जालंधर में चोरी, देवरिया में गिरफ्तारी; दुर्लभ सिक्के और राडो घड़ी समेत लाखों का माल बरामद
अनूप तिवारी की रिपोर्ट
देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)। ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों पर अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत देवरिया सदर रेलवे स्टेशन पर जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने अंतरराज्यीय चोरी गिरोह के दो शातिर सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लगभग आठ लाख रुपये मूल्य का चोरी का माल बरामद किया है। बरामद सामान में ब्रिटिश काल के दुर्लभ चांदी के सिक्के, प्राचीन मूर्तियां, चांदी के आभूषण, बर्तन, महंगी ब्रांडेड घड़ियां और नकदी शामिल है।
पुलिस के अनुसार राजकीय रेलवे पुलिस अनुभाग गोरखपुर के निर्देश पर देवरिया सदर रेलवे स्टेशन पर संदिग्ध व्यक्तियों की सघन जांच की जा रही थी। इसी दौरान प्लेटफॉर्म नंबर एक के पश्चिमी छोर पर दो युवक पुलिस टीम को देखकर बचने का प्रयास करने लगे। संदेह होने पर जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने दोनों को घेरकर हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उनके बैग से बड़ी मात्रा में कीमती सामान बरामद हुआ, जिसके संबंध में वे कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिहार के समस्तीपुर जनपद के थाना पूसा क्षेत्र के हरपुर मुहम्दा निवासी 28 वर्षीय रवि कुमार और 20 वर्षीय सरमन पासवान के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि उन्होंने अपने साथी छोटू पासवान के साथ मिलकर पंजाब के जालंधर जिले में एक बंद मकान में चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। चोरी के बाद तीनों ने सामान आपस में बांट लिया और ट्रेन से बिहार लौट रहे थे।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि देवरिया स्टेशन पर खाने-पीने का सामान लेने के लिए वे ट्रेन से नीचे उतरे थे। इसी दौरान उनकी ट्रेन छूट गई। दूसरी ट्रेन का इंतजार करते समय उनकी गतिविधियां पुलिस को संदिग्ध लगीं और जांच में पूरा मामला खुल गया। उनका तीसरा साथी छोटू पासवान पहले ही दूसरी ट्रेन से अपने हिस्से का सामान लेकर निकल चुका था, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
बरामद सामान में राडो कंपनी की एक कीमती घड़ी, मेडिसि ब्रांड की दो घड़ियां, भगवान हनुमान, नटराज और राधा-कृष्ण की प्राचीन मूर्तियां, लक्ष्मी-गणेश अंकित चांदी के सिक्के, ब्रिटिश शासनकाल के चार दुर्लभ चांदी के सिक्के, आठ जोड़ी चांदी की पायल, चार चांदी के कड़े, चांदी का कलश, गिलास, थाली तथा 89,569 रुपये नकद शामिल हैं। इसके अलावा पुराने समय के 10, 20, 25 और 50 पैसे के बड़ी संख्या में सिक्के भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस उपाधीक्षक रेलवे सविरत्न गौतम ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आरोपी पेशेवर चोरी गिरोह के सदस्य प्रतीत हो रहे हैं, जो विभिन्न राज्यों में बंद मकानों की रेकी कर चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। बरामद ऐतिहासिक और प्राचीन वस्तुओं का विधिक एवं तकनीकी मूल्यांकन कराया जा रहा है। साथ ही पंजाब पुलिस से भी संपर्क कर संबंधित मामलों की जानकारी साझा की जा रही है।
इस कार्रवाई में उत्कृष्ट कार्य करने वाली जीआरपी और आरपीएफ टीम को पुलिस अधीक्षक रेलवे लक्ष्मी निवास मिश्र ने दो हजार रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की है।
जीआरपी थाना देवरिया में आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। फरार आरोपी छोटू पासवान की तलाश जारी है और पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
