Deoria News: देवरिया जिले के बनकटा थाना क्षेत्र में एक युवती का अश्लील वीडियो वायरल करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने थाने में तहरीर देकर चार लोगों पर बेटी का अश्लील वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने का आरोप लगाया है। पीड़िता के पिता ने बताया कि 25 अक्तूबर को आरोपियों ने उनके बेटे को जंजीरहा के पास बुलाकर सुनियोजित साजिश के तहत पिटाई की। जब उन्होंने पुलिस से शिकायत की, तो आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी। बनकटा थानाध्यक्ष गोरखनाथ सरोज ने बताया कि तहरीर प्राप्त हुई है और मामले की जांच की जा रही है।
Deoria News: देवरिया जिले के बनकटा थाना क्षेत्र के भठवा पांडे गांव में लेखपाल पर रिश्वत मांगने और अभद्र व्यवहार करने का गंभीर आरोप लगा है। गांव निवासी विजय कुमार तिवारी ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनके निजी रास्ते और सरकारी चक मार्ग पर कुछ लोगों ने अतिक्रमण कर लिया है। इस संबंध में उन्होंने कई बार अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई।
विजय तिवारी का आरोप है कि मामले की जांच के दौरान लेखपाल प्रधान के घर पहुंचे और अतिक्रमण हटवाने के लिए रिश्वत की मांग की। विरोध करने पर लेखपाल ने अभद्र भाषा का प्रयोग किया। इस मामले में एसओ गोरखनाथ सरोज ने बताया कि शिकायत मिली है, मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।
Bihar Elections 2025 : बिहार विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान एक बड़ा विवाद सामने आया है। उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के बेल्थरारोड विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी के पूर्व विधायक धनंजय कन्नौजिया को बिहार में बीयर के साथ गिरफ्तार किया गया। घटना 24 अक्टूबर 2025 को पश्चिम चंपारण जिले के नौतन थाना क्षेत्र के मंगलपुर बांध बरियारपुर चेकपोस्ट पर हुई।
एसएसबी (SSB) टीम ने चुनावी निगरानी के तहत गाड़ियों की जांच करते हुए किआ सेल्टोस (UP 60 BF 7173) कार को रोका। तलाशी में गाड़ी के डिग्गी में रखे ट्रॉली बैग से तीन केन अंग्रेजी बियर (बडवाइजर लेगर 500 एमएल, बैच नंबर 7427) बरामद हुए। पूर्व विधायक धनंजय कन्नौजिया और उनके ड्राइवर दिलीप सिंह को गिरफ्तार कर गाड़ी और शराब जब्त कर लिया गया।
सूत्रों के अनुसार, धनंजय कन्नौजिया बिहार में बीजेपी प्रत्याशियों के समर्थन में प्रचार करने आए थे। बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू है, जिसके तहत शराब की खरीद, बिक्री और परिवहन सख्त वर्जित है। मामले की जानकारी मिलते ही प्रशासन और पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
इस घटना के बाद विपक्षी दलों ने बीजेपी पर चुनावी आचार संहिता और शराबबंदी कानून का उल्लंघन करने का आरोप लगाया। वहीं, बीजेपी की ओर से अभी तक इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
मामला चुनावी माहौल में बीजेपी के लिए असहज स्थिति पैदा कर रहा है और जांच एजेंसियां मामले की तहकीकात में जुटी हैं।
बलिया (राष्ट्र की परम्परा)। सिकन्दरपुर क्षेत्र के मिर्जापुर पुल के पास दीपावली की रात दो भाइयों पर हुए हमले से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। करमौता निवासी प्रकाश राय के अनुसार, उनके भाई अमित राय (22) और हर्षित राय (21) 20 अक्टूबर की रात करीब 11 बजे राय मेडिकल स्टोर, सिकन्दरपुर से दवा लेकर लौट रहे थे।
इसी दौरान मिर्जापुर मोड़ के पास पहले से घात लगाए बैठे हमलावरों ने चारपहिया वाहन से उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी और फिर लाठी-डंडा तथा फरसा से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हमले में अमित राय के सिर पर फरसे से वार किया गया, जिससे वे अचेत होकर गिर पड़े, जबकि हर्षित राय का हाथ टूट गया।
ग्रामीणों की मदद से दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिकन्दरपुर ले जाया गया, जहाँ से अमित राय को गंभीर स्थिति में वाराणसी के अपेक्स अस्पताल और हर्षित राय को जिला अस्पताल बलिया रेफर किया गया।
पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने 11 नामजद व 6 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि सभी आरोपियों की पहचान कर ली गई है और गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
इस घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत और आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।
सलेमपुर/देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)। शहर के मुख्य बाजार में रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब कुछ युवकों ने एक युवक को मोबाइल चोरी के शक में बीच सड़क पर पीटना शुरू कर दिया। भीड़भाड़ वाले गांधी चौक के समीप यह घटना घटित हुई, जिससे वहां मौजूद लोग स्तब्ध रह गए।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मॉल गोदाम के पास एक युवक पर मोबाइल चोरी का आरोप लगाते हुए कुछ लोग उसे पकड़कर लगातार मारपीट करते हुए कोतवाली की ओर ले गए।
इस घटना और वीडियो को पुष्टि राष्ट्र की परम्परा नहीं करता है ।
आरोपी युवक की पहचान आदित्य के रूप में हुई है। उसने मौके पर ही बताया कि उसे झूठे शक के आधार पर पीटा जा रहा है।मारपीट की यह पूरी घटना बाजार में बड़ा आकर्षण बन गई। राहगीर व दुकानदार तमाशबीन की तरह सब देखते रहे, लेकिन बीच-बचाव के लिए कोई आगे नहीं आया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
सभासद ने खुद तोड़वाए ढक्कन, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल — जांच की उठी मांग
महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की छावनी कहे जाने वाला चौक नगर पंचायत में रविवार को घटिया निर्माण कार्य को लेकर हंगामा मच गया। वार्ड नंबर 12, विवेकानंद नगर में बन रही नाली की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए लोगों ने ठेकेदार पर घटिया सामग्री प्रयोग का आरोप लगाया। स्थानीय नागरिकों के अनुसार, नाली निर्माण में सीमेंट की मात्रा बेहद कम और मिट्टी की मिलावट की गई थी, जिससे निर्माण कमजोर और अस्थायी साबित हो रहा है। मौके पर पहुंचे वार्ड के सभासद आशीष सहानी ने खुद नाली के ढक्कन तोड़कर निर्माण की हकीकत उजागर की। सभासद ने बताया कि कई दिनों से शिकायतें मिल रही थीं कि नाली का निर्माण मानक के अनुरूप नहीं है। मैंने ठेकेदार को कई बार चेतावनी दी, लेकिन उसने अनदेखी की। जनता मुझसे जवाब मांग रही थी, इसलिए मुझे खुद जांच करनी पड़ी। मामले की जानकारी अधिशासी अधिकारी ओमप्रकाश यादव को भी दी गई है और सभासद ने तत्काल जांच की मांग की है। हालांकि, जब इस विषय पर ईओ से संपर्क करने की कोशिश की गई, तो उन्होंने फोन नहीं उठाया।इस बीच सभासद द्वारा नाली के ढक्कन तोड़ने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है। वीडियो में घटिया निर्माण स्पष्ट दिख रहा है, जिसे लोग भ्रष्टाचार का खुला प्रमाण बता रहे हैं। स्थानीय निवासियों राजेश,अजीत, सीमा देवी सहित अन्य लोगों ने आरोप लगाया कि नगर पंचायत में विकास कार्यों की गुणवत्ता लगातार गिर रही है और अधिकारी शिकायतों पर ध्यान नहीं देते। लोगों ने जिलाधिकारी महराजगंज से मांग की है कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषी ठेकेदारों और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। जनता का कहना है कि मुख्यमंत्री के छावनी में इस तरह की लापरवाही न केवल विकास कार्यों की सच्चाई उजागर करती है, बल्कि यह सवाल भी उठाती है कि आख़िर भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई कब होगी?
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच वनडे सीरीज के समापन के बाद टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा ने सिडनी से एक इमोशनल पोस्ट साझा किया, जिसने सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी है। सिडनी वनडे में रोहित शर्मा ने नाबाद 121 रनों की शानदार पारी खेलकर भारत को 9 विकेट से जीत दिलाई थी। उन्होंने विराट कोहली के साथ मिलकर 168 रनों की यादगार साझेदारी भी की।
मैच के बाद रोहित ने सिडनी एयरपोर्ट से एक तस्वीर साझा की, जिसमें वह बैग लटकाए नजर आ रहे हैं। तस्वीर के साथ उन्होंने लिखा, “एक आखिरी बार, सिडनी को अलविदा।” इस कैप्शन ने फैंस के बीच रिटायरमेंट की अटकलों को और तेज कर दिया है।
सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले रोहित शर्मा ने तीन मैचों में कुल 202 रन बनाए। पर्थ में उन्होंने 8 रन बनाए थे, जबकि एडिलेड में 73 और सिडनी में नाबाद 121 रन की पारी खेली।
ऑस्ट्रेलिया में रोहित का रिकॉर्ड बेहद शानदार रहा है। उन्होंने वहां 33 वनडे मैचों में 56.67 की औसत से 1530 रन बनाए हैं, जिसमें 9 शतक शामिल हैं। यह किसी भी भारतीय बल्लेबाज का ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सर्वश्रेष्ठ रिकॉर्ड है।
मैच के बाद रोहित ने कहा, “मुझे ऑस्ट्रेलिया में खेलना हमेशा पसंद रहा है। शायद बतौर क्रिकेटर यह मेरा आखिरी दौरा हो।” उनके इस बयान और सोशल मीडिया पोस्ट ने उनके संन्यास की अटकलों को और हवा दे दी है।
देवरिया (राष्ट्र की परम्परा डेस्क)। संत विनोबा महाविद्यालय में शिक्षा और संवेदनशीलता की प्रतीक रही हिन्दी विभाग की पूर्व आचार्या एवं अध्यक्ष मंशा जी के आकस्मिक निधन की खबर से शैक्षणिक जगत शोकाकुल है। अपने विनम्र स्वभाव और मानवीय संवेदनाओं से उन्होंने शिक्षा को जीवनमूल्यों से जोड़ने का अद्भुत उदाहरण प्रस्तुत किया था।
मंशा जी ने अपने लंबे शिक्षकीय कार्यकाल में हजारों विद्यार्थियों के जीवन को ज्ञान, संस्कार और प्रेरणा से आलोकित किया। शिक्षण के प्रति उनका समर्पण और विद्यार्थियों के प्रति स्नेह ने उन्हें न केवल महाविद्यालय परिवार का बल्कि पूरे क्षेत्र के शैक्षिक समाज का आदर्श बना दिया था।
उनके निधन से महाविद्यालय परिसर में गहरा सन्नाटा पसर गया है। सहकर्मियों और छात्रों ने कहा कि मंशा जी का जाना एक ऐसी अपूरणीय क्षति है, जिसकी भरपाई कभी नहीं हो सकेगी।
महाविद्यालय परिवार ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। मंशा जी का योगदान और उनकी शिक्षाएँ सदैव स्मरणीय रहेंगी तथा उनके विचार शिक्षा के पथ को सदैव आलोकित करते रहेंगे।
IN-SPACe Competition 2024-25 में जुटे देशभर के युवा वैज्ञानिक, ISRO और ASI के विशेषज्ञों ने दी तकनीकी स्वीकृति
कुशीनगर (राष्ट्र की परम्परा डेस्क)। देवरिया लोकसभा क्षेत्र के तमकुहीराज में रविवार से शुरू हुआ राष्ट्रीय इन-स्पेस मॉडल रॉकेट्री/कैनसैट इंडिया स्टूडेंट कंप्टीशन 2024-25 अब अपने निर्णायक चरण में है। सोमवार सुबह 7 बजे नारायणी प्रक्षेपण स्थल से 10 कैनसैट मॉडल लॉन्च किए जाएंगे। देश के 47 कॉलेजों से आए 600 युवा वैज्ञानिक और 120 वरिष्ठ वैज्ञानिक इस ऐतिहासिक लॉन्च के साक्षी बनेंगे।
इसरो (ISRO), इन-स्पेस और Astronautical Society of India (ASI) के विशेषज्ञों की जूरी पैनल ने रविवार को सभी टीमों के रॉकेट और कैनसैट मॉडलों की तकनीकी समीक्षा पूरी कर दी। एवियोनिक्स, लॉन्च व्हीकल स्ट्रक्चर और स्थिरता जैसे जटिल पहलुओं पर समीक्षा के बाद सभी लॉन्च को “ग्रीन सिग्नल” मिल गया है। 🔹 प्रशासनिक अमला पूरी तरह अलर्ट लोकसभा क्षेत्र देवरिया के सांसद शशांक मणि, मुख्य विकास अधिकारी गुंजन द्विवेदी, एसडीएम और सीओ सहित पूरे प्रशासनिक अमले ने लॉन्च साइट का निरीक्षण किया। सांसद ने कहा— “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में देवरिया लोकसभा अब नई उड़ान भरने को तैयार है। यह आयोजन युवाओं में अंतरिक्ष विज्ञान की चेतना जगाने वाला है।”
🔹 विज्ञान के संग संस्कृति और रोमांच आयोजन सिर्फ विज्ञान तक सीमित नहीं रहेगा। प्रतिभागियों के लिए बुद्ध महापरिनिर्वाण स्थल कुशीनगर का भ्रमण, गौरी इंटर कॉलेज में पैराग्लाइडिंग, बांसी नदी में बोटिंग और घुड़सवारी जैसी गतिविधियों का आयोजन किया गया है, ताकि युवा वैज्ञानिकों को पूर्वांचल की संस्कृति, अध्यात्म और प्राकृतिक सौंदर्य का भी अनुभव मिल सके। यह आयोजन कुशीनगर और देवरिया को देश के अंतरिक्ष शिक्षा मानचित्र पर स्थापित करने की दिशा में एक बड़ा कदम है। आने वाले चार दिनों तक यहां विज्ञान और नवाचार का महाकुंभ सजेगा। 🛰️ मुख्य बिंदु (Highlights): सोमवार सुबह 7 बजे लॉन्च होंगे 10 कैनसैट 47 कॉलेजों के 600 युवा वैज्ञानिक और 120 वरिष्ठ वैज्ञानिक शामिल ISRO, IN-SPACe और ASI विशेषज्ञों की निगरानी में लॉन्च प्रक्रिया सांसद शशांक मणि व CDO गुंजन द्विवेदी ने लिया तैयारियों का जायजा एडवेंचर गतिविधियों और सांस्कृतिक भ्रमण का विशेष आयोजन
Delhi News: दिल्ली में एक बार फिर सनसनीखेज एसिड अटैक का मामला सामने आया है। नॉर्थ वेस्ट दिल्ली स्थित लक्ष्मीबाई कॉलेज की सेकंड ईयर की छात्रा पर तीन युवकों ने तेजाब फेंक दिया। सौभाग्य से छात्रा ने अपना चेहरा बचा लिया, लेकिन उसके दोनों हाथ गंभीर रूप से झुलस गए।
जानकारी के मुताबिक, रविवार (26 अक्टूबर) को छात्रा एक्स्ट्रा क्लास के लिए कॉलेज जा रही थी। इसी दौरान मुकुंदपुर निवासी जितेंद्र अपने साथियों ईशान और अरमान के साथ बाइक पर पहुंचा। आरोप है कि ईशान ने अरमान को बोतल दी और अरमान ने छात्रा पर एसिड फेंक दिया।
पीड़िता ने बताया कि जितेंद्र उसका पीछा करता था और करीब एक महीने पहले दोनों के बीच तीखी बहस हुई थी। इस घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल छात्रा को दीपचंद बंधु अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि पुलिस ने एफएसएल टीम के साथ मौके की जांच कर मामला दर्ज कर लिया है।
दिल्ली पुलिस ने बताया कि आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है और पीड़िता के बयान के आधार पर भारतीय दंड संहिता की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। सोहगीबरवा वन्यजीव प्रभाग के अंतर्गत आने वाले लक्ष्मीपुर रेंज में भ्रष्टाचार और वन माफियाओं से मिलीभगत के गंभीर आरोपों ने विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्राम कोट कम्हरियां निवासी शरीफ खान पुत्र मुनीब ने मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल (संदर्भ संख्या — 40018725023783) पर दर्ज कराई शिकायत में आरोप लगाया है कि आंचलगढ़ बीट में तैनात वन दरोगा प्रेमलाल यादव, जिनकी सेवा निवृत्ति इसी वर्ष होने वाली है, बीट क्षेत्र में न जाकर अपने निजी आवास से ही कार्य कर रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि दरोगा का जंगल में शायद ही कोई भ्रमण होता हो, जिसके चलते साखू और सागौन जैसे कीमती वृक्षों की अवैध कटाई धड़ल्ले से जारी है। आरोप है कि संबंधित वन दरोगा की आरा मशीन संचालकों से नियमित बैठकें होती हैं और उनके संरक्षण में जंगल की लकड़ी ट्रैक्टरों से मशीनों तक पहुंचाई जाती है, जहां इसे काटकर अवैध रूप से बेचा जाता है।
शिकायतकर्ता ने मुख्यमंत्री को भेजे गए आवेदन में कहा है कि वन दरोगा की मिलीभगत और भ्रष्टाचार के कारण जंगल बर्बाद हो रहे हैं और वन्यजीवों का अस्तित्व खतरे में पड़ गया है। उनका कहना है कि जब तक ऐसे अधिकारी विभाग में बने रहेंगे, तब तक वन संरक्षण की उम्मीद करना व्यर्थ है।
विभागीय सूत्रों के अनुसार, यह मामला पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के अंतर्गत दर्ज किया गया है। सूचना उच्चाधिकारियों तक पहुंच चुकी है और शीघ्र जांच प्रक्रिया शुरू की जा सकती है।
बरहज/देवरिया(राष्ट्र की परम्परा)l पूर्व राज्य सभा सांसद कनक लता सिंह ने सपा कार्यकर्ताओ के साथ गौरा घाट का निरिक्षण किया। उन्होंने घाट की साफ सफाई के साथ सुरक्षा पर नगरपालिका प्रशासन से बात कर जल्द पूरा करने की बात कही। रविवार को समाजवादी पार्टी की पूर्व राज्य सभा सांसद कनक लता सिंह ने सपा कार्यकर्ताओ के साथ गौरा घाट का निरिक्षण कर घाट की साफ सफाई व सुरक्षा को लेकर नगरपालिका परिषद गौरा बरहज की अधिशासी अधिकारी निरुपमा प्रताप से बात की, जिस पर निरुपमा प्रताप ने आस्वस्थ करते हुए गौरा घाट की खामियों को दूर करने की बात कही। इस लोक आस्था के पावन पर्व पर छठी मैया से प्रार्थना कर समस्त जनपद वासियो के लिए सुःख समृद्धि की कामना की। पूर्व सांसद ने कहा कि छठ मईया सभी श्रद्धालुओं के दुःख दूर कर देती है। यह आस्था व श्रद्धा का पर्व है। इसी दौरान कनक लता सिंह ने मोहन सेतु का निरिक्षण किया। निरिक्षण के दौरान नदी पार से आने जाने वालों ने पूर्व सांसद से अपनी व्यथा सुनाई, लोगो ने कहा कि हम सभी नदी पार वासी जान जोखिम मे डालकर बरहज आते है, लेकिन वर्षो से बन रहा मोहन सेतु आज तक पूर्ण नहीं हुआ। इस पर पूर्व सांसद ने लोगो को आस्वस्थ करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार के आने पर मैं अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से पूर्ण कराकर आप लोगो की एवं क्षेत्र के विकास के द्वारा को खोलने का कार्य करूंगी। उन्होंने कहा की मोहन सेतु के लिए पैसा आया लेकिन यह भ्र्ष्टाचार की भेट चढ़ गया। उन्होंने कहा कि मोहन सेतु जनहित के लिए अतिआवश्यक है, ताकि लोगो को खतरे से छुटकारा मील सके।
संत कबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की जिला कार्यकारिणी की प्रत्यक्ष बैठक रविवार को संघ कार्यालय सुदामा आश्रम पर आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला कार्यवाह सौरभ जी ने की। बैठक में जिला प्रचारक धीरज जी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि शताब्दी वर्ष के पावन अवसर पर पंच परिवर्तन को ध्यान में रखते हुए विजयादशमी उत्सव बड़े उत्साह के साथ मनाया गया है। प्रांत द्वारा दिए गए लक्ष्यों को पूर्ण किया गया है, लेकिन हमें यहीं रुकना नहीं है। यह हम सबके लिए गर्व की बात है कि हम दुनिया के सबसे बड़े संगठन के कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा कि अब हम सभी को समाज में जाकर “ गृह संपर्क अभियान ” को सफल बनाना है। यह महाअभियान जिले में 5 नवंबर से 30 नवंबर तक चलेगा। अभियान का नारा होगा, “ घर-घर संपर्क, हर घर संपर्क ”। इस दौरान कार्यकर्ता प्रत्येक घर तक जाकर संघ के इतिहास और शताब्दी वर्ष के उद्देश्यों की जानकारी देंगे। घरों में पत्रक, भारत माता का चित्र, स्टीकर और पुस्तक भी भेंट की जाएगी। इसके लिए मंडलों और ग्राम स्तर तक टोलियां बनाई जाएंगी, जो अभियान को पूर्ण करने में सहायक होंगी। धीरज जी ने आगे बताया कि अभियान के पश्चात संगठन का लक्ष्य प्रत्येक मंडल में हिंदू सम्मेलन, खंड स्तर पर सामाजिक सद्भाव कार्यक्रम और तहसील स्तर पर प्रबुद्ध जन संवाद गोष्ठी आयोजित करने का है। बैठक के समापन पर वितरित पुस्तिका और पत्रक का विमोचन किया गया। इस अवसर पर सह प्रांत सेवा प्रमुख नित्यानंद, जिला कार्यवाह रामनाथ, जिला प्रचार प्रमुख दिग्विजयनाथ, सभी खंड कार्यवाह, खंड कार्यकारिणी सदस्य और जिला कार्यकारिणी के दायित्वधारी कार्यकर्ता सक्रिय रूप से उपस्थित रहे।
भागलपुर /देवरिया(राष्ट्र की परम्परा ) छठ महापर्व को लेकर रविवार को भागलपुर व आसपास के गांवों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। चौक-चौराहों, बाजारों और गलियों में सुबह से ही भीड़ उमड़ पड़ी। सब्जी, फल और मिठाई की दुकानों पर खरीदारों की लंबी कतारें लगी रहीं। दुकानदारों ने अपनी दुकानों को आकर्षक ढंग से सजाया, जिससे पूरा बाजार त्योहारी रंग में डूब गया। प्रशासनिक स्तर पर भी कड़ी निगरानी की गई। पुलिस बल लगातार गश्त कर रही है ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो। घाटों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखी गई है। छठ पर्व को लेकर लोगों में गहरी श्रद्धा और आस्था झलक रही है। *इस अवसर पर समाजसेवी सोनू साहनी ने कहा, “छठ पर्व डूबते सूर्य की उपासना का पर्व है। यह पर्व न केवल बिहार और उत्तर प्रदेश में बल्कि विश्वभर में बसे भारतीयों द्वारा श्रद्धा और समर्पण के साथ मनाया जाता है। यह हमें प्रकृति से जोड़ता है और एक अद्भुत अनुभूति प्रदान करता है।” “छठ महापर्व प्रकृति की पूजा का प्रतीक है। यह पर्व हमें प्रकृति से प्रेम और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देता है। जब लोगों की मनोकामनाएं पूरी होती हैं, तो वे इस पर्व को और अधिक हर्षोल्लास से मनाते हैं: गजेन्द्र मौर्य *छठ पूजा की यह रौनक न केवल आस्था की गहराई को दर्शाती है, बल्कि सामाजिक एकता और स्वच्छता के प्रति लोगों की बढ़ती जागरूकता का भी प्रतीक बन गई है: रमाशंकर साहनी भागलपुर, बलिया और देवरिया के तकिया घाटों को दीपों और रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया गया है। ग्राम प्रधानों और समाजसेवियों ने मिलकर गांवों में सफाई अभियान चलाया और लाइट व्यवस्था को दिवाली जैसा सुंदर रूप दिया। घाटों पर श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, सुरक्षा व आराम की विशेष व्यवस्था की गई है।
स्व. जगदीश सिंह पहलवान की स्मृति में हर वर्ष की भांति इस बार भी बलिया-बक्सर तिराहे के पास भव्य चेतक प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश और बिहार के दर्जनों घोड़ों ने भाग लिया, जिससे पूरा क्षेत्र घोड़ों की रफ्तार और जोश से गूंज उठा। इस प्रतियोगिता में किन्नर रुबी (जनपद कुशीनगर) के घोड़ों ने शानदार प्रदर्शन कर सभी का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। प्रतियोगिता का पहला चक्र छोटे घोड़ों (छक्कड़ी) की दौड़ से शुरू हुआ, जिसमें रुबी किन्नर का घोड़ा प्रथम स्थान पर रहा। द्वितीय स्थान बिट्टू यादव (भोजपुर, बिहार) के घोड़े ने प्राप्त किया, जबकि तृतीय स्थान विशाल यादव (चंदौली) के घोड़े को मिला। इसके बाद दो दांत वाले घोड़ों की रेस हुई, जिसमें अजय सिंह (बक्सर) का घोड़ा प्रथम, रुबी किन्नर का द्वितीय तथा शिवम राय (नरही, बलिया) का घोड़ा तृतीय स्थान पर रहा। अंत में सबसे रोमांचक पट्ठा घोड़ों की दौड़ हुई। इसमें रुबी किन्नर (कुशीनगर) का घोड़ा एक बार फिर अपनी गति और शक्ति से सबको पछाड़ते हुए प्रथम स्थान पर रहा। अजय सिंह (बक्सर) का घोड़ा द्वितीय, रणजीत सिंह (बलिया) का तृतीय तथा अजय सिंह (बक्सर) का एक अन्य घोड़ा चतुर्थ स्थान पर रहा। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि सांसद नीरज शेखर की पत्नी शुभा शेखर रहीं। उन्होंने विजेताओं को पुरस्कार स्वरूप फ्रीज, वाशिंग मशीन और वाटर कूलर भेंट कर सम्मानित किया। आयोजन समिति के सदस्य विवेक सिंह और आशीष सिंह, जो स्व. जगदीश सिंह पहलवान के पौत्र हैं, ने अतिथियों का स्वागत अंगवस्त्र व स्मृति चिन्ह देकर किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान दर्शकों में भारी उत्साह और रोमांच देखने को मिला।