Thursday, July 16, 2026
Home Blog Page 721

खराब मौसम से श्री माता वैष्णो देवी यात्रा बाधित, लगातार 13वें दिन भी बंद

कटरा, जम्मू।(राष्ट्र की परम्परा डेस्क) श्रद्धालुओं की आस्था का प्रतीक श्री माता वैष्णो देवी यात्रा लगातार 13वें दिन भी स्थगित है। कटरा से भवन तक जाने वाले मार्ग पर भारी बारिश और भूस्खलन की वजह से सुरक्षा एजेंसियों ने यात्रा को रोक रखा है।

पिछले कई दिनों से जम्मू संभाग में हो रही मूसलधार बारिश ने त्रिकुटा पहाड़ियों की ढलानों को अस्थिर कर दिया है। इससे जगह-जगह चट्टानें गिर रही हैं और सड़कें अवरुद्ध हो गई हैं। प्रशासन का कहना है कि जब तक मौसम सामान्य नहीं होता और मार्ग पूरी तरह सुरक्षित घोषित नहीं किया जाता, तब तक यात्रा शुरू करना संभव नहीं होगा।

श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड और जिला प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं। भूस्खलन से प्रभावित रास्तों की मरम्मत और मलबा हटाने का कार्य युद्धस्तर पर जारी है। सुरक्षा बल और आपदा प्रबंधन दल भी मौके पर तैनात हैं।

कटरा में रुके श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे अनावश्यक रूप से यात्रा मार्ग की ओर न बढ़ें। होटल और धर्मशालाओं में यात्रियों के ठहरने की विशेष व्यवस्था की गई है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि कई सालों बाद इतनी लंबी अवधि तक यात्रा ठप हुई है। इससे न केवल श्रद्धालुओं को असुविधा हो रही है बल्कि स्थानीय व्यापारियों और होटल कारोबार पर भी असर पड़ा है।

मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दो दिनों तक जम्मू संभाग के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना बनी हुई है। यदि मौसम में सुधार होता है तो प्रशासनिक और सुरक्षा समीक्षा के बाद यात्रा को दोबारा शुरू किया जाएगा।

महाभारत सर्किट का दो करोड़ रुपये से होगा पर्यटन विकास

बरेली(राष्ट्र की परम्परा डेस्क) उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग ने महाभारत सर्किट के अंतर्गत ऐतिहासिक और पौराणिक दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थल अहिच्छत्र के समेकित पर्यटन विकास के लिए बड़ी पहल की है। विभाग ने करीब दो करोड़ रुपये की परियोजनाओं को मंजूरी दी है।

अहिच्छत्र का ऐतिहासिक महत्व

अहिच्छत्र महाभारत काल का प्रमुख नगर माना जाता है। यहां पांडवों और कौरवों के समय से जुड़े कई किस्से प्रचलित हैं। यह स्थल जैन धर्मावलंबियों के लिए भी पवित्र तीर्थ है। जैन परंपरा के अनुसार, यहाँ कई तीर्थंकरों ने तपस्या की थी।

पर्यटन विकास की योजनाएं

पर्यटन विभाग द्वारा स्वीकृत योजनाओं में मुख्य रूप से—

स्थल पर बुनियादी ढांचे का विकास

पर्यटकों के लिए आवागमन और सुविधाओं का विस्तार

धार्मिक और पौराणिक महत्व को उजागर करने हेतु सूचनात्मक बोर्ड और गाइड व्यवस्था

आसपास के क्षेत्रों में सौंदर्यीकरण और प्रकाश व्यवस्था शामिल है।

सांस्कृतिक धरोहर को मिलेगा बढ़ावा

अधिकारियों का मानना है कि इन योजनाओं से न केवल स्थानीय और राष्ट्रीय पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी, बल्कि बरेली जिले के इस प्राचीन स्थल की सांस्कृतिक और धार्मिक पहचान को भी नया आयाम मिलेगा।

पर्यटन विभाग का यह प्रयास ‘महाभारत सर्किट’ के अन्य स्थलों को जोड़कर एक धार्मिक-आध्यात्मिक पर्यटन मार्ग विकसित करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

बिजली विभाग के कारनामे चेकिंग के दौरान घरों को छावनी में तब्दील

भागलपुर/ देवरिया। (राष्ट्र की परम्परा )
बिजली विभाग चेकिन करने नहीं पहुंच रही है। बहुत बड़े अपराधी के घर पहुंच रही है। बिजली विभाग का कारनामा चेकिंग के दौरान घरों को छावनी में रबड़ी एल कर दे रहे हैं। जैसे इन घरों में कोई बहुत बड़ा मुजरिम पकड़ने आए हो। भागलपुर में आए दिन हो रहा है। बिजली विभाग के कर्मचारी अपने साथ सुरक्षा कर्मियों को ले जाते हैं। बिजली चेकिंग के बहाने किसी के घर में डायरेक्ट घुस जाते हैं। उसकी घर को एक छावनी में तब्दील कर देते हैं। जैसे लगता है कि इस घर में बहुत बड़ा अपराधी छुपा है। बिजली की चेकिंग करने जा रहे हैं या लोगों को बदनाम करने जा रहे हैं। जिसके घर भी ऐसे बिजली वाले पहुंच रहे हैं। सुरक्षाकर्मी पहुंच रहे हैं। उसके घर को एकदम छावनी में तब्दील कर दे। 8 से 10 सुरक्षाकर्मी छत पर घर में उसके घर के आगे पीछे यह कौन सी बिजली की चेकिंग है। उनके घर वालों से दिनभर लोग पूछ रहे हैं। आपके हैं इतनी पुलिस क्यों आई थी।इतने लोग क्यों आए थे। 10000 ,20000 जिनका बाकी है। बिजली का बिल उनके यहां ही पुलिस पहुंच रही है। जिनके यहां लाख 80 हजार 90000 बाकी है। वहां पुलिस और बिजली विभाग क्यों नहीं पहुंच रही है। क्या उनके पास दस्तावेज नहीं है। कि किन के पैसे कितने बाकी हैं। यह एक दलाल की ओर इशारा कर रहा है की आखिर पुलिस वाले कुछ चुनिंदा घरों पर ही क्यों जाते हैं। आखिर बिजली विभाग के लोग किसके इशारे पर ऐसा कर रहे हैं। लोगों को बदनाम करने की इतनी बड़ी साजिश क्यों रच रहे हैं। आज दिन बिजली के तार टूट के गिर रहे हैं आए दिन घटनाएं हो रही है उसके लिए इतने सुरक्षाकर्मी इतनी बिजली विभाग के लोग नहीं दौड़ के आते हैं। बिजली विभाग का एक भी कर्मचारी नहीं आ रहा है गांव के ही लोग तार टूट रहा है तो उसको जोड़ने हैं और हरे पेड़ में बांधकर किसी तरह अपनी विद्युत आपूर्ति को चालू रखते हैं इस हरे पेड़ से तार टूट कर गिर जाने से किसी भी दिन बड़ा हादसा हो सकता है उसे पर बिजली विभाग का ध्यान नहीं जाता है अवगत कराया जा चुका है कई बार लेकिन कान पर झूठ तक नहीं रहता है।

महिलाओं के लिए शिक्षा का नया अवसर: डीडीयू ने शुरू किए ऑनलाइन एवं ओडीएल डिग्री कार्यक्रम

“घर बैठे सीखें, जीवन गढ़ें – आत्मनिर्भरता और सशक्तिकरण की ओर कदम”

गोरखपुर (राष्ट्र की परम्परा)। महिला सशक्तिकरण को मजबूती देने के लिए दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय ने एक नई पहल की है। विश्वविद्यालय ने ऑनलाइन एवं ओपन एंड डिस्टेंस लर्निंग (ओडीएल) डिग्री कार्यक्रम शुरू किए हैं, जिन्हें विश्वविद्यालय अनुदान आयोग से मान्यता प्राप्त है।
यह अवसर उन महिलाओं के लिए विशेष रूप से लाभकारी है जो पारिवारिक या व्यावसायिक जिम्मेदारियों के कारण नियमित कॉलेज नहीं जा पातीं। अब वे घर बैठे बीबीए, बी.कॉम, एमबीए, एम.कॉम और एम.ए. (अंग्रेज़ी) जैसे कोर्सों में दाखिला लेकर उच्च शिक्षा प्राप्त कर सकती हैं। प्रवेश प्रक्रिया वर्तमान में जारी है।
कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने कहा कि शिक्षा हर महिला तक पहुँचना चाहिए—चाहे वह शिक्षिका हो, कामकाजी महिला या गृहिणी। जब महिलाएँ आगे बढ़ती हैं तो समाज भी प्रगति करता है।
विश्वविद्यालय का मानना है कि महिला शिक्षा केवल व्यक्तिगत विकास का माध्यम नहीं बल्कि परिवार और समाज के उत्थान की कुंजी है। यही कारण है कि यह पहल आत्मनिर्भरता और सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
प्रवेश प्रक्रिया जारी है और इच्छुक महिलाएँ इस परिवर्तनकारी यात्रा का हिस्सा बन सकती हैं।

अब घर बैठे मिलेगी यूपी रोडवेज टिकट बुकिंग और परिवहन विभाग की 45 फेसलेस सेवाएं

सांकेतिक फोटो

लखनऊ।(राष्ट्र की परम्परा डेस्क) उत्तर प्रदेश परिवहन विभाग ने यात्रियों और आम जनता को बड़ी सुविधा देते हुए 45 फेसलेस सेवाओं की शुरुआत कर दी है। इन सेवाओं को अब कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) के माध्यम से भी उपलब्ध कराया जाएगा। इसका सीधा लाभ उन लोगों को मिलेगा, जो विभागीय दफ्तरों के चक्कर लगाने से बचना चाहते हैं।

परिवहन निगम और सीएससी के बीच हुए एमओयू के बाद अब यात्री घर बैठे ही 14,000 बसों के लिए ऑनलाइन टिकट बुक कर सकेंगे। इसके लिए प्रदेशभर में डेढ़ लाख से अधिक सीएससी केंद्रों को जोड़ा गया है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोग भी आसानी से बस टिकट की बुकिंग करा सकेंगे।

यही नहीं, इन 45 फेसलेस सेवाओं में ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन पंजीकरण (आरसी), टैक्स जमा करने, परमिट जारी करने समेत कई अन्य महत्वपूर्ण सेवाएं भी शामिल हैं। इस पहल से न केवल समय और धन की बचत होगी, बल्कि पारदर्शिता भी बढ़ेगी।

अधिकारियों के अनुसार, यह कदम डिजिटल इंडिया अभियान को और मजबूती देगा तथा परिवहन सेवाओं को अधिक सुलभ और सरल बनाएगा।

सोनवल–बौलिया मार्ग पर झाड़ियों का आतंक, कभी भी हो सकता है बड़ा हादसा

ग्रामीणों में बढ़ रही आक्रोश, जिम्मेदार विभाग पर लापरवाही के आरोप

ग्रामीण बोले सड़क नहीं मौत का रास्ता, फिर भी प्रशासन खामोश

महराजगंज(राष्ट्र की परम्परा)। विकास खंड मिठौरा क्षेत्र की ग्राम पंचायत सोनवल से जिला मुख्यालय को जोड़ने वाला सोनवल- बौलिया मार्ग हादसा को दावत दे रहा है। नहर की पटरी पर बने इस मार्ग के दोनों किनारों पर उगी घनी झाड़ियां तथा नरकट आमजनों के लिए बड़ा खतरा बन गई हैं। करीब 13 किलोमीटर लंबे इस मार्ग पर सोनवल से बौलिया चौराहे तक स्थिति गंभीर है। सड़क के दोनों किनारों पर झाड़ियां घनी होने से सामने से आने वाले वाहन चालकों को रास्ता नहीं दिखता, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
स्थानीय लोग बताते हैं कि झाड़ियों में सांप-बिच्छू का खतरा भी बना रहता है, वहीं दृश्यता की कमी से वाहन चालक भारी परेशानी झेल रहे हैं।
यह मार्ग मधुबनी, सोनवल, पिपरा कल्याण समेत आधा दर्जन गांवों को जिला मुख्यालय से जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग है। ऐसे में ग्रामीणों का कहना है कि यदि शीघ्र ही सड़क किनारे उगी झाड़ियां साफ नहीं कराई गईं, तो किसी भी दिन बड़ी दुर्घटना हो सकती है।
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से तुरंत समाधान की मांग की है। ग्रामीणों ने यह भी कहा कि यह सड़क अब डर का दूसरा नाम बन चुकी है किसी भी दिन बड़ा हादसा होगा तो जिम्मेदारी किसकी होगी। झाड़ियों के चलते हर दिन दुर्घटना का खतरा बना रहता है जिम्मेदार विभाग आंखें मूंदे बैठा है‌।
इस संबंध में एडीओ पंचायत कौशल किशोर ने कहा कि समस्या संज्ञान में नहीं थी, जांच कराकर शीघ्र कार्रवाई की जाएगी।

राज्य कर विभाग की 28 करोड़ की खरीद प्रक्रिया निरस्त, औद्योगिक क्षेत्रों में यूनिफाइड बिल्डिंग बायलॉज लागू करने की तैयारी

लखनऊ।(राष्ट्र की परम्परा डेस्क) राज्य कर विभाग में 28 करोड़ रुपये की कंप्यूटर-प्रिंटर खरीद में गड़बड़ियों की शिकायतों के बाद शासन ने पूरी प्रक्रिया को निरस्त कर दिया है। प्रमुख सचिव राज्य कर के निर्देश पर की गई गोपनीय जांच में सामने आया कि कुछ खास फर्मों को लाभ पहुंचाने के लिए टेंडर में विशेष क्लॉज जोड़े गए थे। जांच में इन फर्मों और विभागीय अधिकारियों की मिलीभगत भी उजागर हुई है।

राज्य कर विभाग में कंप्यूटर और प्रिंटरों की कमी दूर करने के लिए पिछले वर्ष प्रत्येक जोन को 20-20 लाख रुपये आवंटित किए गए थे, लेकिन उसमें भी गड़बड़ी की कई शिकायतें सामने आई थीं। शासन स्तर पर अब इस प्रकरण की गहन जांच आगे बढ़ाई जाएगी।

इधर, प्रदेश सरकार औद्योगिक क्षेत्रों में यूनिफाइड बिल्डिंग बायलॉज लागू करने की तैयारी कर रही है। अभी तक यह व्यवस्था नगर निगमों और विकास प्राधिकरणों तक सीमित है। औद्योगिक विकास प्राधिकरणों में लागू होने पर अवैध निर्माण को एक सीमा तक वैध मानने, भवन ऊंचाई और सड़क चौड़ाई के आधार पर निर्माण नियमों में छूट जैसी व्यवस्थाएं उद्यमियों को बड़ी राहत देंगी।

विशेषज्ञों का मानना है कि इस कदम से न केवल औद्योगिक जमीन की कमी दूर होगी बल्कि छोटे उद्यमियों को भी आसानी से भूखंड उपलब्ध हो सकेंगे। इससे प्रदेश में औद्योगिक निवेश और रोजगार के अवसरों में वृद्धि की संभावना है।

7 सितंबर को लगेगा साल 2025 का दूसरा और आखिरी चंद्र ग्रहण, भारत में होगा दृश्यमान

नई दिल्ली (राष्ट्र की परम्परा डेस्क)7 सितंबर 2025 को साल का दूसरा और आखिरी चंद्र ग्रहण लगने जा रहा है। खास बात यह है कि यह ग्रहण भारत में भी दिखाई देगा, इसलिए इसके साथ जुड़ा सूतक काल भी मान्य होगा।

🔭 खगोलीय गणना के अनुसार: चंद्र ग्रहण का आरंभ : 7 सितंबर रात 10:58 बजे,ग्रहण का मध्य (पीक टाइम): रात 11:42 बजे,ग्रहण का समापन : 8 सितंबर तड़के 01:26 बजे,कुल अवधि : 3 घंटे 28 मिनट

🪐 यह चंद्र ग्रहण कुंभ राशि और पूर्वाभाद्रपद नक्षत्र में लगेगा।
📿 धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, सूतक काल 7 सितंबर दोपहर 12:57 बजे से प्रारंभ हो जाएगा।

इस दौरान पूजा-पाठ, शुभ कार्य और भोजन पर प्रतिबंध रहेगा। ग्रहण समाप्ति के बाद स्नान और दान-पुण्य का विशेष महत्व बताया गया है।

बिहार के 8 जिलों को केंद्र का तोहफा, 675 करोड़ से 10 सड़क परियोजनाओं को मिली मंजूरी

पटना (राष्ट्र की परम्परा डेस्क) बिहार के आठ जिलों को केंद्र सरकार की तरफ से बड़ी सौगात मिली है। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने केंद्रीय सड़क एवं बुनियादी ढांचा कोष (सीआरआईएफ) योजना के तहत राज्य सरकार द्वारा अनुशंसित 10 परियोजनाओं को मंजूरी प्रदान कर दी है। इन परियोजनाओं पर लगभग 675 करोड़ रुपये की लागत आएगी।

मंजूरी प्राप्त परियोजनाएं अररिया, बक्सर, सारण, नवादा, मधुबनी, भागलपुर, अररिया, पूर्णिया और पूर्वी चंपारण जिलों से जुड़ी हैं। इन योजनाओं के पूरा होने से न केवल सड़क नेटवर्क मजबूत होगा, बल्कि आवागमन में भी सुगमता आएगी और स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी।

कौन-कौन सी सड़कें होंगी चौड़ी और मजबूत

सूत्रों के मुताबिक, राज्य सरकार ने इन परियोजनाओं को अगले दो साल के भीतर पूरा करने का लक्ष्य तय किया है। इसके लिए मंत्री द्वारा संबंधित विभागीय अधिकारियों को शीघ्र निविदा निकालने और कार्य प्रारंभ करने का निर्देश भी दिया गया है।

इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से बिहार के कई जिलों की कनेक्टिविटी सुधरेगी और विकास की रफ्तार को नई दिशा मिलेगी।

गया में पितृपक्ष महासंगम का शुभारंभ, लाखों श्रद्धालुओं की आस्था से गूंजा विष्णुपद परिसर

गया।(राष्ट्र की परम्परा डेस्क) बिहार के गया में शनिवार को पितृपक्ष महासंगम 2025 का भव्य शुभारंभ पारंपरिक मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच हुआ। फल्गु नदी और विष्णुपद मंदिर परिसर में देश-विदेश से आए श्रद्धालुओं ने अपने पितरों की आत्मा की शांति के लिए पिंडदान की शुरुआत की। मान्यता है कि गया में पिंडदान करने से आत्मा को मोक्ष प्राप्त होता है, यही कारण है कि यह मेला हर वर्ष लाखों तीर्थयात्रियों को आकर्षित करता है।

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और सुरक्षा चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए इस बार प्रशासन ने अभूतपूर्व व्यवस्था की है। 5500 से अधिक पुलिस जवानों की तैनाती की गई है, जिनमें बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस (बीएसएपी) की 15 कंपनियां शामिल हैं। विष्णुपद मंदिर, पुनपुन घाट और सभी पिंड वेदियों पर सुरक्षा घेरा कड़ा कर दिया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आनंद कुमार ने कहा कि सुरक्षा इंतजाम इतने मजबूत किए गए हैं कि “परिंदा भी पर नहीं मार सकेगा।”

पूरे मेला क्षेत्र पर नजर रखने के लिए 150 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और कंट्रोल रूम से 24 घंटे मॉनिटरिंग हो रही है। ड्रोन और वीडियोग्राफी से हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी भी तैनात हैं। मेले में एक अस्थाई थाना स्थापित किया गया है, जहां पुरुष और महिला पुलिस बल चौबीसों घंटे मौजूद रहेंगे। रेलवे स्टेशन, बस अड्डे और प्रमुख घाटों पर हेल्प डेस्क भी बनाए गए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को तुरंत सहायता मिल सके।

जिला प्रशासन ने पूरे मेला क्षेत्र को 17 सुपर जोन, 43 जोन और 324 सेक्टरों में विभाजित किया है। प्रत्येक सेक्टर में दंडाधिकारी, पुलिस अधिकारी और महिला पुलिस बल तैनात हैं। जिला पदाधिकारी शशांक शुभंकर ने कहा कि तीर्थयात्रियों की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी सेक्टरों में पर्याप्त बल उपलब्ध कराया गया है।

यातायात प्रबंधन के लिए वन-वे ट्रैफिक, अलग पार्किंग जोन और पब्लिक एड्रेस सिस्टम की व्यवस्था की गई है। रेलवे स्टेशन और आसपास के क्षेत्रों में आरपीएफ और जिला पुलिस का फ्लैग मार्च जारी है। तालाबों और नदी किनारे बैरिकेडिंग, साइन बोर्ड और गोताखोर लगाए गए हैं। एसडीआरएफ की टीम, लाइफ जैकेट और मेडिकल टीमें भी हर समय मुस्तैद हैं।

एडीजी लॉ एंड ऑर्डर पंकज दराद ने बताया कि 395 पुलिस पदाधिकारी, 1600 कॉन्स्टेबल और 800 होमगार्ड जवान ड्यूटी पर हैं। इसके अलावा बीएसएपी की पांच अतिरिक्त कंपनियां भी तैनात की गई हैं।

गया और पुनपुन घाट पर श्राद्ध और तर्पण का विशेष महत्व है। मान्यता है कि यहां पिंडदान से पितरों को शांति मिलती है और परिवार पर पुण्य की वर्षा होती है। यही कारण है कि यह धार्मिक संगम न केवल बिहार बल्कि पूरे देश और विदेश से आए श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र बना हुआ है। प्रशासन ने इस बार सुरक्षा के साथ-साथ सुविधाओं और भीड़ प्रबंधन पर भी विशेष ध्यान दिया है। लगातार घोषणाओं और हेल्प डेस्क की मदद से श्रद्धालुओं को हरसंभव सहयोग प्रदान किया जा रहा है।

बख्तियारपुर में ताबड़तोड़ फायरिंग, एक ही परिवार पर हमला : युवक की मौत, चार लोग घायल

पटना/बख्तियारपुर (राष्ट्र की परम्परा डेस्क)बख्तियारपुर अनुमंडल के सालिमपुर थाना क्षेत्र के शाहपुर गांव में अपराधियों ने एक ही परिवार पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस वारदात में इंगलेश यादव (40) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पिता कुलदीप यादव, पत्नी क्रांति देवी, भाई कांग्रेस यादव और भतीजा राहुल कुमार गंभीर रूप से घायल हो गये। घायलों का इलाज पटना के अस्पताल में चल रहा है।

बताया जाता है कि इंगलेश यादव ने हाल ही में नया ट्रक खरीदा था और शनिवार को अपने परिजनों के साथ पूजा करने गए थे। लौटते समय घर पहुंचने से पहले ही घात लगाए बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं।

घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने मृतक का शव फोरलेन पर रखकर जाम कर दिया, जिससे करीब तीन घंटे तक यातायात बाधित रहा। सूचना पर डीएसपी-2 अभिषेक सिंह और सालिमपुर थानाध्यक्ष मौके पर पहुंचे और समझाने के बाद जाम समाप्त कराया।

पुलिस का कहना है कि मामला जमीन विवाद से जुड़ा प्रतीत होता है। शव को पोस्टमार्टम के लिए बाढ़ भेजा गया है। अधिकारियों ने आश्वस्त किया है कि अपराधियों की पहचान कर शीघ्र गिरफ्तारी की जाएगी और दोषियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।

🌟 साप्ताहिक राशिफल (09 से 15 सितम्बर 2025) 🌟

मेष (Aries) इस सप्ताह गुस्से पर नियंत्रण रखना सबसे ज़रूरी होगा। ऑफिस या व्यापार में आपके विरोधी सक्रिय रहेंगे, इसलिए संयमित भाषा का प्रयोग करें। पारिवारिक जीवन में किसी बात को लेकर बहस हो सकती है। आर्थिक पक्ष सामान्य रहेगा। स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दें।

वृषभ (Taurus)आपकी योजनाएं सफल होंगी और मेहनत का फल मिलेगा। करियर या बिज़नेस में सुधार होगा। परिवार में शांति बनी रहेगी और किसी पुराने विवाद का निपटारा संभव है। आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच आपको आगे बढ़ाएगी।

मिथुन (Gemini) विद्यार्थियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वालों के लिए यह सप्ताह बेहद शुभ रहेगा। नए अवसर मिल सकते हैं। दोस्तों और सहकर्मियों से सहयोग प्राप्त होगा। आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। छोटी यात्राएं लाभकारी रहेंगी।

कर्क (Cancer) मधुर व्यवहार से आप कई काम पूरे कर पाएंगे। दूसरों की मदद करने से आत्मसंतोष मिलेगा। व्यापारिक क्षेत्र में लाभ के योग हैं। पारिवारिक वातावरण बेहतर रहेगा। हालांकि, खानपान में लापरवाही न करें।

सिंह (Leo) शिक्षा, कला और साहित्य से जुड़े लोगों को सम्मान प्राप्त होगा। सप्ताहभर आत्मविश्वास उच्च स्तर पर रहेगा। करियर में प्रगति और अच्छे अवसर सामने आएंगे। परिवार के साथ समय अच्छा बीतेगा।

कन्या (Virgo) आपकी मेहनत रंग लाएगी। विद्यार्थी और शोध कार्य में लगे लोगों को सफलता मिलेगी। व्यापारिक कार्यों में लाभ की स्थिति रहेगी। आत्मबल मजबूत होगा, लेकिन स्वास्थ्य को लेकर थोड़ी सावधानी बरतें।

तुला (Libra) नए काम की शुरुआत का शुभ समय है। मित्रों और पुराने संपर्कों से लाभ होगा। हालांकि, मानसिक तनाव अधिक रह सकता है, इसलिए आराम और मेडिटेशन करें। आर्थिक स्थिति सामान्य रहेगी।

वृश्चिक (Scorpio) चहुंमुखी प्रगति के अवसर मिलेंगे। नौकरी और व्यापार में अच्छे नतीजे आएंगे। जरूरी काम सप्ताह के शुरुआती दिनों में निपटा लें, क्योंकि बाद में विवाद की संभावना है। परिजनों के साथ संबंध मधुर बनाए रखें।

धनु (Sagittarius) कार्यक्षेत्र में बहस से बचें, वरना तनाव बढ़ सकता है। सप्ताह के अंत तक अनेक चिंताएं दूर होंगी और राहत मिलेगी। स्वास्थ्य सामान्य रहेगा। पारिवारिक जीवन में संतोषजनक स्थितियां बनेंगी।

मकर (Capricorn) दोपहर बाद का समय आपके लिए चुनौतीपूर्ण हो सकता है। व्यवहार संयमित रखें और किसी पर जल्द भरोसा न करें। अपमान या आलोचना का सामना करना पड़ सकता है, लेकिन धैर्य बनाए रखें। आर्थिक मामले धीरे-धीरे सुधरेंगे।

कुंभ (Aquarius) यह सप्ताह आपके लिए वरदान साबित होगा। पिछले समय का किया गया निवेश अब लाभ देगा। नौकरीपेशा लोगों को पदोन्नति या सम्मान की संभावना है। परिवार में शुभ समाचार मिल सकता है। स्वास्थ्य अच्छा रहेगा।

मीन (Pisces) आर्थिक समृद्धि के प्रबल योग बन रहे हैं। करियर और व्यापार में नए अवसर मिलेंगे। आत्मविश्वास और उत्साह से आप अपने लक्ष्य की ओर बढ़ेंगे। परिवार में खुशी का माहौल रहेगा। यात्रा भी लाभकारी होगी।
इस सप्ताह कुंभ, मीन, सिंह और मिथुन राशि वालों के लिए खासतौर पर अच्छे योग बन रहे हैं। वहीं मेष, मकर और तुला राशि के जातकों को संयम, धैर्य और स्वास्थ्य का ध्यान रखने की ज़रूरत है।

सड़क से अपहरण: चेहरे पर स्प्रे मारकर बोलेरो सवार ले गए किशोर ,परिजनो ने लाया घर वापस

ग्रामीणों में दहशत, परिजनों ने पुलिस से की कड़ी कार्रवाई की मांग

महराजगंज(राष्ट्र की परम्परा)।जिले के कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बागापार से किशोर के अपहरण का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़ित पिता राजू राजभर ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया है कि 04 सितम्बर की सुबह उनका 15 वर्षीय पुत्र मोहित राजभर घर से शौच के लिए निकला था, तभी सफेद बोलेरो सवार बदमाशों ने उसे रास्ते में रोक लिया और पहले रास्ता पूछने के बहाने बात की। इसके बाद बच्चे के चेहरे पर स्प्रे मारकर जबरन गाड़ी में बैठा ले गए।
परिजनों का कहना है कि सुबह छः बजे के करीब हुई इस घटना के बाद परिवार ने काफी खोजबीन की, लेकिन बच्चे का कोई पता नहीं चला। उसी दिन दोपहर लगभग 01 बजे एक अज्ञात नंबर से फोन आया कि लड़का बेहोशी की हालत में गोरखपुर के टिकरिया रोड स्थित महुआतर चौराहे के पास पड़ा है। परिजन तत्काल मौके पर पहुंचे और लगभग 03 बजे देखा कि किशोर एक दुकानदार (सोनार) के यहां बैठा हुआ मिला।
स्थानीय लोगों के मुताबिक मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए पुलिस की कड़ी जांच-चौकसी के कारण बदमाश घबराकर बच्चे को सड़क किनारे छोड़कर फरार हो गए। मौके पर मौजूद पुलिस ने बच्चे को सुरक्षित परिजनों को सौंप दिया।पीड़ित पिता ने पुलिस से मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है। वहीं घटना के बाद क्षेत्र में भय और दहशत का माहौल है।
इस संम्बध मे बागापार चौकी प्रभारी मनीष पटेल ने कहा कि मुझे जानकारी नही है अगर परिजनो ने चौकी पर शिकायत पत्र दिया है तो जांच करके विधिक कार्यवाही किया जायेगा।

यूपी पीईटी 2025: पहले दिन 76.21% अभ्यर्थी शामिल, 3 लाख से ज्यादा अनुपस्थित

लखनऊ (राष्ट्र की परम्परा डेस्क)। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) द्वारा आयोजित प्रारंभिक पात्रता परीक्षा (PET) 2025 के पहले दिन बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। आयोग के अनुसार, पहले दिन की दोनों पालियों में कुल 12,65,998 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से 9,64,802 अभ्यर्थी (76.21%) परीक्षा में उपस्थित रहे, जबकि 3,01,196 अभ्यर्थी (23.79%) परीक्षा में शामिल नहीं हो सके। परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में आयोजित की गई और अधिकांश केंद्रों से किसी गड़बड़ी की सूचना नहीं मिली। आयोग का कहना है कि परीक्षा पारदर्शी ढंग से पूरी कराई जा रही है और सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी रही।

UP-T20 लीग सीजन-3 का भव्य समापन, मुख्यमंत्री योगी ने खिलाड़ियों का बढ़ाया हौसला

लखनऊ (राष्ट्र की परम्परा डेस्क) भारत रत्न’ श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में शनिवार को आयोजित UP-T20 लीग, सीजन-3 के समापन समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से प्रदेश के खेल ढांचे को मजबूती मिल रही है। इसी क्रम में वाराणसी, अयोध्या और गोरखपुर में अंतरराष्ट्रीय स्तर के स्टेडियम का निर्माण कार्य प्रगति पर है। केंद्र सरकार द्वारा घोषित राष्ट्रीय खेल नीति के अनुरूप उत्तर प्रदेश सरकार भी खेलों के व्यापक विकास की दिशा में सतत कार्य कर रही है।

योगी आदित्यनाथ ने बताया कि प्रदेश सरकार ने लक्ष्य निर्धारित किया है कि हर विकासखण्ड में मिनी स्टेडियम तथा हर जनपद में एक बड़ा स्टेडियम तैयार किया जाए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए प्रशिक्षण, प्रतियोगिताएं और प्रोत्साहन राशि जैसी सुविधाएं लगातार उपलब्ध करा रही है।

मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि सुदृढ़ खेल इंफ्रास्ट्रक्चर के माध्यम से उत्तर प्रदेश के खिलाड़ी राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी बेहतरीन प्रदर्शन करेंगे और देश-प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।

समापन समारोह में खिलाड़ियों, खेलप्रेमियों और अधिकारियों की भारी उपस्थिति रही। पूरे आयोजन के दौरान युवाओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।