Wednesday, July 8, 2026
Home Blog Page 622

रोडवेज बस और क्रूजर की भिड़ंत, आठ घायल, तीन रेफर

बलिया(राष्ट्र की परम्परा)l खेजरी थाना क्षेत्र के खड़सरा स्टेट बैंक के सामने बुधवार की 6 बजे शाम को बड़ा सड़क हादसा हो गया। गोरखपुर की ओर जा रही क्रूजर गाड़ी और रोडवेज बस की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत में आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घायलों में हनुमान तिवारी (32) निवासी घनश्यामपुर, बक्सर (बिहार), धीरज श्रीवास्तव (34) निवासी गोपालगंज (बिहार) तथा दिनेश सिंह (26) निवासी गोरखपुर प्रमुख रूप से शामिल हैं। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खेजरी पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद तीन की हालत नाजुक देख उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। शेष घायलों का इलाज सीएचसी पर जारी है। टक्कर इतनी भीषण थी कि क्रूजर गाड़ी में आग लग गई। आग की लपटें उठते ही मौके पर भगदड़ की स्थिति पैदा हो गई। हालांकि ग्रामीणों ने साहस और अथक प्रयास से आग पर काबू पा लिया, जिससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई। गनीमत रही कि आग की चपेट में आने से कोई हताहत नहीं हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और बस व क्रूजर को सड़क से हटवाकर यातायात सामान्य कराया। ग्रामीणों ने हादसे के पीछे तेज रफ्तार को जिम्मेदार ठहराया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस घटना से क्षेत्र में दहशत और चिंता का माहौल है।

नवरात्र के अंतिम दिन देवी पंडालों में हवन-पूजन, विश्व कल्याण के लिए भक्तों ने दी आहुति

संत कबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)। शारदीय नवरात्र के आखिरी दिन जिले भर में मां दुर्गा के पंडालों में भक्तों की भारी भीड़ देखने को मिली। सुबह से ही जिला मुख्यालय के समय माता मंदिर, बन सप्ती माता मंदिर और अन्य प्रमुख देवी स्थलों पर हवन-पूजन और आराधना का क्रम जारी रहा। भक्त सुबह से ही अपनी श्रद्धा और भक्ति के साथ पूजा में शामिल हुए और विश्व कल्याण की कामना के लिए आहुति दी।
जिले के नगर पंचायत मगहर, बाघ नगर, बखिरा सहित जिले के विभिन्न स्थानों पर भी देवी पंडालों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। पंडालों में सजावट, रंग-बिरंगे दीप और फूलों की शोभा ने माहौल को और अधिक भक्तिमय बना दिया। नवमीं के दिन भव्य भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों लोगों ने भोजन ग्रहण किया और समाज में भाईचारे का संदेश फैलाया।
इस अवसर पर घरों और पूजा पंडालों में कन्या पूजन भी विधिपूर्वक संपन्न हुआ। छोटे बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी ने माता के चरणों में अपनी श्रद्धा अर्पित की। स्थानीय लोगों ने बताया कि हवन-पूजन और कन्या पूजन का यह अवसर न केवल धार्मिक महत्व रखता है, बल्कि समाज में आध्यात्मिक एकता और मानवता के संदेश को भी मजबूत करता है।
देर शाम तक हवन और आराधना का यह क्रम चलता रहा और भक्तजन माता के प्रति अपनी आस्था और भक्ति प्रकट करते रहे। इस प्रकार नवरात्र के अंतिम दिन जिले में धार्मिक और सांस्कृतिक माहौल देखने लायक रहा।

सीएम की तस्वीर पर आपत्तिजनक इमोजी लगाने वाला किशोर हिरासत में

सलेमपुर/देवरिया(राष्ट्र की परम्परा)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तस्वीर पर आपत्तिजनक इमोजी लगाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट करने वाले किशोर को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। बजरंग दल के ऑफिशियल ट्विटर अकाउंट से शिकायत के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी पर आईटी एक्ट सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है।

मामला कोतवाली क्षेत्र के कस्बा सलेमपुर का है। यहां टिंकू कुरैशी का पुत्र ने एक दिन पूर्व मुख्यमंत्री की तस्वीर पर आपत्तिजनक इमोजी लगाकर अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर अपलोड कर दिया था। इसे देखकर बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने विरोध जताते हुए ट्विटर पर कार्रवाई की मांग की।

पुलिस ने बुधवार को आरोपी किशोर को उसके घर से हिरासत में लिया। हिन्दू संगठन के नेता विनोद ठठेरा की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

आरोपी के पिता, जो नवलपुर चौराहे के पास मीट की दुकान चलाते हैं, ने बताया कि बेटे से नादानी में गलती हुई है और उसे ऐसा कदम नहीं उठाना चाहिए था।
प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार पटेल ने कहा कि आपत्तिजनक पोस्ट के मामले में आरोपी किशोर के खिलाफ केस दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

100 साल का संघ : विचार, विकास और नई दिशा

प्रधानमंत्री ने जारी किया डाक टिकट व स्मारक सिक्का

संघ की राष्ट्र साधना पर नवनीत मिश्र का आलेख

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की स्थापना 1925 में विजयादशमी के दिन डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार द्वारा नागपुर में की गई थी। 2025 में यह संगठन अपनी शताब्दी यात्रा पूरी कर रहा है। सौ वर्षों का यह पड़ाव केवल एक संस्था का इतिहास नहीं, बल्कि भारतीय समाज और राष्ट्र जीवन के अनेक पहलुओं से गहराई से जुड़ा हुआ अध्याय है।

डॉ. हेडगेवार का मानना था कि भारत की गुलामी का मूल कारण समाज का विखंडन और आत्महीनता है। उन्होंने एक ऐसे संगठन का विचार प्रस्तुत किया, जो जाति, भाषा और क्षेत्रीय सीमाओं से ऊपर उठकर राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखे। इस विचार का आधार बना – अनुशासन, सेवा और संगठन। शाखा प्रणाली इसी सोच का परिणाम थी, जिसके माध्यम से व्यक्तित्व निर्माण और सामूहिकता की भावना विकसित की गई।

संघ ने छोटे स्तर से शुरुआत की, किंतु धीरे-धीरे इसकी शाखाएँ देशभर में फैलती गईं। स्वतंत्रता संग्राम में अप्रत्यक्ष रूप से भूमिका निभाने से लेकर आपातकाल जैसी परिस्थितियों तक, संघ ने समय-समय पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।

आज संघ विश्व के सबसे बड़े स्वयंसेवी संगठनों में से एक माना जाता है। देशभर में लाखों शाखाएँ नियमित रूप से संचालित होती हैं और करोड़ों स्वयंसेवक सेवा एवं सामाजिक कार्यों से जुड़े हैं। संघ की प्रेरणा से शिक्षा, सेवा, ग्राम विकास, महिला सशक्तिकरण और पर्यावरण संरक्षण जैसे विविध क्षेत्रों में अनेक संगठन कार्यरत हैं। आपदा प्रबंधन और सामाजिक सेवा के अवसरों पर संघ के कार्यकर्ताओं ने सदैव सक्रिय भागीदारी निभाई है। राजनीति के क्षेत्र में भी संघ का प्रभाव दृष्टिगोचर होता है। भारतीय जनता पार्टी के उदय और उसके संगठनात्मक स्वरूप में संघ की भूमिका को विशिष्ट माना जाता है।

संघ को समय-समय पर आलोचना और आरोपों का सामना भी करना पड़ा है। सांप्रदायिकता, असहिष्णुता और राजनीतिक हस्तक्षेप जैसे प्रश्न उठाए गए हैं। इसके बावजूद संगठन ने अपने ध्येय वाक्य “विश्व को भारत का संदेश देना” के अनुरूप समाज को संगठित करने और राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की दिशा में कार्य जारी रखा है।

शताब्दी वर्ष संघ के लिए आत्ममंथन और भविष्य की दिशा तय करने का अवसर है। नई चुनौतियाँ, जैसे तकनीकी परिवर्तन, वैश्वीकरण, सामाजिक असमानताएँ और पर्यावरण संकट – संगठन से नई कार्ययोजना की अपेक्षा करती हैं। संघ अब समरस समाज, स्वावलंबन और युवा नेतृत्व को प्राथमिकता देकर भविष्य की ओर अग्रसर है। सौ वर्षों की यात्रा यह प्रमाणित करती है कि अनुशासन, सेवा और विचारधारा पर आधारित संस्था समाज को दीर्घकाल तक प्रभावित कर सकती है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का शताब्दी वर्ष केवल एक संगठन का उत्सव नहीं, बल्कि भारतीय समाज के लिए एक अवसर है कि वह अपनी जड़ों को पहचानते हुए नए युग की चुनौतियों का सामना संगठित रूप से कर सके।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने संघ शताब्दी पर डाक टिकट और ₹100 का स्मृति सिक्का जारी किया।

मोदी का बड़ा संदेश : घुसपैठ से जनसांख्यिकीय बदलाव पर चेतावनी, रबी फसलों का MSP भी बढ़ा

नई दिल्ली। (राष्ट्र की परम्परा डेस्क)प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को राष्ट्रीय राजधानी में आरएसएस (RSS) के शताब्दी समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि भारत की विविधता में एकता घुसपैठियों के कारण गंभीर खतरे में है। उन्होंने चेतावनी दी कि यह केवल सामाजिक सद्भावना ही नहीं बल्कि आंतरिक सुरक्षा के लिए भी चुनौती है।

मोदी ने कहा“अगर हमारी एकता की ताकत कमजोर हुई, तो भारत भी कमजोर हो जाएगा। यही कारण है कि मैंने लाल किले से जनसांख्यिकी मिशन की घोषणा की थी। हमें सतर्क रहना होगा और इस खतरे से लड़ना होगा।”

प्रधानमंत्री ने विजयादशमी पर्व के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि यह सत्य पर असत्य, प्रकाश पर अंधकार और न्याय पर अन्याय की जीत का प्रतीक है। उन्होंने याद दिलाया कि 100 वर्ष पूर्व इसी दिन डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार ने आरएसएस की स्थापना की थी। मोदी ने संस्थापक हेडगेवार को श्रद्धांजलि अर्पित की और देशभर के स्वयंसेवकों को बधाई दी।
MSP में बड़ी घोषणा
प्रधानमंत्री मोदी की अध्यक्षता में आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति (CCEA) ने विपणन सत्र 2026-27 के लिए सभी प्रमुख रबी फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) में बढ़ोतरी को मंजूरी दी है।
कुसुम पर सबसे अधिक 600 रुपये/क्विंटल की बढ़ोतरी ,मसूर पर 300 रुपये/क्विंटल ,रेपसीड और सरसों पर 250 रुपये/क्विंटल,चना पर 225 रुपये/क्विंटल,जौ पर 170 रुपये/क्विंटल
,गेहूं पर 160 रुपये/क्विंटल,सरकार के मुताबिक, यह फैसला किसानों को उनकी उपज का लाभकारी मूल्य सुनिश्चित करेगा और फसल विविधीकरण को बढ़ावा देगा।
उत्पादन लागत की तुलना में किसानों को अपेक्षित लाभ मार्जिन इस प्रकार है :
गेहूं : 109% सरसों-रेपसीड : 93% मसूर : 89% चना : 59% जौ : 58%,कुसुम : 50% प्रधानमंत्री मोदी का यह दोहरा संदेश—एक ओर देश की सुरक्षा और सामाजिक सद्भाव पर घुसपैठ की चेतावनी, और दूसरी ओर किसानों के लिए MSP बढ़ोतरी का बड़ा फैसला—राजनीतिक व सामाजिक दृष्टि से अहम माना जा रहा है।

ये भी पढ़ें –“बेंगलुरु में कंजेशन टैक्स का सवाल ही नहीं, अफवाहों पर विराम: उपमुख्यमंत्री का बड़ा बयान

ये भी पढ़ें –हाईवे पर बड़ा सड़क हादसा, एम्बुलेंस ड्राइवर की मौके पर मौत

ये भी पढ़ें –राहुल के परिवार के लिए कांग्रेस नेता ने मांगी विशेष सुरक्षा, ओम बिरला को लिखा पत्र

बड़हरा फार्म रोड पर हादसा, स्कूटी खंभे से टकराने से युवक की मौत

महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। जखीरा पुलिस चौकी क्षेत्र के बड़हरा फार्म रोड पर छोटा टोला के पास दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। हादसे से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। प्राप्त समाचार के अनुसार मृतक की पहचान मुन्ना पुत्र रामजतन निवासी सतभरिया महुवा थाना कप्तानगंज जिला कुशीनगर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मुन्ना अपनी स्कूटी नंबर यूपी 57 बी वी 8614 से जा रहे थे, तभी अचानक नियंत्रण खोने पर उनकी स्कूटी सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर ही युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और अधिक रक्तस्राव के चलते उसकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही चौकी इंचार्ज उपनिरीक्षक धर्मेंद्र जैन मय हमराही दल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्कूटी को कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम हेतु जिला अस्पताल महाराजगंज भेज दिया।
इस संबंध में थाना प्रभारी कुंवर गौरव सिंह ने बताया कि परिजनों द्वारा अब तक कोई तहरीर नहीं दी गई है। यदि परिजनों की ओर से प्रार्थना पत्र मिलता है तो अग्रिम विधिक कार्यवाही की जाएगी।

बच्चों ने डांडिया नृत्य कर कार्यक्रम में समा बांधा

बघौचघाट/देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)। पथरदेवा क्षेत्र में दशहरा पर्व के शुभ अवसर पर ग्राम पंचायत बघौचघाट के टोला अहिरौली स्थित एम बी एकेडमी में बच्चों के द्वारा डांडिया कार्यक्रम किया गया। जिसमें बच्चों ने विभिन्न प्रकार की झांकियां और रिकॉर्डिंग कार्यक्रमो के द्वारा दर्शकों मन को मोह लिया।जिसमें विद्यालय के निदेशक विकास राय एवं पूर्व प्रधान कुंवर राय ने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम की शुरुआत की।डांडिया कार्यक्रम में विद्यालय के सभी छात्र व छात्राओं ने अपने अपने ढंग से गरबा डांडिया नृत्य की प्रस्तुति दी। स्कूल के बच्चों ने डांडिया नृत्य करके सबका मन मोह लिया। उपस्थित लोग बच्चों के डांडिया नृत्य कार्यक्रम देख कर भाव विभोर हो गए। स्कूल के सभी क्लास के बच्चों ने अलग–अलग ग्रुप में भी डांडिया नृत्य कर कार्यक्रम में समा बांध दिया।स्कूल के सभी स्टाफ भी गरबा डांडिया कार्यक्रम में भाग लिया और सभी ने सामूहिक रूप से अपनी प्रस्तुति दी। संचालन दिनेश शर्मा एवं अध्यक्षता माहेश्वरी राय ने की ।इस दौरान हरीश शाही,गुड्डू मिश्रा,शंभू राय ,राजा राय,रामायन साहनी,अमित राय ,मुरारी राय, विकास राय,प्रभात राय,आशिक अंसारी, फार्मासिस्ट जावेद,विजय कुमार,श्वेता शर्मा,अशोक कुमार,विनोद कुशवाहा,डॉ आशुतोष कुमार,प्रेमचंद कुशवाहा,नीलेश्वर राय,शशि राय,टुनटुन राय,राहुल पाठक, दिग्विजय कुशवाहा,शशि राय,मुकेश कुशवाहा, विपिन कुशवाहा,प्रवीण कुमार,मनीष यादव, दिनेश विश्वकर्मा,शुभम सिंह,स्वाति शर्मा,निभा शर्मा,अंजली,अमीषा राय,नीतू पंडित,आस्था दुबे,शोएब आदि लोग मौजूद रहे।

घाटकोपर एन वार्ड मनपा की नाक के नीचे आज़ाद नगर में पूरा हुआ अवैध निर्माण

निरीक्षण के बाद भी ठेकेदार सोनू ने पूर्ण किया अवैध निर्माण,
सहायक अभियंता व कनिष्ठ अभियंता बने मूकदर्शक,


मुंबई (राष्ट्र की परम्परा)। बृहन्मुंबई महानगरपालिका के आने वाले कार्यक्षेत्र एन वार्ड अंतर्गत बिट क्र. 129, आज़ाद नगर क्षेत्र में अवैध निर्माण का मामला एक बार फिर सुर्खियों में है। सूत्रों के अनुसार, यहाँ पर सोनू नामक ठेकेदार ने मनपा इमारत व कारखाने विभाग के अभियंताओं की मिलीभगत से अनधिकृत बांधकाम पूरा कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, इस अवैध निर्माण की सूचना मनपा अधिकारियों को दी गई थी। इस विषय में कनिष्ठ अभियंता आकाश वंजारी को भी जानकारी दी गई है। मनपा इमारत व कारखाने विभाग ने 9 अगस्त 2025 को साइट निरीक्षण किया और जवाब दिया कि “आगे की कार्रवाई की जाएगी । लेकिन सूत्रों का कहना है कि निरीक्षण के बावजूद ठेकेदार सोनू ने अधिकारियों की मिलीभगत से अवैध निर्माण का कार्य पूरा कर लिया। स्थानीय शिकायतकर्ता का आरोप है कि मनपा की शिथिलता और अधिकारियों–ठेकेदारों के गठजोड़ के कारण अवैध निर्माण को बढ़ावा मिल रहा है। इससे न केवल मनपा महसूल को नुकसान हुआ है, बल्कि कानून व्यवस्था पर भी प्रश्नचिन्ह लग गया है।
स्थानीय समासेवियो ने मांग की है कि संबंधित ठेकेदार और जिम्मेदार अधिकारियों पर कठोर कार्रवाई की जाए, ताकि एन वार्ड महानगरपालिका में बढ़ते अवैध निर्माणों पर रोक लग सके।

महात्मा गांधी के सपनों का भारत

बनारस रेलवे स्टेशन से शुरू हुआ स्वच्छता अभियान

वाराणसी (राष्ट्र की परम्परा)। भारतीय रेलवे को 01 अक्टूबर से 15 अक्टूबर 2025 तक स्वच्छता पखवाड़ा मनाना है। इस स्वच्छता पखवाड़ा के अंतर्गत सभी कार्यालयों,स्टेशन परिसरों, स्टेशनों, ट्रेनों, यूनिटों, कॉलोनियों, कार्यशालाओं, रखरखाव डिपो, रेलवे अस्पतालों आदि में स्वच्छता में स्पष्ट और स्पष्ट सुधार सुनिश्चित करने के उद्देश्य से किया जा रहा है।
इसी क्रम में दिनांक 01 अक्टूबर,2025 बुधवार को मंडल रेल प्रबंधक,वाराणसी आशीष जैन ने बनारस रेलवे स्टेशन पर कार्यरत कर्मचारियों एवं मंडलीय अधिकारीयों के साथ-साथ सफाई कर्मचारियों को भी को स्वच्छता शपथ दिलाई ।
स्वच्छता शपथ :- “महात्मा गांधी ने भारत का सपना देखा जो न केवल मुक्त बल्कि स्वच्छ और विकसित भारत का भी था। महात्मा गांधी ने भारत माता के लिए आजादी हासिल की। अब देश को साफ और साफ रखकर भारत माता की सेवा करना हमारा कर्तव्य है। मैं यह प्रतिज्ञा लेता हूं कि मैं स्वच्छता के प्रति प्रतिबद्ध रहूंगा और इसके लिए समय समर्पित करूंगा। मैं प्रति वर्ष 100 घंटे, यानी प्रति सप्ताह दो घंटे, स्वच्छता के लिए स्वैच्छिक रूप से काम करूंगा। मैं न तो स्वयं कूड़ा करूँगा और ना ही दूसरों को करने दूंगा। मैं स्वच्छता की पहल स्वयं से, अपने परिवार से, अपने मोहल्ले से, अपने गाँव से और कार्यस्थल से करूँगा। मेरा मानना है कि दुनिया के देश जो साफ दिखते हैं, वे इसलिए हैं क्योंकि उनके नागरिक ना स्वयं कूडा करते हैं, और न ही वे इसे होने की अनुमति देते हैं। इस दृढ़ विश्वास के साथ, मैं गांवों और कस्बों में स्वच्छ भारत मिशन के संदेश का प्रचार करूंगा। मैं आज जो शपथ ले रहा हूँ, उसे लेने के लिए 100 अन्य लोगों को भी प्रोत्साहित करूँगा। मैं उन्हें स्वच्छता के लिए अपने 100 घंटे समर्पित करने के लिए प्रेरित करूँगा। मुझे विश्वास है कि स्वच्छता की दिशा में उठाया गया मेरा हर कदम मेरे देश को स्वच्छ बनाने में सहायक होगा।“
इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक(आप) राजेश कुमार सिंह,अपर मंडल रेल प्रबंधक(इन्फ्रा) अजय सिंह,मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डा आर.जे.चौधुरी, वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक राजेश कुमार,वरिष्ठ मंडल इंजीनियर-2 विनीत कुमार,वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर(Enhm) अभिषेक राय समेत वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे । इस दौरान मंडल रेल प्रबंधक ने बनारस स्टेशन के सेकेण्ड इन्ट्री पर पर्यावरण एवं हाउसकीपिंग प्रबंधन विभाग द्वारा आयोजित स्वच्छता उपकरणों/संसाधनों की प्रदर्शनी का निरीक्षण किया तथा पर्यावरण एवं हाउसकीपिंग विभाग द्वारा रेलवे स्टेशनों और कोचों की साफ-सफाई, पर्यावरण नियमों के पालन करने और रेलवे परिसरों में कचरा प्रबंधन करने जैसे कार्यों में प्रयुक्त होने वाले उपकरणों एवं संसाधनों की जानकारी ली जिससे यात्रियों के लिए एक स्वच्छ और बेहतर माहौल सुनिश्चित किया जा सके ।
इसी क्रम में उन्होंने बनारस स्टेशन के सेकेण्ड इन्ट्री का स्वच्छता निरीक्षण भी किया और सम्बंधित को स्टेशन के अछूते क्षेत्रों में व्यापक साफ-सफाई का दिशा निर्देश दिया । इस दौरान उन्होंने बनारस स्टेशन पर कार्यरत संविदा सफाई कर्मचारियों से सीधा संवाद कर साफ-सफाई के क्षेत्र में होने वाली समस्याओं की जानकारी ली और उन्हें और अधिक निष्ठापूर्वक स्वच्छता के लिए कार्य करने हेतु प्रेरित । इस आयोजन में रेलवे अधिकारी और रेलवे कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इसी क्रम में वाराणसी मंडल के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर रेलवे कर्मचारियों और उनके परिवारों के साथ-साथ सफाई कर्मचारियों को भी स्वच्छता शपथ दिलाई गई । इसके साथ ही सभी रेलवे कर्मचारियों और उनके परिवारों को अपने आवास के आसपास स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए जागरूक करने के उद्देश्य से “स्वच्छ रेल स्वच्छ भारत” नारे के साथ सुबह में स्वच्छ रथ/प्रभात फेरी निकाली गई ।
वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर(Enhm) अभिषेक राय के अनुसार इस स्वच्छता पखवाड़े के दौरान कूड़ा-कचरा विरोधी नियम के तहत कार्रवाई और “प्रदूषणकर्ता भुगतान करे सिद्धांत” के तहत जुर्माना लगाने की कार्रवाई सख्ती से की जाएगी अतः रेल यात्रियों एवं कर्मचारियों से अपील है की स्वच्छता नियमों का पालन करें और रेलवे कार्यलयों,स्टेशन परिसरों,ट्रेनों एवं रेलवे के सार्वजनिक क्षेत्रों में गंदगी न फैलाएं ।

दुनिया स्वार्थ में अंधी होती है

0

जीवन में प्रचंड चक्रवात, तूफान
का आना भी अति आवश्यक है,
तभी हमें पता चलता है कि कौन
हमारा हाथ पकड़ कर चलता है।

दुनिया स्वार्थ में अन्धी होती है,
अक्सर लोग साथ छोड़ जाते हैं,
संस्कारहीनता सामाजिक बुराई,
भौतिक आधुनिकता के धन्धे हैं।

पेड़, पौधे, नदियाँ पूजी जाती हैं,
उनका अनादर अनर्थकारी होता है,
इस अनादर का परिणाम किसी न
किसी को तो भुगतना ही पड़ता है।

अहंकार मन मस्तिष्क में रखकर
कुछ भी प्राप्त नहीं हो सकता है,
समर्पण की श्रद्धांजलि बनाकर
कुछ प्राप्त किया जा सकता है।

शब्द और जीवन व्यवस्थित हों,
तभी अर्थ है, वरना सब व्यर्थ हैं,
आदित्य किसी हार का कोई भी
अर्थ नहीं, हम विजयी जन्मे हैं।

  • डॉ कर्नल आदि शंकर मिश्र
    ‘आदित्य’

राहुल के परिवार के लिए कांग्रेस नेता ने मांगी विशेष सुरक्षा, ओम बिरला को लिखा पत्र

मुंबई (राष्ट्र की परम्परा डेस्क)पूर्व महाराष्ट्र मंत्री नसीम खान ने भाजपा प्रवक्ता प्रिंटो महादेवन द्वारा धमकी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की; सोनिया और प्रियंका गांधी की सुरक्षा पर भी चिंता जताई
महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री और कांग्रेस कार्यसमिति सदस्य नसीम खान ने मंगलवार को नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और गांधी परिवार के अन्य सदस्यों की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।
खान ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को लिखे पत्र में कहा कि भाजपा प्रवक्ता प्रिंटो महादेवन ने कथित रूप से राहुल गांधी को गोली मारने की धमकी दी, जो कि बेहद गंभीर और चिंताजनक है।
कांग्रेस नेता ने धमकी देने वाले प्रवक्ता के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की और कहा कि राहुल गांधी, कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी, तथा वायनाड सांसद प्रियंका गांधी की जान पर गंभीर खतरा है। इस खतरे को देखते हुए उन्हें विशेष सुरक्षा प्रदान की जानी चाहिए।
नसीम खान ने यह भी कहा कि राहुल गांधी ने हमेशा लोकतंत्र, संविधान और आम जनता की सुरक्षा के लिए आवाज़ उठाई है, और उनके खिलाफ इस तरह की धमकी बेहद गंभीर और अस्वीकार्य है।

ये भी पढ़ें –हाईवे पर बड़ा सड़क हादसा, एम्बुलेंस ड्राइवर की मौके पर मौत

ये भी पढ़ें –बिहार में घुसपैठियों पर फिर गरमाई सियासत

देवरिया जनपद को सुखा घोषित करे सरकार- कनकलता सिंह

पिता के सपनो को पूर्ण करना ही मेरा लक्ष्य-कनकलता सिंह

बरहज (राष्ट्र की परम्परा)। बुधवार को पीडब्लू ड़ी डाक बंगले पर समाजवादी पार्टी की पूर्व राज्य सभा सांसद कनकलता सिंह ने एक प्रेस वार्ता मे मिडिया से रूबरू होते हुए कहा कि,बारिश नही होने से धान की फसल खेतों में सूख रही है। किसानों की जमा पूँजी डूबने के नजदीक है। सरकार देवरिया जनपद को सूखा क्षेत्र घोषित करते हुए किसानों को उचित मुआवजा दे । उन्होने कहाकि प्रदेश के मुख्यमंत्री के जनपद से सटा जनपद देवरिया है, लेकिन मुख्यमंत्री ध्यान नही देते है। ग्यारह साल से बरहज स्थित सरयू नदी पर निर्माणाधीन मोहन सिंह सेतु का निमार्ण कार्य पूरा नही हो सका। नदी पर पुल बन जाता तो बरहज के विकास का दक्षिण दरवाजा खुल जाता और लोगों को बलिया, मऊ, गाजीपुर, वाराणसी सहित अन्य जगहो पर आने जाने का रास्ता सुगम हो जाता। उन्होने कहाकि बरहज से सोनूघाट तक सड़क जान लेवा हो गई है, बड़े बड़े गढ़ढे बन गये है। प्रदेश में दूसरी बार भी वीजेपी की सरकार बनी लेकिन विकास के वादे से भटक गई है।
बरहज नगर एक ऐतिहासिक नगर है। यहाँ के लोगों का नाता व्यवसाय से है लेकिन आज तक कृषि मंडी परिषद का निर्माण नही हो सका है।
लोगों को स्वास्थय सुविधा के नाम पर क्षेत्र में बने सीएचसी, पीएचसी की हालत जर्जर है,यहाँ मरीजों के भर्ती करने की कोई व्यवस्था नही है। यह रेफरल अस्पताल बन कर रह गया है।मरीजों के ईलाज एव भर्ती की व्यवस्था होनी चाहिए । राम जानकी मार्ग के गुणवत्तापूर्ण कार्य क़ी धज्जिया उड़ाई जा रही है, न कोई देखने वाला है और ना ही कोई सुनने वाला। रामजान की मार्ग पर ट्रैफिक को देखते हुए फोरलेन बनाया जाय।
तहलील क्षेत्र के पूरब क्षेत्र में स्थित देवरहा बाबा आश्रम का धार्मिक स्थल के रूप में विकास होना चाहिए । भागलपुर में पक्का पुल के क्षतिग्रस्त होने के बाद भारी वाहनों के संचालन मे दिक्क़ते आ रही है इसलिए शीघ्र दुसरे पुल का निमार्ण करा कर आवागमन बहाल किया जाय ताकि राहगीर सुचारु रूपये से आ जा सके। जल जीवन मिशन के तहत गांव में बना रहे टंकियो से पेयजल की आपूर्ति शुरू कराई जाए, कार्य धीमी गति से होने क़ी वजह से पाइप लाइनों का अभी भी कार्य अधूरा है। बरहज विधान सभा क्षेत्र में छात्र / छात्राओं के लिए तकनीकी शिक्षा की कोई व्यवस्था नही है।तकनीकी शिक्षा के लिए पालिटेक्निक कालेज, आईटी आई कालेज की स्थापना हो । भागलपुर पक्के पुल पर लगे गेट वैरीयर के माप के सरकारी मीनी बसों का संचलन शुरू कराया जाय, जिससे यात्रियों को गैर जनपद जाने मे सुविधा हो। साथ ही नये प्रस्तावित फोरलेन पुल का निर्माण शीघ्र शुरू कराया जाय। क्षेत्र क़ी इन सभी समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री से मिलूंगी, और क्षेत्र क़ी सम्मानित जनता की सेवा करने के लिए मै हर समय तैयार हूँ।

अंतर्राष्ट्रीय वरिष्ठ नागरिक दिवस पर सम्मान समारोह आयोजित

संत कबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)। अंतर्राष्ट्रीय वरिष्ठ नागरिक/वृद्ध जन दिवस के अवसर पर कोषागार कार्यालय संत कबीर नगर में वरिष्ठ कोषाधिकारी त्रिभुवन लाल की अध्यक्षता में एक सम्मान समारोह आयोजित किया गया।
इस अवसर पर वरिष्ठ नागरिकों का स्वागत पुष्पमालाओं से एवं मिष्ठान वितरण कर किया गया। वरिष्ठ कोषाधिकारी ने कहा कि वरिष्ठ नागरिक समाज एवं देश की अमूल्य धरोहर हैं, जिन्हें सदैव आदर और सम्मान दिया जाना चाहिए।
कार्यक्रम में कोषागार कार्यालय के समस्त पटल सहायक उपस्थित रहे। पेंशनर संघ के अध्यक्ष सुभाष यादव सहित दयाराम त्रिपाठी, राम जियावन, इनामुल्लाह कुरैशी तथा अन्य वरिष्ठ नागरिक व पेंशनर्स ने भी समारोह में सहभागिता की।

जहरीला पदार्थ खाने से युवक की हालत गंभीर

बरहज/देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)। बुधवार को अपराह्न एक युवक जहरीला पदार्थ खा लिया, जिससे उसकी हालत बिगड़ने लगी, हालत बिगड़ देख आनन फानन मे परिजनो ने इलाज के लिए सीएचसी पहुंचाया जहां पर चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार कर महर्षि देवराहा बाबा मेडिकल कॉलेज देवरिया रेफर कर दिया।
थाना क्षेत्र के कस्बा जयनगर निवासी वीरू सोनकर 18 पुत्र स्वर्गीय केदार सोनकर ने जहरीला पदार्थ खा लिया जिससे उसकी हालत बिगड़ गई, प्राथमिक उपचार कर डाक्टरों ने महर्षि देवरहवा बाबा मेडिकल कालेज रेफर कर दिया।

हाईवे पर बड़ा सड़क हादसा, एम्बुलेंस ड्राइवर की मौके पर मौत

अमेठी (राष्ट्र की परम्परा डेस्क) उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में मंगलवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ। प्रयागराज-अयोध्या राष्ट्रीय राजमार्ग पर पीपरपुर रेलवे स्टेशन मोड़ के पास तेज रफ्तार रोडवेज बस ने एम्बुलेंस को टक्कर मार दी। हादसे में एम्बुलेंस चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य शख्स गंभीर रूप से घायल हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बहराइच डिपो की बस प्रयागराज से अयोध्या की ओर जा रही थी। तभी मोड़ पर मुख्य मार्ग पर चढ़ रही एम्बुलेंस को बस ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एम्बुलेंस ड्राइवर इजहार (30 वर्ष, निवासी मुंबई) की मौके पर ही जान चली गई। वहीं, एम्बुलेंस में मौजूद अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे सुलतानपुर जिला अस्पताल रेफर किया गया है।पुलिस सूत्रों के मुताबिक हादसे के समय बस पर सवार सभी यात्री सुरक्षित रहे। थाना प्रभारी पीपरपुर रामराज कुशवाहा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

इसे भी पढ़ें –“बेंगलुरु में कंजेशन टैक्स का सवाल ही नहीं, अफवाहों पर विराम: उपमुख्यमंत्री का बड़ा बयान