुरुआत गांधी मैदान से हुई, जहाँ हजारों की भीड़ विपक्षी नेताओं के साथ उमड़ पड़ी। राहुल गांधी, तेजस्वी यादव और अन्य नेता खुली जीप पर सवार होकर जनता का अभिवादन करते हुए आगे बढ़े। पूरे मार्ग में कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की और पार्टी के झंडे लहराते रहे।

इससे पहले पटना एयरपोर्ट पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का भव्य स्वागत किया गया। बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता हवाई अड्डे पर जुटे और उन्हें माला पहनाकर एवं बुके भेंट कर स्वागत किया। कार्यकर्ता पार्टी का झंडा लहराते हुए ‘झामुमो जिंदाबाद’ के नारे लगाते नजर आए।

‘वोटर अधिकार मार्च’ को विपक्षी दलों की 2025 बिहार विधानसभा चुनाव की तैयारी और केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ एकजुटता के बड़े मंच के तौर पर देखा जा रहा है। विपक्ष का दावा है कि यह मार्च जनता को उनके वोट के अधिकार और लोकतंत्र की रक्षा की दिशा में एक मजबूत संदेश है।

आकाशीय बिजली की चपेट में आने से कई खंभे और तार क्षतिग्रस्त

शाहजहांपुर (राष्ट्र को परम्परा) अल्हागंज क्षेत्र में रविवार की शाम आकाशीय बिजली की चपेट में आने से कई बिजली के खंभे और तार क्षतिग्रस्त हो गए। इस घटना में कई उपकरण भी ध्वस्त हो गए, जिससे क्षेत्र में बिजली की आपूर्ति बाधित हो गई।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि आकाशीय बिजली गिरने से तेज धमाके की आवाज सुनाई दी, जिसके बाद बिजली के खंभे और तार क्षतिग्रस्त हो गए। घटना की सूचना मिलते ही, बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची रात्री में काफी प्रयास किया गया। सुबह से भी टीम लगाकर मरम्मत कार्य शुरू कर दिया गया । क्षेत्र में बिजली की आपूर्ति जल्द से जल्द बहाल करने के प्रयास किए जा रहे हैं। इस घटना से स्थानीय निवासियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन बिजली विभाग की टीम दिन-रात काम करके बिजली की आपूर्ति बहाल करने का प्रयास कर रही है। सोमवार की शाम से पहले आपूर्ति चालू कराने का प्रयास किया जा रहा है। अन्य स्थानों पर भी पेट्रोलिंग की जा रही है।

परिवर्तनकारी शिक्षक महासंघ ने “शिक्षा भूषण सम्मान 2025” से शिक्षकों को किया सम्मानित

शिक्षकों की मांगों की पूर्ति के लिए महासंघ है समर्पित

पटना(राष्ट्र की परम्परा)
शिक्षा में नवाचार को बढ़ावा देने वाले और शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शिक्षकों को परिवर्तनकारी शिक्षक महासंघ ने पटना स्थित विद्यापति मार्ग के बिहार राज्य पंचायत परिषद् के सभागार में “शिक्षा भूषण सम्मान 2025” से सम्मानित किया। कार्यक्रम की शुरुआत में परिवर्तनकारी शिक्षक महासंघ जिला इकाई नालंदा के जिला महासचिव स्वर्गीय राजीव रंजन के चित्र पर पुष्पांजलि एवं माला अर्पित करते हुए 2 मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।
दीप प्रज्वलन कार्यक्रम में बिहार सरकार के मंत्री पर्यटन विभाग राजू सिंह,महासंघ के प्रदेश संयोजक प्रणय कुमार, प्रदेश कार्यकारी संयोजक नवनीत कुमार, पटना उच्च न्यायालय के अधिवक्ता नलिन कुमार सहित कई गणमान्य शामिल हुए।
प्रदेश कार्यकारी संयोजक नवनीत कुमार ने अपने स्वागत भाषण में शिक्षा एवं शिक्षकों की बेहतरी के लिए कई उपाय बताते हुए उनकी समस्याओं के ससमय समाधान हेतु सरकार से आग्रह किया।
प्रदेश संयोजक प्रणय कुमार ने राज्य के विभिन्न जिलों से आए हुए चयनित शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षक समाज की रीढ़ हैं। हमें विपरीत परिस्थितियों में भी धैर्य का दामन नहीं छोड़ना है।
प्रधान शिक्षक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष अशोक कुमार ने शिक्षकों शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षकों के समस्याओं के समाधान हेतु परिवर्तनकारी शिक्षक महासंघ का एक शिष्टमण्डल जल्द ही विभाग के उच्च अधिकारियों से मिलेगा। प्रमुख वक्ताओं में अखिलेश कुमार सिंह, विजय सिंह परिवर्तनकारी, मृत्युंजय ठाकुर, जमील अहमद विद्रोही, देवेंद्र सिंह, दाउद अली, मनोज सिंह,राजीव कुमार,प्रवीण कुमार आदि शामिल रहे।
चयनित शिक्षकों को स्मृति चिन्ह,अंग वस्त्र और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
सम्मानित होने वालों में संजीत कुमार शर्मा, जितेंद्र पांडे, नलिन निरंजन, अभय कुमार, प्रीति कुमारी, रमेश कुमार, राजीव कुमार, मुकेश कुमार सहित सैकड़ो शिक्षक प्रमुख रूप से शामिल रहे।
महासंघ के प्रदेश मीडिया प्रभारी मृत्युंजय ठाकुर ने कहा कि संगठन की ओर से हम प्रतिवर्ष राज्य के नवाचारी शिक्षकों के लिए सम्मान कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें सम्मानित करने का काम करेंगे।
ठाकुर ने बताया कि राज्य के सभी कोटि के शिक्षकों यथा- प्रधानाध्यापक, प्रधान शिक्षक, नियोजित शिक्षक, विशिष्ट शिक्षक एवं विद्यालय अध्यापक के विभिन्न समस्याओं के समाधान के लिए महासंघ प्रयासरत रहेगा।

सैनिकों की दुर्दशा

जहाँ देश के सैनिक रहते हैं
अपनी सेवा निवृत्ति के बाद,
गड्ढों वाली ये सड़कें, सीवर,
पानी की नहीं है कोई बात।

स्मार्ट शहर लखनऊ हमारा,
इसका अब है यही विकास,
चालीस साल की कालोनी,
तब से किये हैं लाख प्रयास।

कभी लखनऊ विकास प्राधिकरण
और कभी आवास विकास परिषद
और नगरनिगम भी हैं धौंस जमाते,
व्यर्थ हैं प्रयास सब,श्रेय इनको जाते।

नेता मंत्री भी आते जाते हैं,
वोट लेकर भुला भी जाते हैं,
जनता जनार्दन सब जानती है,
जनार्दनों को भी पहचानती है।

फिर भी बस हम सब बेबस हैं,
नहीं कहीं कुछ कर सकते हैं,
अनुशासित सैनिक के नाते हम
धरना प्रदर्शन भी न कर सकते हैं।

सैनिक नगर की छोटी छोटी सड़कें,
शहर वासियों ने हाई वे बना रखी हैं,
कालोनी के द्वार तोड़कर अस्सी सौ
की गति से कारें बाइकें चलती हैं।

बच्चे बूढ़े व स्त्रियाँ भी घर से बाहर
निकलने में अब सब डरते रहते हैं,
गेट द्वार पर खड़े गार्ड भी अक्सर
बाहर वालों के द्वारा ही पिटते हैं।

सबका साथ, सबका विकास इस
कालोनी को आदित्य नही मिला है,
चोरी, डकैती व चेन झपट्टा होते
रहते हैं कोई नहीं सुनने वाला है।

डा. कर्नल आदि शंकर मिश्र
‘आदित्य’

कुआनो नदी से किशोरी का शव बरामद, गांव में फैली सनसनी

संत कबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)। जिले के धनघटा थाना क्षेत्र के कुआनो नदी से शनिवार की सुबह एक किशोरी का शव बरामद हुआ। मृतका की पहचान डुहिया खुर्द गांव निवासी अच्छे लाल की 15 वर्षीय पुत्री के रूप में हुई है।
सुबह टहलने निकले ग्रामीणों ने नदी में शव देखा और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही धनघटा थाना प्रभारी जयप्रकाश दुबे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को बाहर निकलवाया।
थाना प्रभारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मौत का कारण रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगा। घटना से परिवार गहरे सदमे में है और गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।

नदियों का जलस्तर बढ़ा, फिलहाल खतरे के निशान से नीचे

संत कबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)। बाढ़ खण्ड–2 की ताज़ रिपोर्ट सोमवार सुबह 8 बजे तक के अनुसार जिले की प्रमुख नदियों का जलस्तर धीरे–धीरे बढ़ रहा है। हालांकि राहत की बात यह है कि सभी नदियाँ अभी खतरे के निशान से नीचे बह रही हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक कुहली नदी का जलस्तर 106.310 मीटर दर्ज किया गया, जो खतरे के निशान 106.870 मीटर से लगभग 60 सेंटीमीटर नीचे है। राप्ती नदी बलुआघाट पर 92.890 मीटर पर बह रही है, जबकि इसका खतरे का निशान 94.620 मीटर है। वहीं आमी नदी का जलस्तर 89.370 मीटर दर्ज किया गया जो खतरे के निशान से नीचे और स्थिर है।
घाघरा नदी एल्गिनब्रिज पर 131.000 मीटर पर बह रही है। रिपोर्ट में खतरे का निशान 106.070 मीटर दर्ज है, जिसे विशेषज्ञों ने टाइपिंग त्रुटि बताया है।
बाढ़ खण्ड अधिकारियों ने बताया कि नदियों में धीरे–धीरे वृद्धि हो रही है। हालात फिलहाल सामान्य हैं, लेकिन सतर्कता बनाए रखने के निर्देश जारी किए गए हैं।

सड़क चौड़ीकरण में दुकानदारों की रोजी-रोटी पर संकटबमालदह बाजार में व्यापारी परेशान, प्रशासन ने दिए आश्वासन

बलिया(राष्ट्र की परम्परा)

मालदह बाजार सड़क चौड़ीकरण की प्रक्रिया ने स्थानीय दुकानदारों की चिंता बढ़ा दी है। बाजार में सड़क के किनारे अपनी जीविका चलाने वाले सैकड़ों छोटे-बड़े दुकानदारों को यह आशंका सताने लगी है कि सड़क के बीच से 13 मीटर की ज़मीन लिए जाने के बाद भी अतिरिक्त भूमि जाने की संभावना जताई जा रही है। व्यापारियों का कहना है कि यदि सड़क चौड़ीकरण की सीमा बढ़ाई गई तो उनके दुकानों और ठेलों पर सीधा असर पड़ेगा। इससे उनकी जीविका पर संकट खड़ा हो जाएगा। वर्षों से दुकान चला रहे एक दुकानदार ने बताया, “हमारा पूरा परिवार इसी दुकान से पलता है। अगर यह उजड़ गई तो रोज़गार का कोई सहारा नहीं बचेगा। स्थानीय लोगों का कहना है कि विकास कार्य का विरोध नहीं है, लेकिन छोटे दुकानदारों की आजीविका को सुरक्षित रखने की गारंटी होनी चाहिए। इस संबंध में प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि सड़क चौड़ीकरण योजना जनहित में है, लेकिन किसी की जीविका पर आंच न आए इसके लिए वैकल्पिक व्यवस्था पर विचार किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि दुकानदारों के सुझाव और समस्याओं को ध्यान में रखते हुए समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा।