Thursday, July 16, 2026
Home Blog Page 722

प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से की मुलाकात

नई दिल्ली(राष्ट्र की परम्परा डेस्क) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से शिष्टाचार भेंट की। राष्ट्रपति कार्यालय ने इस मुलाकात की जानकारी देते हुए सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर तस्वीरें साझा कीं।

राष्ट्रपति कार्यालय की ओर से जारी संदेश में कहा गया, “प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की।”

यह भेंट ऐसे समय हुई है जब प्रधानमंत्री मोदी हाल ही में विदेश यात्रा से लौटे हैं। मोदी ने 31 अगस्त से 1 सितम्बर 2025 तक चीन के तियानजिन में आयोजित शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के राष्ट्राध्यक्षों की 25वीं बैठक में हिस्सा लिया था। इस दौरान उन्होंने कई देशों के शीर्ष नेताओं से मुलाकात की और क्षेत्रीय व वैश्विक मुद्दों पर विचार-विमर्श किया।

एससीओ शिखर सम्मेलन में सदस्य देशों ने विकास रणनीति, वैश्विक शासन में सुधार, आतंकवाद-निरोध, शांति और सुरक्षा, आर्थिक व वित्तीय सहयोग तथा सतत विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की। प्रधानमंत्री मोदी ने भारत की ओर से साझा चुनौतियों के समाधान, परस्पर सहयोग बढ़ाने और क्षेत्रीय स्थिरता को मजबूत करने पर जोर दिया।

प्रधानमंत्री मोदी की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात को विदेश यात्रा से लौटने के बाद की औपचारिक रिपोर्टिंग और भविष्य की नीति-निर्धारण के संदर्भ में अहम माना जा रहा है।

मतदाता सूची को त्रुटिरहित व सुविधाजनक बनाया जाए: मुख्य निर्वाचन अधिकारी

लखनऊ/संत कबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूचियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि आगामी चुनावों के दृष्टिगत मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाया जाए।
उन्होंने कहा कि मतदाता सूची के प्रत्येक भाग में समय से अनुभाग बनाए जाएं और मतदेय स्थल के अनुरूप सूची को एक माह के भीतर शुद्ध कर लिया जाए। सूची से दोहरी प्रविष्टियां हटाने, मकान संख्या सही करने और धुंधली या मानकविहीन फोटो को बदलने के निर्देश दिए। इसके लिए मतदाताओं से फार्म-8 भरवाना अनिवार्य किया गया है।
रिणवा ने कहा कि मतदाता सूची में 18 से 19 आयुवर्ग के युवाओं की संख्या कुल मतदाताओं के अनुपात में 4–4.5 प्रतिशत होनी चाहिए, जबकि वर्तमान में यह अपेक्षाकृत कम है। ऐसे युवाओं को चिन्हित करने के लिए शिक्षा विभाग, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों का सहयोग लेने को कहा गया। इसी तरह जनसंख्या के लिंगानुपात के अनुसार महिला मतदाताओं की संख्या भी बढ़ाने के निर्देश दिए।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने दिव्यांग मतदाताओं का डेटाबेस में चिन्हीकरण कराने और 85 वर्ष से अधिक आयु के मतदाताओं का शतप्रतिशत सत्यापन कराने के आदेश दिए। उन्होंने बताया कि चिन्हित दिव्यांग मतदाता सक्षम मोबाइल ऐप के जरिए व्हीलचेयर जैसी सुविधाओं की मांग कर सकते हैं।
निर्वाचन आयोग ने मतदाताओं की सुविधा के लिए प्रति मतदेय स्थल पर मतदाताओं की संख्या 1500 से घटाकर 1200 कर दी है। इससे मतदान केंद्रों पर भीड़ कम होगी और मतदाता बिना लंबा इंतजार किए अपना वोट डाल सकेंगे।
उन्होंने सभी मतदेय स्थलों पर आश्वासित न्यूनतम सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया, जिनमें स्वच्छ पेयजल, महिला व पुरुषों के लिए अलग शौचालय, पर्याप्त फर्नीचर, बिजली व्यवस्था और दिव्यांग मतदाताओं के लिए रैम्प शामिल हैं।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने यह भी कहा कि प्रत्येक ईआरओ, एईआरओ, बीएलओ और सुपरवाइजर को सघन प्रशिक्षण दिया जाए, ताकि वे अपने दायित्वों का निर्वहन प्रभावी ढंग से कर सकें।

सम्पूर्ण समाधान दिवस : जिलाधिकारी ने सुनी जनसामान्य की समस्याएं, 29 मामलों का तत्काल निस्तारण

संत कबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)। जिले के धनघटा तहसील में जिलाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि शिकायतों का त्वरित निस्तारण और शिकायतकर्ता की संतुष्टि ही सम्पूर्ण समाधान दिवस का मुख्य उद्देश्य है। किसी भी मामले में लापरवाही बरतने या समय से कार्यवाही न करने पर संबंधित अधिकारी/कर्मचारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
धनघटा तहसील में कुल 50 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 9 मामलों का निस्तारण मौके पर कराया गया, जबकि 6 मामलों में स्थलीय निरीक्षण के लिए टीम भेजी गई। शेष प्रकरणों को विभागीय अधिकारियों को सौंपते हुए त्वरित कार्यवाही के निर्देश दिए गए। कानून एवं व्यवस्था से संबंधित मामलों की सुनवाई पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने की और थानाध्यक्षों को मौके पर जाकर जांच कर न्याय दिलाने का निर्देश दिया।
इसी क्रम में मेंहदावल तहसील में सम्पूर्ण समाधान दिवस की सुनवाई अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) जय प्रकाश और अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह ने की। यहां कुल 42 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 7 का निस्तारण मौके पर किया गया। 9 मामलों में स्थलीय जांच के लिए टीम भेजी गई।
वहीं खलीलाबाद तहसील में मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी की अध्यक्षता में सुनवाई हुई। यहां कुल 48 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 13 मामलों का तत्काल निस्तारण किया गया तथा 8 मामलों में स्थलीय जांच के निर्देश दिए गए।
तीनों तहसीलों में आयोजित समाधान दिवस के दौरान कुल 140 प्रार्थना पत्रों पर सुनवाई हुई। इनमें से 29 मामलों का तत्काल निस्तारण किया गया और 23 मामलों में स्थलीय निरीक्षण के लिए टीम भेजी गई।
इस मौके पर उप जिलाधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

ऐतिहासिक होगा बाबा रामचेतन दास की पुण्यतिथि

संत सम्मेलन एवं पुण्यतिथि कार्यक्रम में सम्मिलित होगें पूर्वांचल के नामी गिरामी साधु संत

1008 दीपों से जगमग होगा बाबा राम चेतन दास की समाधि

महराजगंज(राष्ट्र की परम्परा)। विकासखंड घुघली अंतर्गत ब्रह्म स्थान मठ जोगिया में आगामी 12 सितंबर को पूर्व महंत एवं ब्रह्मलीन संत बाबा राम चेतन दास की 23 वीं पुण्यतिथि पर आयोजित महाभंडारा एवं संत सम्मेलन का कार्यक्रम ऐतिहासिक होगा।
उक्त बातें विश्व हिंदू महासंघ के प्रदेश मंत्री एवं ब्रह्मस्थान मठ जोगिया के महंत बालक दास ने कही। वह शनिवार को जोगिया मठ पर आयोजित प्रेसवार्ता में पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि 11 सितंबर को सुबह अखंड रामचरित मानस का पाठ का शुभारंभ होगा, जिसकी अगले दिन 12 सितंबर को पूर्णाहुति होगी। इसी दिन शाम 4 बजे संत सम्मेलन आयोजित होगा, जिसमें पूर्वांचल के नामी गिरामी साधु संत सम्मिलित होगें। इसके बाद बाबा की समाधि पर 1008 दीपों से दीपांजलि और पुष्पांजलि साधु संतों एवं श्रद्धालुओं द्वारा अर्पित किया जाएगा। दीपांजलि के बाद शाम 6.30 बजे विशाल भंडारा में भारी संख्या में श्रद्धालु सम्मिलित होकर प्रसाद ग्रहण करेंगे।

चीन–अमेरिका टकराव के बीच भारत की चिंता बढ़ी, ट्रंप टैरिफ और बीआरआई बना विवाद का केंद्र

नई दिल्ली (राष्ट्र की परम्परा डेस्क)। इस समय पूरी दुनिया की निगाहें दो बड़ी घटनाओं पर टिकी हैं—पहली, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा लगाए गए भारी-भरकम टैरिफ और दूसरी, चीन का बढ़ता शक्ति प्रदर्शन। भू-राजनीति के केंद्र में चीन लगातार अपनी जगह मजबूत कर रहा है, जबकि अमेरिका इस तेजी को नजरअंदाज करता दिखाई दे रहा है।

चीन ने हाल के वर्षों में रूस से अपनी साझेदारी और गहरी की है। उत्तर कोरिया जैसे देश भी चीन के करीब आ चुके हैं। ऐसे हालात में अमेरिका के लिए रणनीतिक खतरे कम नहीं बल्कि और बड़े होते दिख रहे हैं।

भारत के लिए भी स्थिति कम चुनौतीपूर्ण नहीं है। चीन और पाकिस्तान की बढ़ती नजदीकियां भारत के लिए सबसे बड़ी चिंता हैं। खासकर तब, जब भारत खुद भी चीन के साथ संबंध सुधारने की कोशिश में जुटा हुआ था। अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप द्वारा भारत पर 50 प्रतिशत का टैरिफ लगाने के बाद नई दिल्ली ने बीजिंग के साथ रिश्तों में गर्माहट लाने की पहल की। दोनों देश अब व्यापारिक साझेदारी को बढ़ावा देने के लिए कदम उठा रहे हैं।

हालांकि, इस रिश्ते के रास्ते में सबसे बड़ा रोड़ा चीन की महत्वाकांक्षी योजना बेल्ट एंड रोड इनिशिएटिव (BRI) है। भारत शुरू से ही इस प्रोजेक्ट का विरोध करता रहा है। भारत की असली चिंता बीआरआई के तहत चल रहे चीन-पाकिस्तान आर्थिक गलियारे (CPEC) को लेकर है, जो पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर से होकर गुजरता है। यह प्रोजेक्ट भारत की संप्रभुता पर सीधा सवाल खड़ा करता है और यही दोनों देशों के संबंधों में सबसे बड़ी दरार की वजह बना हुआ है।

विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले समय में भारत को अपनी कूटनीतिक रणनीति और भी सतर्कता के साथ तय करनी होगी। एक ओर अमेरिका के साथ व्यापारिक टकराव है तो दूसरी ओर चीन-पाकिस्तान की जोड़ी से सुरक्षा संबंधी चुनौतियां भी सामने हैं। ऐसे में भारत के लिए संतुलन बनाना और अपनी रणनीतिक स्थिति को मजबूत करना समय की सबसे बड़ी जरूरत है।

जीआरपी ने दो तस्करों को अवैध शराब संग दबोचा

देवरिया(राष्ट्र की परम्परा)। रेलवे सुरक्षा और अपराध नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जीआरपी थाना देवरिया की टीम को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने रेलवे स्टेशन परिसर से बिहार के दो तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से भारी मात्रा में अवैध देशी शराब बरामद की है।
n पकड़े गए आरोपियों में वैशाली, बिहार निवासी मुकेश कुमार गुप्ता (51 वर्ष) और लालमोहन पासवान (26 वर्ष) शामिल हैं। मुकेश कुमार के पास से 07 पैक “संतरा मसालेदार” (750 ml) देशी शराब बरामद हुई, जिसकी कीमत लगभग ₹1,050/- आंकी गई। वहीं लालमोहन पासवान से 31 पाउच “बंटी बबली” (200 ml) देशी शराब बरामद हुई, जिसकी कीमत लगभग ₹1,700/- बताई गई। कुल मिलाकर लगभग ₹2,750/- की अवैध शराब जब्त की गई है।
बरामदगी के आधार पर दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत मुकदमे पंजीकृत किए गए हैं। पूछताछ में अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि वे ट्रेन द्वारा उत्तर प्रदेश से शराब लाकर बिहार में ऊँचे दामों पर बेचते हैं।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार पांडेय, हेड कांस्टेबल शेषबहादुर यादव, कांस्टेबल दिलीप सोनी, हेड कांस्टेबल बृजेश कुमार और कांस्टेबल दुर्गेश कुमार गुप्ता शामिल रहे। पुलिस का मानना है कि इनकी गिरफ्तारी से शराब तस्करी पर अंकुश लगेगा।

इलाहाबाद हाईकोर्ट को मिले दो नए जज

प्रयागराज (राष्ट्र की परम्परा डेस्क) देश की सबसे बड़ी हाईकोर्ट इलाहाबाद हाईकोर्ट में न्यायिक कार्यों को और गति देने के लिए केंद्र सरकार ने दो नए जजों की नियुक्ति की है। सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम की सिफारिश पर राष्ट्रपति ने अधिसूचना जारी करते हुए अमिताभ कुमार राय और राजीव लोचन शुक्ला को जस्टिस पद पर नियुक्त किया है।

दोनों नए न्यायाधीशों के शामिल होने से इलाहाबाद हाईकोर्ट में जजों की संख्या में बढ़ोतरी होगी, जिससे लंबित मुकदमों के निस्तारण की गति तेज होने की उम्मीद जताई जा रही है।

ज्ञात हो कि इलाहाबाद हाईकोर्ट देश का सबसे बड़ा उच्च न्यायालय है, जहां लाखों मामलों की सुनवाई लंबित रहती है। लगातार जजों की कमी की ओर बार-बार ध्यान दिलाया जाता रहा है। ऐसे में दो नए जजों की नियुक्ति न्याय व्यवस्था के लिए राहत की खबर मानी जा रही है।

कानूनी विशेषज्ञों का मानना है कि न्यायाधीशों की बढ़ी संख्या से न केवल पुराने मामलों के शीघ्र निस्तारण का मार्ग प्रशस्त होगा बल्कि आम नागरिकों को भी शीघ्र न्याय मिलने की संभावना बढ़ेगी।

हाईकोर्ट बार एसोसिएशन ने भी नए जजों की नियुक्ति का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि न्यायिक प्रक्रिया और पारदर्शी व सशक्त होगी।

पुलिस टीम पर जानलेवा हमला, 20 नामजद और 25 अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज

जमुई जिले के बरहट थाना क्षेत्र की घटना, अब तक 13 गिरफ्तार

जमुई।(राष्ट्र की परम्परा) बरहट थाना क्षेत्र के कदुआतरी गांव में शुक्रवार की शाम पुलिस टीम पर हुए जानलेवा हमले ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 20 नामजद और 25 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।

सूत्रों के अनुसार, पुलिस टीम किसी मामले की छानबीन के लिए गांव पहुंची थी। उसी दौरान भीड़ ने अचानक पुलिस पर हमला बोल दिया। पत्थरबाजी और मारपीट में कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। हमले के बाद अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने पूरे मामले पर सख्त रुख अपनाया है। अब तक 13 नामजद अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जिनमें सात पुरुष और छह महिलाएं शामिल हैं। शेष आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की छापेमारी लगातार जारी है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सरकारी कामकाज में बाधा डालने और पुलिस दल पर जानलेवा हमला करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और पुलिस बल की अतिरिक्त तैनाती भी की गई है।

इस घटना से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है, वहीं जिला प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।

विद्युत विभाग का कॉपर प्लेट चोरी, मुकदमा दर्ज

सलेमपुर/देवरिया(राष्ट्र की परम्परा)। 33/11 विद्युत वितरण केंद्र से कॉपर प्लेट चोरी की वारदात सामने आई है। अज्ञात चोर विभाग द्वारा रखे गए विद्युत उपकरण के अंदर से भारी मात्रा में कॉपर प्लेट उड़ा ले गए।

अवर अभियंता उमेश चंद ने इस बाबत कोतवाली पुलिस को तहरीर दी। उन्होंने बताया कि डाक बंगला से लगभग एक किलोमीटर पश्चिम स्थित टेलनेस यूनिट में यह चोरी हुई है।

प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार पटेल ने बताया कि तहरीर के आधार पर अज्ञात चोरों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज व अन्य माध्यमों से चोरों की तलाश में जुट गई है।

राष्ट्रीय सनातन संस्कृति के स्थापना दिवस पर बाल आश्रम में हुआ वस्त्र वितरण व सहभोज

संत कबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)। राष्ट्रीय सनातन संस्कृति के प्रथम स्थापना दिवस के अवसर पर संत कबीर बाल आश्रम में सामाजिक व सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बच्चों को वस्त्र वितरण, सहभोज तथा हनुमान चालीसा वितरण किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में महंत विचार दास उपस्थित रहे। कार्यक्रम की संयोजक डॉ. सोनी सिंह ने संगठन की ओर से समाज सेवा, शिक्षा और संस्कार संवर्धन के लिए आगामी योजनाओं की घोषणा की।
भारत तिब्बत समन्वय संघ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राम कुमार सिंह ने कहा कि सनातन संस्कृति हमारे राष्ट्र की आत्मा है, इसका संरक्षण और संवर्धन करना हर नागरिक का कर्तव्य है। संगठन समाज के अंतिम व्यक्ति तक शिक्षा, संस्कार और सेवा की रोशनी पहुँचाने के लिए निरंतर कार्य करेगा।
इस मौके पर संगठन के संस्थापक अध्यक्ष विकास कुमार गौड़, जिला संयोजक अजीत कुमार, जिला उपाध्यक्ष राकेश चतुर्वेदी, जिला महामंत्री (महिला) कमल गोंड, जिला कार्यवाहक अवध नारायण शुक्ला, ब्लॉक अध्यक्ष (बेलहर) सुमन, ब्लॉक संगठन मंत्री (बेलहर) नेहा सिंह, मंडल अध्यक्ष (बस्ती) शशि वर्मा, ब्लॉक अध्यक्ष (नाथनगर) विनय कुमार पांडे, प्रदेश प्रभारी महिला तारा राय, मंडल प्रचारक अमृत पांडे, मंडल अध्यक्ष कृष्णा पांडे, जिला अध्यक्ष (संत प्रकोष्ठ) नारायण दत्त मिश्रा, कबीर स्थली के संत राधा मोहन दास, बाल आश्रम के मैनेजर फूलदेव यादव समेत अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

नई कोट में आयोजित हुआ जनकल्याण शिविर

जनकल्याण शिविर प्रशासन को आपके द्वार तक लाने का माध्यम है- डीएम

ग्रामवासियों ने की जिला प्रशासन के कदम की तारीफ

महराजगंज(राष्ट्र की परम्परा)। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा और पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा के नेतृत्व में वनटांगिया ग्राम नई कोट में जनकल्याण शिविर का आयोजन किया गया।
ग्राम नई कोट ने जिलाधिकारी के नेतृत्व में चौथे जनकल्याण शिविर का आयोजन किया गया, जिसमे जनपद के सभी अधिकारी पहुंचे और ग्रामीणों की समस्याओं का निस्तारण किया। इससे पूर्व खुर्रम पुर, सोहगी बरवां और उसरहवां में भी जनकल्याण शिविर का आयोजन किया जा चुका है। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने स्वयं लोगों की समस्याओं को सुना और निस्तारण हेतु आवश्यक निर्देश दिया। जनकल्याण शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को विभागीय योजनाओं के लाभ और आवेदन प्रक्रिया के विषय में अवगत कराया गया। इसके अलावा मौके पर ही योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के लिए आवेदन भी कराया गया। संबंधित लेखपाल, सचिव व अन्य ग्राम स्तरीय कर्मचारियों की उपस्थिति में उनके कार्यशैली के विषय में ग्रामीणों से फीडबैक लिया। सचिव की कार्यशैली को लेकर ग्रामीणों से सकारात्मक प्रतिक्रिया न मिलने पर जिलाधिकारी ने सचिव को फटकार लगाई और सचिव को कार्यशैली में सुधार लाने और नियमित रूप से गांव में उपस्थित रहने का निर्देश दिया। उन्होंने जिला विकास अधिकारी को निर्देशित किया सचिव को आवंटित क्लस्टर में सम्मिलित गांवों में रोस्टर वार ड्यूटी लगाएं और सुनिश्चित करें कि सचिव निर्धारित दिवस पर संबंधित ग्राम में उपस्थित रहे।
जन कल्याण शिविर में दो–दो एसएचजी को आरएफ व सीआईएफ और तीन समूहों को सीसीएल प्रदान किया गया।
इसके अलावा जन कल्याण शिविर में आयोजित स्वास्थ्य कैंप में 219 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। 38 मरीजों के विभिन्न जांच किए गए, 06 ग्रामीणों को आयुष्मान कार्ड प्रदान किया गया और 04 बच्चों का टीकाकरण किया गया। इससे पूर्व 02बच्चों का अन्नप्राशन और दो धात्री माताओं की गोद भराई की गई। निराश्रित महिला पेंशन का वितरण किया गया। जन शिविर में आयोजित स्वास्थ्य शिविर में लगभग 100 लोगों ने प्राथमिक स्वास्थ्य परीक्षण कराकर दवा प्राप्त किया। इसके अलावा वृद्धावस्था, निराश्रित महिला पेंशन सहित विभिन्न योजनाओं का आवेदन कराया गया।
जिलाधिकारी ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि जन शिविर का उद्देश्य प्रशासन को आपके द्वार पर लाना है। शासन की मंशा है कि योजनाओं का क्रियान्वयन जमीनी स्तर पर हो। शासन की इसी मंशा के अनुरूप आज पूरा जिला प्रशासन यहां उपस्थित है। ग्रामीण द्वारा अपनी समस्याओं से हमे अवगत कराया गया है। हमारा पूरा प्रयास रहेगा आपकी सभी समस्याओं का समाधान गुणवत्तापूर्ण तरीके से हो। उन्होंने कहा कि यहां विभिन्न योजनाओं के संदर्भ प्राप्त आवेदनों में निर्धारित समय सीमा में कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने कहा कि इससे पूर्व भी यहां के 418 किसानों को किसान सम्मान निधि, 377 ग्रामीणों को आयुष्मान कार्ड, 207 लोगों को वृद्धावस्था, 445 लोगों को पात्र गृहस्थी व 21 को अंत्योदय कार्ड का लाभ मिल रहा है। 165 ग्रामीणों को पीएम आवास और 08 को सीएम आवास का लाभ प्राप्त हो रहा है। इससे स्पष्ट है कि गांव के प्रत्येक परिवार को एक से अधिक योजनाओं का लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि यदि इन योजनाओं का मौद्रिक मूल्य निकाला जाए तो प्रत्येक परिवार को एक बड़ी राशि सरकार द्वारा प्रदान किया जा रहा है, जो व्यक्ति के साथ–साथ परिवारों के आर्थिक सशक्तिकरण की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि शासकीय योजनाओं की बेहतर डिलीवरी करने के लिए जिला प्रशासन प्रतिबद्ध है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जिलास्तरीय अधिकारी सुनिश्चित करें कि उनके स्थानीय कर्मचारी गांवों में नियमित रूप से आएं और अपने दायित्वों को पूरा करें। मनरेगा कार्यों में पारदर्शिता हेतु कार्यस्थल पर सूचना पट्ट अवश्य लगाएं। साथ ही ग्रामीणों को पंचायत भवन से इसकी सूचना भी मांगने पर प्राप्त हो। उन्होंने ग्रामीणों को कहा कि पेंशन योजनाओं को निर्बाध रूप से संचालित रखने हेतु अपना केवाईसी अवश्य कराएं। उन्होंने कहा कि योजनाओं की निर्बाध लाभ को सुनिश्चित करने हेतु ग्रामीणों को भी जागरूक होना चाहिए, जिससे न सिर्फ वे योजनाओं का लाभ उठा सकें बल्कि आवश्यक प्रक्रिया को भी समझें।
पुलिस अधीक्षक ने सभी ग्रामीणों को शिविर में आने के लिए धन्यवाद कहा और अनुरोध किया कि अगर पुलिस से संबन्धित कोई मामला है तो उससे आप लोग अवगत करा सकते हैं। कहा कि पुलिस आपकी सुरक्षा और आपके समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने मंच से ही पुलिस कर्मियों को लोगों की समस्याओं को सुनने और उनके यथासंभव परस्पर सहमति पर आधारित और गुणवत्तापूर्ण समाधान करने का निर्देश दिया। कहा कि जिला और पुलिस प्रशासन का पूरा प्रयास होगा कि आपकी सभी समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए।
इसके उपरांत जिलाधिकारीने पुलिस अधीक्षक के साथ वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम का संचालन डीडीओ बी.एन. कन्नौजिया ने किया।
इस अवसर पर विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्षों ने अपने–अपने विभाग की योजनाओं से लोगों को अवगत कराया, आवेदन की प्रक्रिया को समझाया और गांव में योजना से आच्छादित लोगों के बारे भी बताया।
इस दौरान जन कल्याण शिविर में सीएमओ डॉ श्रीकांत शुक्ला, पीडी रामदरश चौधरी, तहसीलदार नौतनवा कर्ण सिंह सहित समस्त जिलास्तरीय अधिकारी उपस्थित रहें।

PET परीक्षा के पहले दिन जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने किया निरीक्षण

देवरिया (राष्ट्र की परम्परा डेस्क) उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा आयोजित प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET) का पहला दिन शनिवार को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित वातावरण में सम्पन्न हुआ। परीक्षा दो दिवसीय है, जो प्रतिदिन दो पालियों में आयोजित की जा रही है। पहले दिन जनपद के विभिन्न परीक्षा केन्द्रों पर कुल हजारों परीक्षार्थियों ने प्रतिभाग किया।

पहले दिन की परीक्षा व्यवस्था का जायज़ा लेने के लिए जिलाधिकारी दिव्या मित्तल एवं पुलिस अधीक्षक विक्रांत वीर स्वयं केन्द्रों पर पहुंचे। उन्होंने अलग-अलग परीक्षा केन्द्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने केन्द्र व्यवस्थापकों को निर्देशित किया कि किसी भी परीक्षार्थी को परीक्षा के दौरान असुविधा न हो। उन्होंने पेयजल की उपलब्धता, शौचालयों की स्वच्छता, पर्याप्त बैठने की व्यवस्था, बिजली की सुचारु आपूर्ति तथा केन्द्र परिसर में अनुशासन बनाए रखने पर विशेष बल दिया। जिलाधिकारी ने कहा कि “परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांति पूर्ण माहौल में सम्पन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।”

पुलिस अधीक्षक विक्रांत वीर ने केन्द्रों पर तैनात पुलिस बल का निरीक्षण करते हुए उन्हें अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा केन्द्रों के आसपास किसी भी प्रकार की भीड़ या अव्यवस्था न हो तथा परीक्षार्थियों को परीक्षा देने के लिए निर्बाध वातावरण उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने यातायात व्यवस्था एवं सुरक्षा प्रबंधन पर विशेष जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान दोनों वरिष्ठ अधिकारियों ने केन्द्र प्रभारियों, पर्यवेक्षकों एवं अन्य नियुक्त कर्मचारियों से बातचीत कर परीक्षा संचालन की वास्तविक स्थिति की जानकारी प्राप्त की और आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

गौरतलब है कि PET परीक्षा में जनपद देवरिया के साथ ही आसपास के जिलों से भी बड़ी संख्या में परीक्षार्थी सम्मिलित हो रहे हैं। प्रशासन द्वारा परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने हेतु सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं को लेकर विशेष इंतज़ाम किए गए हैं।

पाटलिपुत्र एक्सप्रेस में दिनदहाड़े कोच अटेंडेंट का अपहरण, फायरिंग से मची दहशत — पुलिस ने रातोंरात छुड़ाया

पटना/बाढ़ (राष्ट्र की परम्परा डेस्क)।दानापुर रेल मंडल में हुई एक सनसनीखेज वारदात ने यात्रियों और इलाके के लोगों में दहशत फैला दी। पाटलिपुत्र एक्सप्रेस (18622) के कोच बी-2 के अटेंडेंट राकेश कुमार का बदमाशों ने फिल्मी अंदाज में अपहरण कर लिया। यह घटना सुबह लगभग 11:30 बजे शहरी हॉल्ट और बाढ़ स्टेशन के बीच घटी, जब बदमाशों ने चेन पुलिंग कर ट्रेन को जबरन रोका और अटेंडेंट को उतारकर अपने साथ ले गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, यात्रियों में भय का माहौल बनाने के लिए बदमाशों ने फायरिंग भी की। घटना के बाद ट्रेन में अफरा-तफरी मच गई और लोग दहशत में आ गए।

सूचना मिलते ही बाढ़ और पटना रेल पुलिस के साथ RPF की टीम हरकत में आ गई। देर रात चलाए गए विशेष सर्च ऑपरेशन के दौरान पुलिस ने राकेश कुमार को हाथीदह स्टेशन के पास से सुरक्षित बरामद कर लिया।

पुलिस ने इस अपहरण कांड के बाद बाढ़ इलाके में बड़े पैमाने पर छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान पांच संदिग्धों को हिरासत में लिया गया। तलाशी में उनके पास से हथियार और अवैध शराब बरामद हुई। इनमें से तीन आरोपियों को बाढ़ थाना लाया गया है, जबकि दो से रेल पुलिस अलग से पूछताछ कर रही है।

इस घटना ने रेल यात्रियों और रेलकर्मियों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है और पूरे गिरोह को पकड़ने के लिए लगातार छापेमारी जारी है।

पाटलिपुत्र एक्सप्रेस में कोच अटेंडेंट का फिल्मी अंदाज में अपहरण।बदमाशों ने चेन पुलिंग कर ट्रेन रोकी और यात्रियों में दहशत फैलाने के लिए फायरिंग की।RPF और रेल पुलिस की सक्रियता से देर रात अपहृत अटेंडेंट सुरक्षित बरामद।पांच संदिग्ध हिरासत में, हथियार और अवैध शराब जब्त।सुरक्षा चूक पर उठ रहे सवाल, पुलिस का कहना — पूरे गिरोह को जल्द पकड़ा जाएगा।

इस्लामी प्रतियोगिता का हुआ आयोजन:मुहम्मद खालिद रजा प्रथम एवं नूर हाफिजा द्वितीय स्थान पर

बघौचघाट,देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)
विकास खंड क्षेत्र के पथरदेवा के मेंदीपट्टी बेलवानिया में शुक्रवार की रात में ईद मिलाद की 1500वीं सालगिरह के अवसर पर शब-उल-इल्म फाउंडेशन ट्रस्ट के बैनर तले हाफिज मुनीस आजम के नेतृत्व में एक इस्लामी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
प्रतियोगिता में दर्जनों छात्रों ने भाग लिया, सभी छात्रों में से मुहम्मद खालिद ने सभी कठिन प्रश्नों का उत्तर देकर प्रथम स्थान प्राप्त किया।जबकि नूर हाफिजा खातून द्वितीय और पिछले साल के विजेता माशूक अली तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले सभी बच्चों को कमेटी के द्वारा पुरस्कार प्रदान किए गए। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि मौलाना एहसानुल्लाह ने संचालन का दायित्व संभाला।जबकि मौलाना अब्दुल कय्यूम निज़ामी का एक विशेष बयान हुआ जिसमें उन्होंने कहा कि इस बदलते दौर में, दुनिया और आख़िरत में कामयाबी के लिए शिक्षा ही हमारा सबसे अहम साधन है। इसे हासिल करने के लिए कड़े क़दम उठाने की ज़रूरत है।इस दौरान मौलाना सैफ रजा अज़हरी,हाजी यूसुफ साहब, अलाउद्दीन सिद्दीकी,हाजी जमालुद्दीन इसरार अहमद,हाजी मास्टर निजामुद्दीन,मौलाना बदरुद्दीन साहब,अबरार अहमद,सज्जाद, रिजवान समेत सैकड़ों लोग मौजूद रहे।

PET 2025 परीक्षा कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच प्रथम पाली सकुशल हुई संपन्

गोरखपुर(राष्ट्र की परम्परा )
PET 2025 परीक्षा प्रथम पाली कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सकुशल हुई संपन्न। 2 दिनों तक दो पालियों में 93024परीक्षार्थी देंगे परीक्षा।
उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की ओर से आयोजित हो रही प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET) 2025 गोरखपुर में 49 परीक्षा केंद्र पर 6 और 7 सितंबर को 93 हजार 24 अभ्यर्थी प्रत्येक दिन 2-2 पाली में शामिल होंगे। प्रथम पाली की परीक्षा सुबह 10 से 12 बजे तक और दूसरे पाली की परीक्षा दोपहर बाद 3 से शाम 5 बजे तक प्रथम पाली की परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को सुबह 8 बजे से 9:30 बजे तक प्रवेश दिया गया। दूसरी पाली की परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए प्रवेश का समय दोपहर 1 से 2:30 बजे तक होगा।
परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए 49 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 49 स्टैटिक मजिस्ट्रेट लगाए गए हैं। सी श्रेणी के केंद्रों पर एसडीएम एवं तहसीलदार स्तर के अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है।सीसीटीवी कैमरे की निगरानी परीक्षा हो रहा है हर परीक्षा केंद्र के प्रवेश द्वार और हर परीक्षा कक्ष में कैमरे लगाए गए हैं परीक्षा नोडल एडीएम सिटी अंजनी कुमार सिंह केंद्रीय नोडल कक्ष से बराबर निगरानी कर रहे हैं।