Wednesday, July 1, 2026
Home Blog Page 488

सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर जिले में ‘यूनिटी मार्च’ का भव्य आयोजन

संत कबीर नगर(राष्ट्र की परम्परा)। देश की एकता और अखंडता के प्रतीक सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर संत कबीर नगर में सरदार 150@यूनिटी मार्च का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम मेरा युवा भारत (युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार) के बैनर तले आयोजित हुआ। इस अवसर पर पूर्व सांसद अष्टभुजा शुक्ला और विधायक मेहदावल अनिल कुमार त्रिपाठी की उपस्थिति से कार्यक्रम और अधिक गरिमामय हो गया।

“चलो एकता की ओर, बढ़ो राष्ट्र उत्थान की ओर” के उद्घोष के साथ यह पदयात्रा मेहदावल बस स्टैंड से शुरू हुई और बेनी माधव इंटर कॉलेज, बखिरा तक पहुंची, जहां बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों ने एक भारत, श्रेष्ठ भारत का नारा एक स्वर में बुलंद किया।

मुख्य अतिथि पूर्व सांसद अष्टभुजा शुक्ला ने सरदार पटेल के चित्र पर पुष्प अर्पित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने जिस अखंड भारत की नींव रखी, उसका संरक्षण और सशक्तिकरण हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने नागरिकों, विद्यार्थियों और युवाओं को राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता की शपथ भी दिलाई। उन्होंने कहा कि समाज जब संगठित होता है तभी देश का विकास संभव होता है।

विधायक मेहदावल अनिल त्रिपाठी ने अपने संबोधन में कहा कि यह पदयात्रा लौह पुरुष सरदार पटेल के अदम्य साहस और संगठन कौशल का सम्मान है। उन्होंने कहा कि पटेल की दूरदर्शिता ने देश के विभिन्न हिस्सों को एक सूत्र में बांधा। युवा पीढ़ी को उनके आदर्शों को अपनाकर राष्ट्र निर्माण और भारत को आत्मनिर्भर बनाने में योगदान देना चाहिए।

महराजगंज महोत्सव में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों का सम्मान, प्रधानाध्यापक ने मेडल पहनाकर बढ़ाया उत्साह

महराजगंज(राष्ट्र की परम्परा)। सिसवा क्षेत्र के कंपोजिट विद्यालय बरवा विद्यापति में एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें महराजगंज महोत्सव के सांस्कृतिक कार्यक्रमों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। प्रधानाध्यापक रामचंद्र कन्नौजिया ने बच्चों को मेडल पहनाकर उनके मनोबल को और बुलंद किया।
महोत्सव के सांस्कृतिक मंच पर विद्यालय के बच्चों ने नृत्य, गीत, लोक- संस्कृति और मंचीय प्रस्तुतियों में अपनी रचनात्मक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया था। विद्यालय में आयोजित सम्मान समारोह में बच्चों की खुशी देखते ही बनती थी। बच्चों के परिश्रम और प्रस्तुति की गुणवत्ता को देखकर अभिभावक और शिक्षक भी उत्साहित नजर आए।
प्रधानाध्यापक ने अपने संबोधन में कहा कि विद्यालय के बच्चे लगातार पढ़ाई के साथ-साथ सांस्कृतिक व सह-शैक्षणिक गतिविधियों में हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। ये बच्चे भविष्य में समाज और देश का नाम रोशन करेंगे। इनके सर्वांगीण विकास के लिए विद्यालय परिवार निरंतर कार्य कर रहा है।
उन्होंने यह भी कहा कि शिक्षा केवल पुस्तकों तक सीमित नहीं है, बल्कि बच्चों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और रचनात्मक सोच विकसित करना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने कार्यक्रम की सफलता में शिक्षकों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों की प्रतिभा निखारने में शिक्षकों का परिश्रम और मार्गदर्शन अत्यंत महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम में शामिल अभिभावकों ने विद्यालय के इस पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे सम्मान समारोह बच्चों को और अधिक प्रोत्साहित करते हैं,और उनके अंदर आत्मविश्वास बढ़ाते हैं।
यह विद्यालय लगातार शैक्षणिक और सह शैक्षणिक गतिविधियों में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कर रहा है। महोत्सव में उत्कृष्ट प्रदर्शन ने विद्यालय को एक बार फिर चर्चा का विषय बना दिया है।
इस अवसर पर शिक्षक कुलदीप चन्द्र, वीरेश कुमार, मंजू यादव, मिथिलेश्वर पाठक, श्रृंखला श्रीवास्तव, रुक्मिणी पटेल और रिंकी वर्मा शाहिद तमाम अभिभावक उपस्थित रहें।

वन्देमातरम् के 150 वर्ष: डीवीएन पीजी कॉलेज में एनएसएस ने किया भव्य आयोजन

गोरखपुर(राष्ट्र की परम्परा)। दिग्विजयनाथ पीजी कॉलेज में राष्ट्रगीत वन्देमातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने पर राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की चारों इकाइयों ने एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया। महाविद्यालय परिसर में हुए इस समारोह ने राष्ट्र भावना, सांस्कृतिक चेतना और देशभक्ति की ऊर्जा से वातावरण को सराबोर कर दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य डॉ. ओम प्रकाश सिंह ने की, जबकि संचालन डॉ. निधि राय ने किया।
कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगीत वन्देमातरम् के सामूहिक गायन से हुई। एनएसएस स्वयंसेवक, छात्र-छात्राएँ और सभी संकाय सदस्य उत्साहपूर्वक एक स्वर में राष्ट्रगीत गाकर राष्ट्रीय एकता और सम्मान का संदेश दे रहे थे। सामूहिक उच्चारण के दौरान परिसर में एक गरिमामय और ऐतिहासिक वातावरण बना रहा।
अपने अध्यक्षीय संबोधन में प्राचार्य डॉ. ओम प्रकाश सिंह ने कहा कि वन्देमातरम् केवल गीत नहीं, बल्कि स्वतंत्रता संग्राम की आत्मा है। इस गीत ने अनगिनत क्रांतिकारियों को प्रेरित किया। इसके 150 वर्ष पूर्ण होने पर हमें राष्ट्र, संस्कृति और संविधान की रक्षा का संकल्प लेना चाहिए।
मुख्य वक्ता शिक्षा शास्त्र विभाग के आचार्य डॉ. त्रिभुवन मिश्रा ने बंकिमचंद्र चट्टोपाध्याय द्वारा रचित इस गीत की साहित्यिक, सांस्कृतिक और राष्ट्रीय महत्ता पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बताया कि यह गीत स्वतंत्रता आंदोलन में देशभक्ति की लौ जलाने का साधन बना और आज भी युवाओं को राष्ट्र प्रेम के लिए प्रेरित करता है।
एनएसएस के कार्यक्रम अधिकारियों ने भी स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए सामाजिक उत्तरदायित्व, पर्यावरण संरक्षण, जनसेवा और सामुदायिक सहभागिता में एनएसएस की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि एनएसएस सिर्फ कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज के प्रति सेवा और जागरूकता का सशक्त माध्यम है।
इस अवसर पर स्वयंसेवकों ने राष्ट्र निर्माण पर आधारित पोस्टर, नारे और देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को सामाजिक समरसता, नैतिक मूल्यों और राष्ट्र सेवा के प्रति जागरूक करने पर विशेष जोर दिया गया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. निधि राय ने सुसंगत और गरिमापूर्ण ढंग से किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्र भावना जागृत करना शिक्षा संस्थानों की प्रमुख जिम्मेदारी है और वन्देमातरम् का सामूहिक गायन इस उद्देश्य को मजबूत करता है।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के सभी विभागों के प्राध्यापक, छात्र-छात्राएँ एवं एनएसएस स्वयंसेवक उपस्थित रहे।

डीडीयू के छात्रों के लिए बड़ा मौका: स्किल डेवलपमेंट ट्रेनिंग के लिए पंजीकरण शुरू, मिलेगा स्टाइपेंड और प्लेसमेंट अवसर

गोरखपुर(राष्ट्र की परम्परा)। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों के कैरियर निर्माण और रोजगारोन्मुख विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एचयूआरएल एनएसडीसी स्किल डेवलपमेंट ट्रेनिंग प्रोग्राम के लिए पंजीकरण प्रक्रिया शुरू हो गई है। इस कार्यक्रम के अंतर्गत लगभग 400 विद्यार्थियों को उद्योग आधारित प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा, जिसके उपरांत प्रत्येक प्रतिभागी को ₹8,000 का स्टाइपेंड दिया जाएगा। कुल मिलाकर ₹32 लाख की राशि प्रतिभागियों में वितरित की जाएगी। प्रशिक्षण पूरा करने के बाद 70 प्रतिशत से अधिक विद्यार्थियों को प्लेसमेंट के अवसर भी उपलब्ध कराए जाएंगे।
यह कार्यक्रम हिंदुस्तान उर्वरक एवं रसायन लिमिटेड (एचयूआरएल) और नेशनल स्किल डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (एनएसडीसी) के संयुक्त तत्वावधान में मैपिंग स्किल्स टेक्नोलॉजी प्रा. लि. के सहयोग से संचालित किया जा रहा है।
कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने कहा कि विश्वविद्यालय केवल शैक्षणिक उत्कृष्टता पर ही नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को उद्योग जगत की मांग के अनुरूप कौशल प्रदान करने पर भी केंद्रित है। उन्होंने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धी युग में केवल डिग्री पर्याप्त नहीं है। कम्युनिकेशन स्किल, प्रेजेंटेशन, पर्सनैलिटी डेवलपमेंट और इंडस्ट्री एक्सपोज़र भी उतने ही आवश्यक हैं। विश्वविद्यालय अपने विद्यार्थियों को बेहतर प्लेसमेंट के लिए हर संभव अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
गाइडेंस एंड प्लेसमेंट सेल के निदेशक प्रो. अजय कुमार शुक्ला ने बताया कि कुलपति प्रो. पूनम टंडन के मार्गदर्शन में यह प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रारंभ किया जा रहा है। विद्यार्थियों की सुविधा के लिए क्यूआर कोड जारी किए गए हैं, जिनके माध्यम से वे ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं। आवेदन प्राप्त होने के बाद स्क्रीनिंग प्रक्रिया पूरी कर पात्र विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि कुलपति के निर्देशानुसार विश्वविद्यालय के तीन विभाग कॉमर्स, एमबीए और इलेक्ट्रॉनिक्स को ट्रेनिंग सेंटर के रूप में चयनित किया गया है। इन केंद्रों पर अकाउंट असिस्टेंट, रिटेल सेल्स एक्जीक्यूटिव और एफटीसीएपी (कंप्यूटिंग एवं परिधीय उपकरण तकनीशियन) से संबंधित प्रशिक्षण संचालित होंगे। प्रो. शुक्ला ने कहा कि कार्यक्रम सीमित सीटों वाला है, इसलिए इच्छुक विद्यार्थी जल्द से जल्द पंजीकरण कर लें।
इस पहल के समन्वयक के रूप में बसु अग्रहरि को स्पॉक (सिंगल पॉइंट ऑफ कॉन्टैक्ट) नियुक्त किया गया है, जो संपूर्ण प्रशिक्षण गतिविधियों का संचालन और प्रशासनिक समन्वय सुनिश्चित करेंगे।

ट्रेन में चल रही थी अंग्रेजी शराब की तस्करी, आरपीएफ की संयुक्त टीम ने दबोचा तस्कर

भाटपार रानी/देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)।
वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त वाराणसी, सहायक सुरक्षा आयुक्त छपरा एवं प्रभारी निरीक्षक सीवान सुबाष चंद्र यादव के निर्देशन में रेलवे सुरक्षा बल की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है।

जानकारी के अनुसार ट्रेन एस्कॉर्ट कंपनी गोरखपुर पूर्व, आरपीएफ पोस्ट सीवान एवं टास्क टीम भटनी ने संयुक्त अभियान के दौरान जीरादेई-सीवान के मध्य गाड़ी संख्या 15028 गोरखपुर–सम्बलपुर मौर्या एक्सप्रेस के कोच संख्या S2 (226972) में निगरानी करते हुए एक शराब तस्कर को गिरफ्तार किया।

तलाशी में तस्कर के पीठ पर लदे बैग और हाथ में लिए झोले से 24 बोतल Officers Choice Original Whisky (प्रत्येक 180ML) तथा 36 बोतल After Dark Blue Whisky (प्रत्येक 180ML) बरामद हुईं। जब्त शराब की कुल मात्रा 10.800 लीटर और अनुमानित कीमत ₹12,960 बताई गई है।

गिरफ्तार तस्कर की पहचान मो. कुर्बान (पिता–मो. कलीम), निवासी ग्राम केयूस नज़ामत भठी चौक, थाना मुफ्फसिल, जिला समस्तीपुर (बिहार), उम्र 24 वर्ष के रूप में हुई है।

जब्त शराब को अग्रिम कार्यवाही हेतु उत्पाद विभाग सदर सीवान को सुपुर्द किया गया, जहां इस संबंध में अपराध संख्या 781/25, धारा 30(ए) बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद संशोधित अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जांच का दायित्व सउनि वीरेन्द्र कुमार (उत्पाद थाना सदर सीवान) को सौंपा गया है।

कार्रवाई में शामिल आरपीएफ व टास्क टीम सदस्य:
हे.का. गिरीश नारायण राय, का. केशव प्रसाद, का. सुक्खू (ट्रेन एस्कॉर्ट कंपनी गोरखपुर पूर्व),
सउनि हृदयानंद तिवारी, हे.का. राम सकल यादव, का. संतोष कुमार, का. अरविंद कुमार (टास्क टीम भटनी),
सउनि शैलेन्द्र कुमार पाण्डेय, हे.का. परमेन्द्र राय, का. विजय यादव (टास्क टीम सीवान)।

आरसेटी में जनरल ई.डी.पी. प्रशिक्षण बैच का समापन

आत्मनिर्भरता की ओर युवाओं का सशक्त कदम

देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)।
सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (सेंट–आरसेटी), देवरिया में मंगलवार को आयोजित जनरल एंटरप्रेन्योरशिप डेवलपमेंट प्रोग्राम (ई.डी.पी.) बैच का समापन समारोह उत्साहपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुआ। मुख्य अतिथि संस्थान के निदेशक विशाल गुप्ता ने प्रशिक्षण पूर्ण करने वाले प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित कर उनके उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।

विशाल गुप्ता ने कहा कि ग्रामीण युवाओं को स्वरोजगार के प्रति प्रेरित कर आत्मनिर्भर बनाने का यह प्रशिक्षण एक सशक्त पहल है। उन्होंने बताया कि इस प्रशिक्षण का उद्देश्य प्रतिभागियों में उद्यमिता की भावना को जगाना, उन्हें छोटे–मोटे व्यवसाय के लिए आवश्यक कौशल प्रदान करना तथा उनकी आय में वृद्धि के अवसर उपलब्ध कराना है।

देवरिया जनपद के 16 ब्लॉकों से कुल 70 प्रशिक्षु (35–35 के दो बैच) इस प्रशिक्षण में शामिल हुए। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को व्यवसाय योजना निर्माण, वित्तीय प्रबंधन, विपणन कौशल और बैंकिंग प्रणाली की विस्तृत जानकारी दी गई।

मुख्य अतिथि ने अपने उद्बोधन में कहा—

“आज के युग में स्वरोजगार केवल विकल्प नहीं, बल्कि सम्मानजनक जीवन का माध्यम बन चुका है। ऐसे प्रशिक्षण युवाओं को आत्मविश्वासी बनाकर ‘आत्मनिर्भर भारत’ की दिशा में अग्रसर करते हैं।”

कार्यक्रम में वरिष्ठ संकाय सोमनाथ मिश्र, संकाय विनय शंकर मणि त्रिपाठी, कार्यालय सहायक अभिषेक तिवारी सहित संस्थान का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। अंत में प्रशिक्षुओं ने अपने अनुभव साझा किए और संस्थान द्वारा मिले मार्गदर्शन के प्रति आभार व्यक्त किया।

सरस्वती देवी पीजी कॉलेज की दो छात्राएं स्वर्ण पदक से सम्मानित, जिले का नाम रोशन

महराजगंज। (राष्ट्र की परम्परा)। सिद्धार्थ विश्वविद्यालय कपिलवस्तु, सिद्धार्थनगर द्वारा आयोजित नौवें दीक्षांत समारोह में सरस्वती देवी पीजी कॉलेज की दो प्रतिभाशाली छात्राओं ने स्वर्ण पदक प्राप्त कर जिले और महाविद्यालय का मान बढ़ाया है।

महाविद्यालय की छात्रा अर्पिता शर्मा ने स्नातक वाणिज्य वर्ग में सर्वोच्च अंक हासिल कर स्वर्ण पदक प्राप्त किया, वहीं वैष्णवी मणि त्रिपाठी ने परास्नातक समाजशास्त्र में प्रथम स्थान प्राप्त करते हुए विश्वविद्यालय स्तर पर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। दीक्षांत समारोह में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहीं। उन्होंने मेधावी छात्र- छात्राओं को स्वर्ण पदक और प्रमाण-पत्र प्रदान किए तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी।

उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री पाना नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाना है। उन्होंने सभी मेधावी छात्र-छात्राओं को उनके उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दी।
सरस्वती ग्रुप ऑफ कॉलेजेज के प्रबंध निदेशक एवं समाजसेवी पवन दुबे ने दोनों छात्राओं को बधाई देते हुए कहा,अर्पिता और वैष्णवी ने मेहनत, अनुशासन और लगन से यह उपलब्धि हासिल की है।

ये भी पढ़ें – नवानगर बीआरसी पर दिव्यांग बच्चों के चयन हेतु लगा शिविर, 83 बच्चों को 24 दिसंबर को मिलेंगे सहायक उपकरण

यह कॉलेज के शिक्षकों, विद्यार्थियों और पूरे संस्थान की सामूहिक मेहनत का परिणाम है।महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सुनील पांडेय ने कहा कि यह उपलब्धि संस्थान की शैक्षणिक उत्कृष्टता और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का प्रमाण है। इन छात्राओं की सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का कार्य करेंगी।

ये भी पढ़ें – एसआईआर के तहत डीएम ने परागपुर में किया फॉर्म वितरण, त्रुटिरहित मतदाता सूची निर्माण पर जोर

नवानगर बीआरसी पर दिव्यांग बच्चों के चयन हेतु लगा शिविर, 83 बच्चों को 24 दिसंबर को मिलेंगे सहायक उपकरण

बलिया (राष्ट्र की परम्परा)। दिव्यांग बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को ब्लॉक संसाधन केंद्र (बीआरसी) नवानगर पर समेकित शिक्षा अभियान के तहत एक दिव्यांग चयन शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर एलिम्को कानपुर के सहयोग से आयोजित हुआ, जिसमें 1 से 14 वर्ष की आयु के कुल 87 बच्चों का पंजीकरण किया गया।

चिकित्सकीय परीक्षण के बाद 83 बच्चों का चयन किया गया, जिनमें 9 श्रवण बाधित, 72 अस्थि बाधित और 2 दृष्टिबाधित बच्चे शामिल हैं। चयनित बच्चों को शासन की ओर से निःशुल्क ट्राईसाइकिल, व्हीलचेयर, श्रवण यंत्र एवं अन्य सहायक उपकरण 24 दिसंबर को प्रदान किए जाएंगे।

इस पहल का उद्देश्य दिव्यांग बच्चों को आत्मविश्वासी बनाना और उन्हें समाज में समान अवसर दिलाना है। बच्चों का चिकित्सकीय परीक्षण एलिम्को टीम के डॉक्टर फैसल करीम, डॉ. आनंद, गजेन्द्र कुमार और अभिषेक द्विवेदी द्वारा किया गया।

ये भी पढ़ें – एसआईआर के तहत डीएम ने परागपुर में किया फॉर्म वितरण, त्रुटिरहित मतदाता सूची निर्माण पर जोर

कार्यक्रम में मुख्य रूप से खंड शिक्षा अधिकारी पंकज कुमार सिंह, जिला समन्वयक (समेकित शिक्षा) ओम प्रकाश सिंह, अंजू देवी, विनोद तिवारी, योगेन्द्र वर्मा, सतेंद्र राय, अभिलाष मिश्र, अशोक यादव, अमरनाथ यादव सहित बड़ी संख्या में दिव्यांग बच्चों के अभिभावक एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

यह पहल शासन की समावेशी शिक्षा और सामाजिक सशक्तिकरण के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

ये भी पढ़ें – डीएम ने निचलौल ब्लाक में संभावित डुप्लीकेट मतदाता सूची सत्यापन कार्य का किया निरीक्षण

एसआईआर के तहत डीएम ने परागपुर में किया फॉर्म वितरण, त्रुटिरहित मतदाता सूची निर्माण पर जोर

महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। एस.आई. आर./विशेष मतदाता पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत जिलाधिकारी सन्तोष कुमार शर्मा ने ग्राम पंचायत परागपुर स्थित ग्राम सचिवालय में बीएलओ द्वारा किए जा रहे गणना प्रपत्र वितरण कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वयं भी ग्रामवासियों को फॉर्म-6, 7 एवं 8 वितरित कर मतदाता सूची पुनरीक्षण केमहत्व के प्रति जागरूक किया।

जिलाधिकारी ने उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि एसआईआर का मुख्य उद्देश्य शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार करना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस प्रक्रिया के माध्यम से प्रत्येक अर्ह मतदाता को निर्वाचक नामावली में शामिल किया जाएगा, जबकि अनर्ह मतदाताओं के नाम हटाए जाएंगे, ताकि चुनाव प्रक्रिया पूर्णतः पारदर्शी और शुचिता पूर्ण रहे।

उन्होंने वहां मौजूद बीएलओ को हिदायत दी कि वे घर-घर जाकर फॉर्म वितरित करें, ताकि किसी भी पात्र व्यक्ति का नाम सूची से छूट न जाए। उन्होंने कहा कि यह प्रक्रिया पूरी तरह सामान्य है और ग्रामीणों को इसमें कोई भय या असमंजस नहीं होना चाहिए।उन्होंने अपील की कि सभी ग्रामवासी आवश्यक प्रपत्र समय से भरकर बीएलओ को अवश्य उपलब्ध कराएं। उन्होंने ने कहा कि त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार करना लोकतांत्रिक प्रक्रिया की बुनियाद है।

उन्होंने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि प्रशासन इस दिशा में पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है, ताकि आगामी चुनाव निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न हो सके।

निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी निचलौल सिद्धार्थ गुप्ता, बीएलओ रवि कुमार श्रीवास्तव, बीएलओ किरण पटेल, सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहें।

डीएम ने निचलौल ब्लाक में संभावित डुप्लीकेट मतदाता सूची सत्यापन कार्य का किया निरीक्षण

लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश

महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। पंचायत चुनावों की तैयारियों को गति देते हुए जिलाधिकारी सन्तोष कुमार शर्मा ने मंगलवार को ब्लॉक निचलौल में संभावित डुप्लीकेट मतदाता सूची सत्यापन कार्य का निरीक्षण किया।
‌ निरीक्षण के दौरान उन्होंने मतदाता सूची की अपलोडिंग प्रगति, डाटा फीडिंग प्रक्रियाओं और बीएलओ से प्राप्त डाटा की स्थिति की विस्तार से समीक्षा की।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन बीएलओ का डाटा अब तक उपलब्ध नहीं हुआ है, उनसे तुरंत संपर्क साधकर आवश्यक डाटा प्राप्त किया जाए और संभावित डुप्लीकेट मतदाताओं का सत्यापन बिना विलंब पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची तैयार करने में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निर्धारित समय सीमा में कार्य हर हाल में पूरा होना चाहिए। उन्होंने उपजिलाधिकारी निचलौल को आदेश दिया कि डाटा फीडिंग का प्रतिदिन पर्यवेक्षण सुनिश्चित किया जाए और जहा भी शिथिलता या लापरवाही दिखे, संबंधित कर्मचारियों के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई की जाए।

ये भी पढ़ें – प्रदेश में हाई अलर्ट के बीच महराजगंज पुलिस की सघन चेकिंग, सुरक्षा कड़ी

अधिकारियों ने जानकारी दी कि निचलौल तहसील के 122 मतदान केन्द्रों की मतदाता सूची अद्यतन करने हेतु 15 कंप्यूटर ऑपरेटर तैनात किए गए हैं। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि सत्यापन एवं अपलोडिंग कार्य को युद्ध-स्तर पर पूरा किया जाए, ताकि आगामी पंचायत चुनावों की प्रक्रिया पारदर्शी एवं त्रुटिरहित हो। उन्होंने कहा कि सटीक मतदाता सूची चुनाव की पारदर्शिता की नींव है और प्रशासन इस दिशा में पूरी गंभीरता के साथ कार्य कर रहा है। निरीक्षण के दौरान एसडीएम सदर सिद्धार्थ गुप्ता, खण्ड विकास अधिकारी शमा सिंह, तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहें।

ये भी पढ़ें – थाने के दीवान व सिपाही महिला को कर रहे परेशान, महिला का आरोप — रुपए मांगने और झूठे केस में फंसाने की दी धमकी

थाने के दीवान व सिपाही महिला को कर रहे परेशान, महिला का आरोप — रुपए मांगने और झूठे केस में फंसाने की दी धमकी

लार/देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)। थाना लार क्षेत्र के चोरडीहा गांव की निवासी मंजू पांडेय पत्नी शैलेंद्र कुमार पांडेय ने अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर गंभीर आरोप लगाते हुए उच्चाधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई है। प्रार्थिनी का आरोप है कि उसके पति शैलेंद्र पांडेय को गांव के ही योगेंद्र यादव उर्फ गुड्डू पुत्र स्व. जगदीश यादव ने झूठे फ्रॉड के मामले में फंसाने की कोशिश की और पैसे की मांग करते हुए धमकी दी।

मंजू पांडेय के अनुसार, दिनांक 25 मई 2025 की सुबह लगभग 6 बजे योगेंद्र यादव उनके घर आया और उसके पति को अपने घर बुलाकर आरोप लगाया कि उसकी पत्नी के कारण उसके भाई चंद्रभान यादव के खाते से ₹98,000 की ऑनलाइन ठगी हुई है। उसने तत्काल यह रकम देने की मांग की। जब शैलेंद्र पांडेय ने कहा कि यदि कोई फ्रॉड हुआ है तो साइबर क्राइम में शिकायत कर दें, तो योगेंद्र यादव गुस्से में आ गया और उन्हें मारने-पीटने लगा।

सूचना पर पहुँची पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले गई, जहाँ थानाध्यक्ष लार ने दोनों पक्षों को समझाते हुए कहा कि जांच के बाद सच्चाई सामने आने पर पैसा वसूला जाएगा और आपसी झगड़ा न करें।

लेकिन इसके बाद भी मामला शांत नहीं हुआ। मंजू पांडेय ने आरोप लगाया कि योगेंद्र यादव बार-बार उनके परिवार को धमकी देने लगा कि “पैसा नहीं दोगे तो जान से मार दूँगा”।

इसी बीच, 06 नवम्बर 2025 को लार थाने के एक दीवान फोन कर शैलेंद्र पांडेय को थाने बुलाया। जब मंजू अपने पति के साथ थाने पहुंचीं, तो वहाँ मौजूद दीवान और एक सिपाही ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया। आरोप है कि दोनों ने उन्हें गालियाँ दीं और कहा कि “₹98,000 लेकर आओ, नहीं तो तुम्हें और तुम्हारे पति को यहीं बैठाए रखेंगे।”

प्रार्थिनी के मुताबिक, उसके पति को थाने में पूरी रात बैठाए रखा गया और 7 नवम्बर की रात लगभग 11 बजे छोड़ा गया, साथ ही धमकी दी गई कि “कम से कम आधा पैसा योगेंद्र यादव के भाई चन्द्रभान यादव को तुरंत दे दो, नहीं तो तुम्हें झूठे केस में फँसा देंगे।”

महिला ने आरोप लगाया कि अब उसका परिवार भय और दबाव में जी रहा है। उसे डर है कि कहीं उन्हें फर्जी मुकदमे में फंसा न दिया जाए या किसी अनहोनी का शिकार न होना पड़े।

प्रार्थिनी ने उच्च अधिकारियों से गुहार लगाई है कि लार थाने के दीवान व सिपाही तथा गांव के योगेंद्र यादव और चन्द्रभान यादव के विरुद्ध जांच कर उचित कार्रवाई की जाए तथा उसके परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।

प्रदेश में हाई अलर्ट के बीच महराजगंज पुलिस की सघन चेकिंग, सुरक्षा कड़ी

महराजगंज(राष्ट्र की परम्परा)। प्रदेश में जारी हाई अलर्ट को देखते हुए महराजगंज पुलिस पूरी तरह सक्रिय मोड में आ गई है। पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना के निर्देशन में जनपदभर में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए व्यापक सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
जनपदीय पुलिस की टीमें ढाबों, सरायों, होटलों, बस स्टैंडों, रेलवे स्टेशन, बैंकों, एटीएम समेत सभी संवेदनशील स्थानों पर लगातार भ्रमण करते हुए सत्यापन कर रही हैं।
संदिग्ध वाहनों व व्यक्तियों की गहन जांच की जा रही है।एसपी के स्पष्ट निर्देश पर सभी थाना व चौकी प्रभारियों को रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने, संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने और आवश्यकता पड़ने पर तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित करने के आदेश दिए गए हैं। लोकल इंटेलिजेंस यूनिट (एलआईयू) को पूर्ण अलर्ट मोड में रहने के निर्देश जारी किए गए हैं।एलआईयू की टीमें क्षेत्र में गुप्त रूप से सक्रिय हैं और किसी भी असामाजिक या आपराधिक गतिविधि की सूचना पर तत्काल कार्रवाई कर रही हैं।
पुलिस का कहना है कि सभी थाना क्षेत्र के भीड़भाड़ वाले बाजारों, सार्वजनिक स्थलों और मुख्य मार्गों पर लगातार गश्त व चेकिंग की जा रही है, ताकि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते रोका जा सके।

सब्जी मंडी व्यापारियों ने रोड पर दुकान लगाने वालों का किया विरोध, उपजिलाधिकारी के आदेश की अवहेलना पर जताई नाराजगी,

सलेमपुर/ देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)।
सलेमपुर सब्जी मंडी के व्यापारियों ने उपजिलाधिकारी सलेमपुर के आदेश के बावजूद रोड पर सब्जी की दुकान लगाने वाले कुछ व्यापारियों के खिलाफ कड़ा विरोध दर्ज कराया है।

पूर्व में गांधी चौक से रेलवे स्टेशन तक सुबह-सुबह सब्जी की दुकानें लगने से अत्यधिक जाम की समस्या उत्पन्न हो जाती थी। इसी दौरान एक एम्बुलेंस के फंसने और एक भाई द्वारा अपनी बहन को हाथों में उठाकर अस्पताल तक पहुंचाने की घटना का वीडियो वायरल हुआ था। इस घटना का संज्ञान लेते हुए उपजिलाधिकारी सलेमपुर ने सख्त कार्यवाही के निर्देश दिए थे, जिसके बाद सब्जी व्यापारियों को सब्जी मंडी परिसर के अंदर ही दुकान लगाने की अनुमति दी गई थी।

इसे भी पढ़ें –सपनों को पंख दो” — की लाइट फाउंडेशन ने किशोरियों में जगाई आत्मविश्वास की लौ

इसके बावजूद कुछ व्यापारियों द्वारा अब भी सड़क किनारे दुकानें लगाने का सिलसिला जारी है। इस पर सब्जी व्यापारियों के संघ ने उपजिलाधिकारी सलेमपुर को पत्रक देकर आदेश की अवहेलना करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

इस दौरान शमशेर अली, धर्मेंद्र यादव, श्यामजी गुप्ता, श्याम सुंदर, राजकुमार गुप्ता, शिवकुमार, कैलाश आदि व्यापारी उपस्थित रहे।

न्यायिक अधिकारियों के आवास निर्माण में गुणवत्ता से समझौता नहीं – डीएम मऊ

“जिलाधिकारी प्रवीण मिश्र का सख्त निरीक्षण — गुणवत्तापूर्ण निर्माण और गौसेवा पर दिया विशेष जोर”

मऊ (राष्ट्र की परम्परा)।जिलाधिकारी प्रवीण मिश्र ने मंगलवार को जनपद न्यायालय मऊ में न्यायिक अधिकारियों के लिए बन रहे श्रेणी-5 के 14 आवासों के निर्माण कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया। यह परियोजना ₹1711.76 लाख की लागत से निर्माणाधीन है, जिसका कार्य 3 जनवरी 2025 को प्रारंभ हुआ था और इसे 2 जनवरी 2027 तक पूरा किया जाना है। अब तक ₹700 लाख की धनराशि व्यय हो चुकी है।

ये भी पढ़ें –सपनों को पंख दो” — की लाइट फाउंडेशन ने किशोरियों में जगाई आत्मविश्वास की लौ

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था को उच्च गुणवत्ता वाली सामग्री के प्रयोग व कार्य को निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण स्थल पर कार्यरत मजदूरों की सुरक्षा व्यवस्था की भी जानकारी ली और उन्हें सुरक्षित वातावरण में कार्य करने के निर्देश दिए।

इसके बाद जिलाधिकारी ने विकासखंड परदहा के ग्राम सभा रणवीरपुर स्थित गौ आश्रय स्थल का निरीक्षण किया। यहाँ लगभग 200 गौवंश मौजूद पाए गए। निरीक्षण में गौशाला का पीछे का गेट टूटा हुआ व ज़मीन उबड़-खाबड़ मिली। जिलाधिकारी ने खंड विकास अधिकारी को तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए। साथ ही मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को पर्याप्त भूसा व हरे चारे की व्यवस्था करने का आदेश दिया। उन्होंने सर्दी के मौसम को देखते हुए पशुओं के लिए गरमाहट व सुरक्षित आश्रय की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर बल दिया।

जिलाधिकारी का यह निरीक्षण न केवल प्रशासनिक सजगता का उदाहरण है, बल्कि यह भी दर्शाता है कि शासन आम जन और गौवंश दोनों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है।

एसपी के निर्देश पर कोपागंज पुलिस की कार्रवाई — संदिग्ध वाहनों और होटलों की हुई सघन जांच

दिल्ली ब्लास्ट के बाद मऊ पुलिस अलर्ट — कोपागंज में रातभर चला सघन चेकिंग अभियान, हर संदिग्ध पर रखी गई पैनी नज़र

एसपी इलामारन के निर्देश पर कोपागंज पुलिस की बड़ी कार्रवाई — होटल, रेस्टोरेंट, शराब भट्टियाँ और संदिग्ध वाहन रहे रडार पर

मऊ (राष्ट्र की परम्परा)।दिल्ली के लालकिला मेट्रो स्टेशन के पास हुए धमाके के बाद पूरे प्रदेश में पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। सुरक्षा एजेंसियों की चौकसी बढ़ने के बीच, मऊ जिले के पुलिस अधीक्षक इलामारन के निर्देश पर सोमवार की रात कोपागंज पुलिस ने विशेष चेकिंग अभियान चलाया।

ये भी पढ़ें – “इतिहास के पन्नों में 11 नवंबर: ज्ञान और कर्म के सपूत”

थानाध्यक्ष रविंद्रनाथ राय अपनी टीम और पुलिस बल के साथ रातभर क्षेत्र में गश्त करते रहे। इस दौरान थाना क्षेत्र के सभी होटलों, रेस्टोरेंटों, ढाबों, शराब भट्टियों सहित प्रमुख मार्गों पर चल रहे संदिग्ध वाहनों की गहन तलाशी ली गई। अचानक हुए इस अभियान से क्षेत्र में देर रात तक हलचल और अफरा-तफरी का माहौल रहा।
पुलिस टीम ने बिना किसी पूर्व सूचना के कई ठिकानों पर दबिश दी और संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की। जांच के दौरान किसी भी प्रकार की असामाजिक या संदिग्ध गतिविधि पर कड़ी निगरानी रखी गई। थानाध्यक्ष राय ने कहा कि “सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा, हर संदिग्ध गतिविधि पर हमारी पैनी निगाह है।”

ये भी पढ़ें – सपनों को पंख दो” — की लाइट फाउंडेशन ने किशोरियों में जगाई आत्मविश्वास की लौ

प्रदेश की राजधानी में हुए धमाके के बाद यह कदम जनपद स्तर पर सुरक्षा को मजबूत करने और संभावित घटनाओं की रोकथाम हेतु उठाया गया है। पुलिस की तत्परता और सजगता ने नागरिकों में सुरक्षा का भरोसा पैदा किया है।