Wednesday, June 24, 2026
Home Blog Page 324

मेमू ट्रेन को बरहज से चलाने की मांग, पूर्वोत्तर रेलवे को संस्तुति पत्र भेजने पर जोर

बरहज/देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)। बरहज क्षेत्र की रेल सुविधाओं को बेहतर बनाने की मांग को लेकर राष्ट्रीय समानता दल एवं भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (CPI) के संयुक्त प्रतिनिधि मंडल ने उपजिलाधिकारी बरहज को एक मांग-पत्र सौंपा। प्रतिनिधि मंडल ने जनहित और जनसुरक्षा से जुड़ी रेल समस्याओं के समाधान हेतु पूर्वोत्तर रेलवे को संस्तुति पत्र भेजने की मांग की।

बरहज क्षेत्र के लिए रेल सेवा अत्यंत आवश्यक

राष्ट्रीय समानता दल उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष संजयदीप कुशवाहा ने कहा कि बरहज तहसील क्षेत्र जनसंख्या, व्यापार, शिक्षा और आवागमन की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। यहां की बड़ी आबादी दैनिक जीवन में रेल सेवाओं पर निर्भर है, लेकिन इसके बावजूद बरहज एवं आसपास के स्टेशनों पर बुनियादी यात्री सुविधाओं और समुचित रेल कनेक्टिविटी का अभाव बना हुआ है।

उन्होंने विशेष रूप से बरहज से अयोध्या एवं लखनऊ जंक्शन जैसे प्रमुख धार्मिक, शैक्षणिक और प्रशासनिक केंद्रों के लिए नियमित रेल सेवा न होने को आम जनता के लिए बड़ी समस्या बताया।

बुनियादी सुविधाओं के अभाव से यात्री परेशान

खेत मजदूर यूनियन के प्रदेश सचिव विनोद सिंह ने बताया कि बरहज रेलवे स्टेशन, सतराव स्टेशन, सिसई गुलाब राय हाल्ट और देवरहवा बाबा हाल्ट पर प्लेटफार्म की ऊँचाई मानक के अनुरूप नहीं है। इसके साथ ही शौचालय, प्रकाश व्यवस्था और स्वच्छता जैसी बुनियादी सुविधाओं के अभाव से यात्रियों—विशेषकर महिलाओं, बुजुर्गों, दिव्यांगजनों और छात्र-छात्राओं—की सुरक्षा प्रभावित हो रही है।

ये भी पढ़ें – भव्य विराट हिन्दू सम्मेलन सम्पन्न, सनातन संस्कृति, संगठन और राष्ट्रभाव पर हुआ गहन मंथन

मांग-पत्र में प्रमुख मांगें

मांग-पत्र के माध्यम से उपजिलाधिकारी से आग्रह किया गया कि निम्न बिंदुओं पर भारतीय रेलवे को संस्तुति पत्र भेजा जाए—

• ट्रेन संख्या 65115 मेमू का संचालन बरहज से अयोध्या तक नियमित रूप से किया जाए।

• बरहज बाजार स्टेशन एवं सतराव स्टेशन पर प्लेटफार्म की ऊँचाई मानक के अनुरूप बढ़ाई जाए।


• सिसई गुलाब राय हाल्ट एवं देवरहवा बाबा हाल्ट का प्लेटफार्म ऊँचा किया जाए।

• सभी संबंधित स्टेशनों/हाल्टों पर पुरुष एवं महिला यात्रियों के लिए शौचालय, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था और अन्य मूलभूत यात्री सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।

आंदोलन की चेतावनी

भाकपा जिला सचिव अरविंद कुशवाहा ने कहा कि बरहज क्षेत्र की रेल समस्याएं वर्षों से लंबित हैं। यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो जनता को आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा। वहीं, आरएसडी के संगठन सचिव विमलेश कुमार ने कहा कि रेल सुविधाएं जनता का अधिकार हैं और जनसुरक्षा से जुड़े मामलों पर सरकार व रेलवे को तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए।

प्रतिनिधि मंडल ने आशा जताई कि उपजिलाधिकारी द्वारा अध्यक्ष, रेलवे बोर्ड नई दिल्ली एवं महाप्रबंधक, पूर्वोत्तर रेलवे को शीघ्र संस्तुति पत्र प्रेषित कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इस दौरान कई ग्राम प्रधानों, जनप्रतिनिधियों तथा भाकपा व समानता दल के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

ये भी पढ़ें – मोनार्क क्विज़ सोसाइटी का वार्षिक मिलन समारोह एवं शैक्षणिक सफलता पर चर्चा

सड़क से सटा गढ्ढा दुर्घटना को दे रहा दावत जिम्मेदार मौन

भलुअनी/देवरिया(राष्ट्र की परम्परा)
भलुअनी नगर पंचायत के मुख्य चौराहा से गांव की ओर जाने वाली शिव मंदिर रोड, के पास स्थित प्राथमिक विद्यालय तथा नगर पंचायत कार्यालय के सामनेदुर्घटना के इंतजार में जिम्मेदार, सांसत में राहगीर

भलुअनी, देवरिया । नगर पंचायत भलुअनी के मुख्य चौक से गांव में जाने वाली शिव मंदिर रोड स्थित प्राथमिक विद्यालय एवं नगर पंचायत कार्यालय के नजदीक सड़क पर लगभग तीन सप्ताह पहले एक गड्ढा खोदकर छोड़ दिया गया, न कोई बैरिकेटिंग किया उसे नंगा छोड़ दिया गया जो बड़ी दुर्घटना को दावत दे रहा है । जिम्मेदार मौन धारण किये हुए है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पिछले कई माह से इस जगह से पानी लीकेज हो रहा था और पानी की बर्बादी को रोकने को लेकर,जल संरक्षण के लिए कार्य करने वाली सामाजिक संस्था यूथ ब्रिगेड द्वारा शिकायत की गई थी। उसके बाद इस स्थान को खोदकर छोड़ दिया गया है ।जिससे कभी भी कोई दुर्घटना हो सकती है।
शिव मंदिर सड़क से हर रोज आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से ग्रामीण जनमानस का आना जाना होता है, और कड़ाके ठंड एवं कोहरे के कारण नँगा पड़ा गड्ढा जानलेवा हो सकता है। किन्तु संबंधित विभाग मूक दर्शक बना हुआ है।
संबंधित विभागों की लापारवाही के कारण राहगीरों एवं विद्यालयों में पढ़ने वाले नन्हे बच्चों के अभिभावकों के मानस पटल पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रश्न खड़ा हो रहे हैं कि सड़क लगभग तीन सप्ताह पहले सड़क से सटे गड्ढा खोदकर छोड़ दिया गया, जिससे कभी भी घटना हो सकती है, और संबंधित विभाग के कानो मे जू तक नहीं रेंगता कि जल्द से जल्द इस समस्या को दूर किया जाय।

भव्य विराट हिन्दू सम्मेलन सम्पन्न, सनातन संस्कृति, संगठन और राष्ट्रभाव पर हुआ गहन मंथन

महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। नगर के बालाजी लॉन में सोमवार को सकल हिन्दू समाज के तत्वावधान में आयोजित विराट हिन्दू सम्मेलन भव्यता, अनुशासन और सुव्यवस्थित आयोजन के साथ सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। शीतलहर के बावजूद नगर एवं ग्रामीण अंचलों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु, सामाजिक कार्यकर्ता, व्यापारी, शिक्षक और युवा वर्ग की सहभागिता ने सम्मेलन को ऐतिहासिक स्वरूप प्रदान किया। सम्पूर्ण परिसर भगवामय वातावरण, जयघोष और राष्ट्रभक्ति के नारों से गूंजता रहा।

वैदिक परंपराओं के साथ हुआ शुभारंभ

कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार, दीप प्रज्वलन एवं भारत माता के चित्र पर पुष्पार्चन के साथ हुआ। संत-महात्माओं के सान्निध्य ने पूरे आयोजन को आध्यात्मिक और सांस्कृतिक गरिमा प्रदान की।

हिन्दू समाज की एकता पर जोर

मुख्य अतिथि अयोध्या के संत बालक दास ने अपने आशीर्वचन में कहा कि हिन्दू समाज केवल एक धार्मिक समुदाय नहीं, बल्कि संस्कारों, परंपराओं और राष्ट्रबोध से जुड़ा जीवन-दर्शन है। उन्होंने कहा कि जब-जब हिन्दू समाज संगठित हुआ है, तब-तब भारत ने विश्व को दिशा दी है।

हिंदुत्व को बताया सनातन चेतना का आधार

मुख्य वक्ता बालमुकुंद, राष्ट्रीय संगठन मंत्री (इतिहास प्राक्कलन समिति) ने कहा कि हिंदुत्व किसी संकीर्ण धार्मिक पहचान का नाम नहीं, बल्कि भारत की सनातन चेतना, सांस्कृतिक निरंतरता और राष्ट्रधर्म का मूल आधार है। उन्होंने ‘सर्वे भवन्तु सुखिनः’ और ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ को हिंदुत्व की आत्मा बताया।

ये भी पढ़ें – आध्यात्मिक यात्रा से आत्मबोध तक: मानव चेतना के विकास का सार्थक मार्ग

भारतीय जीवन-पद्धति का समग्र दर्शन

सम्मेलन की अध्यक्षता कर रहे संजय कुमार मिश्र, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष (अखिल भारतीय प्राथमिक शिक्षक संघ) ने कहा कि हिंदुत्व भारतीय जीवन-पद्धति, संस्कार, सहिष्णुता और मानवता का समग्र दर्शन है, जिसकी नींव सत्य, अहिंसा, सेवा और राष्ट्र के प्रति कर्तव्यबोध पर टिकी है।

समाज के विभिन्न वर्गों की सहभागिता

विशिष्ट अतिथि अनिल कसौधन, जिला अध्यक्ष व्यापार मंडल ने कहा कि व्यापारी समाज सदैव सामाजिक समरसता और राष्ट्रहित के कार्यों में अग्रणी रहा है। कार्यक्रम का कुशल संचालन जीवेश मिश्रा ने किया।
इस अवसर पर विधायक जयमंगल कन्नौजिया, पूर्व चेयरमैन कृष्ण गोपाल जायसवाल सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता और संगठन पदाधिकारी उपस्थित रहे।

ये भी पढ़ें – गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से सशक्त पीढ़ी का निर्माण, तभी बनेगा मजबूत राष्ट्र

भारत माता की आरती के साथ समापन

समापन अवसर पर भारत माता की आरती सम्पन्न हुई, जिसमें उपस्थित जनसमूह ने भाव-विभोर होकर सहभागिता की। प्रसाद वितरण के साथ राष्ट्रभक्ति, सांस्कृतिक चेतना और सनातन एकता के संकल्प के साथ विराट हिन्दू सम्मेलन का समापन हुआ।

मंदिर का ताला तोड़कर आभूषण चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने चोरी का मुकुट, आभूषण व स्कूटी की बरामद

गोरखपुर(राष्ट्र की परम्परा)
सर्दियों के मौसम में चोरी की घटनाओं में बढ़ोतरी को देखते हुए जहां पुलिस लगातार रात्रि गश्त कर रही है, वहीं कोतवाली थाना क्षेत्र में हुई एक मंदिर चोरी की घटना का पुलिस ने सफल खुलासा कर दिया है। कोतवाली पुलिस ने हट्टीमाता मंदिर से मुकुट चोरी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी गए आभूषण, नकदी एवं स्कूटी बरामद की है।
बीते 23 दिसंबर की रात को कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत माया बाजार स्थित हट्टीमाता मंदिर का ताला तोड़कर अज्ञात चोर द्वारा मंदिर में स्थापित देवी-देवताओं के आभूषण चोरी कर लिए गए थे। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच शुरू कर दी थी।
घटना के अनावरण हेतु पुलिस अधीक्षक नगर (एसपी सिटी) अभिनव त्यागी के निर्देश पर कोतवाली थाना प्रभारी छत्रपाल सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की गहनता से जांच की, जिसके आधार पर संदिग्ध की पहचान सुनिश्चित की गई।
सीसीटीवी फुटेज व तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान छोटू उर्फ इसराइल अंसारी पुत्र सिकंदर अंसारी, निवासी भुजौली बाजार, थाना खड्डा, जनपद कुशीनगर, वर्तमान पता चकसा हुसैन, हुसैनाबाद, थाना गोरखनाथ के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से पीली धातु का मुकुट, सफेद धातु का छोटा व बड़ा छत्र, पीली धातु का मांग टीका, 370 रुपये नगद तथा चोरी में प्रयुक्त स्कूटी बरामद करने में सफलता प्राप्त की है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी के विरुद्ध विधिक कार्यवाही करते हुए उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है। वहीं, चोरी गए मंदिर के आभूषणों की बरामदगी से स्थानीय श्रद्धालुओं व मंदिर समिति ने राहत की सांस ली है।
इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में उपनिरीक्षक विवेक कुमार चतुर्वेदी, उपनिरीक्षक आशीष कुमार, कांस्टेबल मनोज कुमार एवं कांस्टेबल मुकेश कुमार बिंद शामिल रहे। पुलिस प्रशासन ने टीम के कार्य की सराहना की है।

मोनार्क क्विज़ सोसाइटी का वार्षिक मिलन समारोह एवं शैक्षणिक सफलता पर चर्चा

रांची / हजारीबाग (राष्ट्र की परम्परा)
हजारीबाग में मोनार्क क्विज़ सोसाइटी द्वारा ढेंगुरा पंचायत के जंगल में पिकनिक सह मिलन समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सोसाइटी को भविष्य में और बेहतर बनाने को लेकर विचार-विमर्श हुआ।
हर वर्ष दिसंबर माह में आयोजित होने वाले इस मिलन समारोह में सोसाइटी की उपलब्धियों पर संतोष व्यक्त किया गया। वर्ष 1989 में खिरगांव स्थित मिल्लत अकादमी स्कूल में वर्तमान डीडीसी हजारीबाग इश्तियाक अहमद और ग़ालिब अंसारी द्वारा स्थापित इस सोसाइटी का उद्देश्य जेपीएससी और बीपीएससी जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं में मुस्लिम छात्रों की सफलता सुनिश्चित करना रहा है।
सोसाइटी से जुड़े सदस्यों ने अब तक उल्लेखनीय सफलता हासिल की है—करीब 20 अधिकारी जेपीएससी व बीपीएससी में चयनित हो चुके हैं, जबकि 40 से अधिक सदस्य झारखंड के विभिन्न जिलों में सेवाएं दे रहे हैं। यह उपलब्धियां सोसाइटी के उद्देश्यों की सार्थकता को दर्शाती हैं।

आध्यात्मिक यात्रा से आत्मबोध तक: मानव चेतना के विकास का सार्थक मार्ग

डॉ. सतीश पाण्डेय

महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। मानव जीवन केवल जन्म, कर्म और मृत्यु की यांत्रिक प्रक्रिया नहीं है, बल्कि यह चेतना के निरंतर विकास की एक गहन और अर्थपूर्ण यात्रा है। इस यात्रा का आरंभ जिज्ञासा से होता है और इसका अंतिम लक्ष्य आत्मबोध है। अध्यात्म इस पूरे मार्ग का पथप्रदर्शक बनकर मनुष्य को बाहरी आडंबर, दिखावे और सीमित दृष्टिकोण से बाहर निकालते हुए आंतरिक सत्य से जोड़ता है।

आध्यात्मिक यात्रा का प्रारंभिक चरण

आध्यात्मिक यात्रा का पहला चरण परंपराओं, धार्मिक आस्थाओं और कर्मकांडों से जुड़ा होता है। पूजा-पाठ, व्रत, उपवास, जप-तप और अनुष्ठान व्यक्ति के जीवन में अनुशासन, संयम और नैतिक मूल्यों का संचार करते हैं। यह चरण मानव चेतना को स्थूल से सूक्ष्म की ओर ले जाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है और समाज में मर्यादा तथा संतुलन बनाए रखने में सहायक होता है।

कर्मकांड से आगे आत्मबोध की आवश्यकता

अध्यात्म की यात्रा कर्मकांड तक सीमित नहीं है। जब कर्मकांड ही उद्देश्य बन जाए और आत्मचिंतन गौण हो जाए, तब अध्यात्म अपनी वास्तविक दिशा खो देता है। इसी बिंदु पर आत्मबोध का महत्व सामने आता है। आत्मबोध का अर्थ है स्वयं को जानना, अपनी कमजोरियों, सीमाओं और संभावनाओं को पहचानना। यही वह अवस्था है जहां व्यक्ति स्वयं से प्रश्न करता है—मैं कौन हूं, मेरे जीवन का उद्देश्य क्या है और मेरे कर्म समाज को किस दिशा में ले जा रहे हैं।

ये भी पढ़ें – फिरोजाबाद में जमीन विवाद ने लिया खूनी रूप, ताबड़तोड़ फायरिंग में किसान की मौत, पांच घायल

आत्मबोध से विकसित होती मानव चेतना

आत्मबोध व्यक्ति को केवल धार्मिक नहीं, बल्कि जिम्मेदार, संवेदनशील और जागरूक मनुष्य बनाता है। यह उसे आत्मविश्लेषण की शक्ति प्रदान करता है और बाहरी दोषारोपण की प्रवृत्ति से मुक्त करता है। मानव चेतना का वास्तविक विकास तब होता है जब अध्यात्म बाहरी आडंबर से निकलकर आंतरिक अनुभव बनता है और मनुष्य दूसरों को बदलने से पहले स्वयं को बदलने का साहस करता है।

आत्मबोध से समाज और राष्ट्र का कल्याण

आत्मबोध से उत्पन्न चेतना व्यक्ति को अहंकार, लोभ, ईर्ष्या, द्वेष और हिंसा से ऊपर उठने की प्रेरणा देती है। यही चेतना समाज में सहिष्णुता, करुणा, समरसता और मानवीय मूल्यों की स्थापना करती है। जब व्यक्ति अपने भीतर शांति और संतुलन पाता है, तभी वह समाज और राष्ट्र के लिए सकारात्मक भूमिका निभा सकता है।

ये भी पढ़ें – गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से सशक्त पीढ़ी का निर्माण, तभी बनेगा मजबूत राष्ट्र

भौतिक युग में अध्यात्म की प्रासंगिकता

आज के भौतिकतावादी और तनावग्रस्त युग में आत्मबोध का महत्व और बढ़ गया है। तकनीकी प्रगति ने जीवन को सुविधाजनक तो बनाया है, लेकिन आंतरिक शांति और संतोष को चुनौती भी दी है। बढ़ता मानसिक तनाव, अवसाद और सामाजिक असहिष्णुता इस बात का संकेत हैं कि अध्यात्म को उसके सही अर्थ में समझना आवश्यक है, जहां धर्म विभाजन का माध्यम न बनकर आत्मबोध के जरिए मानव एकता का सेतु बने।

विजय भारती अखंड भारत साहित्य परिषद के प्रदेश के अध्यक्ष मनोनीत

रांची/साहिबगंज (राष्ट्र की परम्परा)
अखंड भारत साहित्य परिषद, झारखंड प्रदेश द्वारा साहेबगंज स्थित भारतीय स्काउट एंड गाइड मुख्यालय के आयुक्त पद से सेवानिवृत्त विजय भारती को सर्वसम्मति से प्रदेश अध्यक्ष मनोनीत किया गया। यह मनोनयन साहित्य, संस्कृति, राष्ट्रबोध एवं सामाजिक समरसता के क्षेत्र में उनके दीर्घकालीन योगदान को दृष्टिगत रखते हुए किया गया।
इस अवसर पर आयोजित गरिमामय कार्यक्रम में डॉ. मनोज कुमार राही, डॉ. प्रदीप प्रभात, बनारस हिंदू विश्वविद्यालय के शोधार्थी अमन कुमार होली, मधुबाला शांडिल्य, डॉ. रामजी यादव तथा डॉ. ओम प्रकाश की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। सभी विद्वानों एवं साहित्यकारों ने विजय भारती को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं और परिषद के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने हेतु पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
अपने संबोधन में नवमनोनीत प्रदेश अध्यक्ष विजय भारती ने कहा कि अखंड भारत साहित्य परिषद के माध्यम से भारत, भारतीयता और ‘हम’ की सांस्कृतिक चेतना को संपूर्ण विश्व तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि साहित्य केवल शब्दों का संग्रह नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण, सामाजिक चेतना और सांस्कृतिक एकता का सशक्त माध्यम है।
परिषद के वक्ताओं ने कहा कि आने वाले समय में झारखंड सहित देशभर में साहित्यिक गोष्ठियों, संगोष्ठियों, युवा संवाद, लोक-संस्कृति संरक्षण और भारतीय मूल्यबोध को केंद्र में रखकर विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिससे नई पीढ़ी को अपनी भाषा, संस्कृति और राष्ट्र के प्रति जागरूक किया जा सके।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रहित, साहित्य सेवा और सांस्कृतिक उत्थान के संकल्प के साथ किया गया।

गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से सशक्त पीढ़ी का निर्माण, तभी बनेगा मजबूत राष्ट्र

कैलाश सिंह

महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। किसी भी राष्ट्र का भविष्य उसकी आने वाली पीढ़ी पर निर्भर करता है और उस पीढ़ी की बुनियाद शिक्षा से ही रखी जाती है। गुणवत्तापूर्ण शिक्षा केवल डिग्री या रोजगार तक सीमित नहीं होती, बल्कि यह व्यक्ति के व्यक्तित्व, सोच, नैतिक मूल्यों और सामाजिक जिम्मेदारियों का समग्र विकास करती है। जब शिक्षा मजबूत होती है, तभी एक सशक्त, जागरूक और जिम्मेदार पीढ़ी का निर्माण संभव हो पाता है।

आज के दौर में यह प्रश्न अत्यंत महत्वपूर्ण हो गया है कि क्या हमारी वर्तमान शिक्षा व्यवस्था वास्तव में सशक्त पीढ़ी तैयार कर पा रही है। शिक्षा का बड़ा हिस्सा अब अंकों, परीक्षाओं और प्रतिस्पर्धा तक सीमित होता जा रहा है, जिसके कारण रचनात्मकता, नवाचार और नैतिक मूल्यों पर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया जा पा रहा है। यह स्थिति न केवल शिक्षा व्यवस्था के लिए बल्कि देश के भविष्य के लिए भी चिंताजनक है।

गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का वास्तविक अर्थ

गुणवत्तापूर्ण शिक्षा वह है जो छात्र को केवल किताबी ज्ञान ही नहीं, बल्कि व्यवहारिक कौशल, वैज्ञानिक दृष्टिकोण, नैतिक मूल्य और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना भी प्रदान करे। ऐसी शिक्षा युवाओं को आत्मनिर्भर बनाती है, उनमें निर्णय लेने की क्षमता विकसित करती है और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ती है।

ग्रामीण-शहरी शिक्षा अंतर बड़ी चुनौती

देश में आज भी ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच शिक्षा की गुणवत्ता में गहरी खाई मौजूद है। ग्रामीण इलाकों में आधारभूत सुविधाओं की कमी, प्रशिक्षित शिक्षकों का अभाव और आधुनिक तकनीक तक सीमित पहुंच शिक्षा के स्तर को प्रभावित कर रही है। यदि शिक्षा सभी के लिए समान, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण नहीं होगी, तो सशक्त पीढ़ी का सपना अधूरा ही रह जाएगा।

ये भी पढ़ें –फिरोजाबाद में जमीन विवाद ने लिया खूनी रूप, ताबड़तोड़ फायरिंग में किसान की मौत, पांच घायल

नई शिक्षा नीति और डिजिटल शिक्षा की भूमिका

नई शिक्षा नीति, डिजिटल शिक्षा, ऑनलाइन कक्षाएं और स्मार्ट क्लास जैसे प्रयासों ने शिक्षा व्यवस्था को नई दिशा दी है। तकनीकी संसाधनों ने सीखने के नए अवसर उपलब्ध कराए हैं, लेकिन इन योजनाओं की सफलता प्रभावी और ईमानदार क्रियान्वयन पर निर्भर करती है।

शिक्षक की भूमिका सबसे अहम

शिक्षक केवल विषय पढ़ाने वाला नहीं, बल्कि छात्र के चरित्र, सोच और भविष्य को गढ़ने वाला मार्गदर्शक होता है। शिक्षक का सम्मान, निरंतर प्रशिक्षण और संसाधनों से सशक्तिकरण गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की अनिवार्य शर्त है। जब शिक्षक सशक्त होगा, तभी छात्र और समाज सशक्त बनेंगे।

राष्ट्र निर्माण की नींव है गुणवत्तापूर्ण शिक्षा

स्पष्ट है कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा केवल व्यक्तिगत विकास का माध्यम नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की आधारशिला है। समाज, सरकार और शिक्षण संस्थानों को मिलकर शिक्षा की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देना होगा, तभी एक सशक्त पीढ़ी तैयार होगी और देश सच्चे अर्थों में प्रगति के पथ पर अग्रसर हो सकेगा।

ये भी पढ़ें – ‘हथियार नहीं डाले तो भुगतना पड़ेगा…’ ट्रंप का हमास को अल्टीमेटम, नेतन्याहू से मुलाकात के बाद सख्त संदेश

फिरोजाबाद में जमीन विवाद ने लिया खूनी रूप, ताबड़तोड़ फायरिंग में किसान की मौत, पांच घायल


फिरोजाबाद (राष्ट्र की परम्परा डेस्क)। उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले के शिकोहाबाद क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर सोमवार रात हिंसक झड़प हो गई। गांव नंदराम की मढ़ैया में पांच बीघा जमीन को लेकर दो पक्षों के बीच हुए खूनी संघर्ष में एक किसान की गोली लगने से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बीच-बचाव करने आए पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद गांव में दहशत और तनाव का माहौल है।

खेत से लौट रहे किसान पर हुई फायरिंग

सोमवार रात करीब 9 बजे किसान सत्यभान (45) और गांव के ही एक अन्य परिवार के बीच पुरानी जमीन रंजिश को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ते-बढ़ते मारपीट में बदल गया। इसी दौरान एक पक्ष ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।

आरोप है कि खेत से लौट रहे सत्यभान को हमलावरों ने घेर लिया और गोलियां चला दीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना से पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई।

बीच-बचाव करने आए परिजन भी घायल

फायरिंग की सूचना पर बीच-बचाव करने पहुंचे सत्यभान के बेटे गुलशन, शिवम, लवकुश, भाई राजपाल, भतीजा शिव कुमार और पत्नी राधा भी हमले में घायल हो गए। सभी को गंभीर हालत में संयुक्त चिकित्सालय शिकोहाबाद में भर्ती कराया गया है।

पत्नी का आरोप – संभलने का मौका तक नहीं दिया

मृतक की पत्नी राधा का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्यभान दिनभर खेत में काम करने के बाद घर लौट रहे थे और उन्हें संभलने का मौका तक नहीं दिया गया। अचानक हुई फायरिंग में उनकी जान चली गई।

ये भी पढ़ें – ‘हथियार नहीं डाले तो भुगतना पड़ेगा…’ ट्रंप का हमास को अल्टीमेटम, नेतन्याहू से मुलाकात के बाद सख्त संदेश

पुलिस जांच में जुटी, गांव में तैनात हुआ बल

सूचना मिलते ही नसीरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए फिरोजाबाद भेजा गया।
सीओ सिरसागंज अनीवेश सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। गांव में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

हथियार की जांच जारी

पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि फायरिंग में इस्तेमाल किया गया हथियार लाइसेंसी था या अवैध। ग्रामीणों के अनुसार, दोनों पक्षों में काफी समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था, लेकिन मामला इस हद तक पहुंच जाएगा, किसी ने नहीं सोचा था।

ये भी पढ़ें – बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया का निधन, 80 वर्ष की आयु में ली अंतिम सांस

‘हथियार नहीं डाले तो भुगतना पड़ेगा…’ ट्रंप का हमास को अल्टीमेटम, नेतन्याहू से मुलाकात के बाद सख्त संदेश

वॉशिंगटन (राष्ट्र की परम्परा डेस्क)। गाजा संकट को लेकर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हमास को दो टूक चेतावनी दी है। फ्लोरिडा स्थित अपने मार-ए-लागो एस्टेट में इस्राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से मुलाकात के बाद ट्रंप ने साफ कहा कि अगर हमास ने जल्द हथियार नहीं डाले, तो उसे इसके गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।

मीडिया से बातचीत में ट्रंप ने कहा कि गाजा में स्थायी शांति के लिए हमास का निरस्त्रीकरण अनिवार्य है। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि हमास को हथियार डालने के लिए बहुत कम समय दिया जाएगा। अगर उसने ऐसा नहीं किया, तो उसे इसके नतीजों के लिए तैयार रहना होगा।

नेतन्याहू से बातचीत में गाजा मुद्दा रहा केंद्र में

ट्रंप ने बताया कि नेतन्याहू के साथ उनकी बातचीत का मुख्य एजेंडा गाजा में संघर्षविराम और हमास की भूमिका रहा। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर अमेरिका और इस्राइल के विचार काफी हद तक समान हैं।
ट्रंप के अनुसार, “हमने कई अहम निष्कर्ष निकाले हैं। हम जिस दिशा में आगे बढ़ना चाहते हैं, उस पर हमारे बीच बहुत कम मतभेद हैं।”

वेस्ट बैंक पर पूरी सहमति नहीं

हालांकि, ट्रंप ने स्वीकार किया कि वेस्ट बैंक को लेकर अमेरिका और इस्राइल के विचार पूरी तरह मेल नहीं खाते। जब उनसे पूछा गया कि वेस्ट बैंक में बढ़ती हिंसा शांति प्रक्रिया को प्रभावित कर सकती है या नहीं, तो उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर लंबे समय से चर्चा चल रही है।

ट्रंप ने कहा, “मैं यह नहीं कहूंगा कि हम 100 फीसदी सहमत हैं, लेकिन हम किसी नतीजे पर जरूर पहुंचेंगे।” उन्होंने भरोसा जताया कि बातचीत के जरिए सभी विवाद सुलझाए जा सकते हैं और अमेरिका शांति प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।

ये भी पढ़ें – बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया का निधन, 80 वर्ष की आयु में ली अंतिम सांस

गाजा में स्थिरता के लिए हथियारों का अंत जरूरी

ट्रंप ने दोहराया कि गाजा में स्थिरता तभी संभव है, जब हिंसा और हथियारों का पूरी तरह अंत हो। उन्होंने कहा कि अमेरिका क्षेत्र में शांति सुनिश्चित करने के लिए हर संभव कदम उठाएगा।

ट्रंप ने नेतन्याहू की खुलकर की तारीफ

मुलाकात के दौरान ट्रंप ने इस्राइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की जमकर तारीफ की। उन्होंने नेतन्याहू को ‘युद्धकाल का प्रधानमंत्री’ बताया और कहा कि उन्होंने इस्राइल को एक बेहद खतरनाक दौर से बाहर निकाला है।

ट्रंप ने कहा, “उन्होंने शानदार काम किया है। अगर उस वक्त गलत प्रधानमंत्री होता, तो शायद आज इस्राइल अस्तित्व में ही न होता।” इस बयान के दौरान नेतन्याहू उनके बगल में खड़े मुस्कराते नजर आए।

ये भी पढ़ें – AI और शिक्षा: शिक्षक का विकल्प या सीखने का सशक्त सहायक?

इस्राइल की प्राथमिकता: हमास का निरस्त्रीकरण

नेतन्याहू ने भी स्पष्ट किया कि इस्राइल की प्राथमिकता हमास का निरस्त्रीकरण और गाजा का सैन्यीकरण खत्म करना है। इसके साथ ही उन्होंने ईरान से पैदा होने वाले खतरे का मुद्दा भी उठाया, जिसे इस्राइल न केवल मध्य-पूर्व बल्कि अमेरिका के लिए भी बड़ा जोखिम मानता है।

बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया का निधन, 80 वर्ष की आयु में ली अंतिम सांस

ढाका (राष्ट्र की परम्परा डेस्क)। बांग्लादेश की राजनीति में संघर्ष, सत्ता और साहस की प्रतीक रहीं देश की पूर्व प्रधानमंत्री और बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) की अध्यक्ष बेगम खालिदा जिया का 80 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। बीएनपी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट कर इस दुखद समाचार की पुष्टि की।

पार्टी के अनुसार, खालिदा जिया ने सुबह करीब 6 बजे ढाका के एवरकेयर अस्पताल में अंतिम सांस ली। वह पिछले 36 दिनों से अस्पताल में भर्ती थीं। 23 नवंबर को उन्हें दिल और फेफड़ों में संक्रमण के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इसके साथ ही वह निमोनिया से भी पीड़ित थीं।

बीएनपी ने की दुआ की अपील

बीएनपी द्वारा जारी आधिकारिक बयान में कहा गया कि पार्टी की अध्यक्ष, पूर्व प्रधानमंत्री और राष्ट्रीय नेता बेगम खालिदा जिया का फज्र की नमाज के बाद निधन हो गया। पार्टी ने देशवासियों से उनकी आत्मा की शांति के लिए दुआ करने की अपील की है।

विदेश में इलाज की कोशिशें रहीं असफल

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस महीने की शुरुआत में उनकी बिगड़ती सेहत को देखते हुए उन्हें विदेश ले जाकर इलाज कराने की तैयारी की गई थी, लेकिन अत्यधिक कमजोर स्वास्थ्य स्थिति के कारण यह संभव नहीं हो सका।

कई गंभीर बीमारियों से जूझ रही थीं

पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया लंबे समय से जिगर, किडनी, मधुमेह, गठिया और आंखों की बीमारियों से पीड़ित थीं। इसी वर्ष 6 मई को वह लंदन से भारत होते हुए बांग्लादेश लौटी थीं, जहां उन्होंने करीब चार महीने तक उन्नत चिकित्सा उपचार लिया।

ये भी पढ़ें – AI और शिक्षा: शिक्षक का विकल्प या सीखने का सशक्त सहायक?

बांग्लादेश की राजनीति में अहम भूमिका

1975 में बांग्लादेश के संस्थापक नेता शेख मुजीबुर रहमान की हत्या के बाद देश की राजनीति में अस्थिरता बढ़ी। इसके कुछ समय बाद खालिदा जिया के पति जनरल जियाउर रहमान सत्ता में आए और राष्ट्रपति बने, लेकिन 1981 में एक असफल तख्तापलट में उनकी हत्या हो गई।
इसके बाद खालिदा जिया ने बांग्लादेश की राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाई और कई बार प्रधानमंत्री रहीं।

चुनावी राजनीति पर पड़ेगा असर

मौजूदा हालात में, जब शेख हसीना देश से बाहर बताई जा रही हैं, खालिदा जिया के निधन को बांग्लादेश की राजनीति के लिए एक बड़ा मोड़ माना जा रहा है। आने वाले आम चुनावों में बीएनपी को प्रमुख दावेदार के रूप में देखा जा रहा था, लेकिन अब राजनीतिक समीकरण बदलने की संभावना है।

ये भी पढ़ें – डॉ. विक्रम साराभाई: भारतीय अंतरिक्ष कार्यक्रम के जनक और वैज्ञानिक दृष्टि के अग्रदूत

डॉ. विक्रम साराभाई: भारतीय अंतरिक्ष कार्यक्रम के जनक और वैज्ञानिक दृष्टि के अग्रदूत

पुनीत मिश्र

डॉ. विक्रम अंबालाल साराभाई भारत के उन महान वैज्ञानिकों में हैं, जिन्होंने देश को अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाते हुए विश्वस्तरीय पहचान दिलाई। एक प्रख्यात फिजिसिस्ट होने के साथ-साथ वे आधुनिक भारत के वैज्ञानिक विकास के शिल्पकार भी थे। उनका जन्म 12 अगस्त 1919 को अहमदाबाद के एक प्रगतिशील परिवार में हुआ, जहाँ शिक्षा, विज्ञान और सामाजिक दायित्व का वातावरण उन्हें बचपन से ही मिला। प्रारंभिक शिक्षा के बाद उन्होंने कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय से प्राकृतिक विज्ञान का अध्ययन किया और कॉस्मिक किरणों पर शोध के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिक जगत में अपनी अलग पहचान बनाई।
डॉ. विक्रम साराभाई की वैज्ञानिक दृष्टि केवल शोध और प्रयोगशालाओं तक सीमित नहीं थी, बल्कि वे विज्ञान को समाज के व्यापक हित से जोड़कर देखते थे। उनका स्पष्ट मानना था कि अंतरिक्ष विज्ञान का उद्देश्य शक्ति प्रदर्शन नहीं, बल्कि विकासशील देश की समस्याओं का समाधान होना चाहिए। इसी सोच के तहत 1962 में उन्होंने भारतीय राष्ट्रीय अंतरिक्ष अनुसंधान समिति की स्थापना कर भारत में अंतरिक्ष कार्यक्रम की नींव रखी, जो आगे चलकर इसरो के रूप में विकसित हुआ। केरल के थुंबा में स्थापित रॉकेट प्रक्षेपण केंद्र से भारत ने अंतरिक्ष युग में प्रवेश किया और सीमित संसाधनों के बावजूद आत्मनिर्भरता की दिशा में सशक्त कदम बढ़ाए।
डॉ. विक्रम साराभाई ने उपग्रहों के माध्यम से दूरसंचार, शिक्षा, मौसम पूर्वानुमान और ग्रामीण विकास जैसी योजनाओं की दूरदर्शी परिकल्पना की, जो आज भारत की अंतरिक्ष नीति की रीढ़ मानी जाती हैं। वे विज्ञान के साथ-साथ प्रबंधन और संस्थान निर्माण को भी राष्ट्र निर्माण का महत्वपूर्ण आधार मानते थे। फिजिकल रिसर्च लेबोरेटरी को अंतरराष्ट्रीय स्तर का शोध संस्थान बनाना और भारतीय प्रबंधन संस्थान अहमदाबाद की स्थापना में उनकी भूमिका उनके बहुआयामी व्यक्तित्व को दर्शाती है।
डॉ. विक्रम साराभाई को उनके असाधारण योगदान के लिए पद्म भूषण तथा मरणोपरांत पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया। 30 दिसंबर 1971 को उनका असामयिक निधन हो गया, लेकिन उनकी दूरदर्शी सोच आज भी भारत की हर अंतरिक्ष उपलब्धि में जीवित है। डॉ. विक्रम साराभाई केवल भारतीय अंतरिक्ष कार्यक्रम के जनक ही नहीं, बल्कि उस वैज्ञानिक चेतना के प्रतीक हैं, जिसने विज्ञान को जन-कल्याण और राष्ट्र विकास का सशक्त माध्यम बनाया।

परमानंद की प्राप्ति का मार्ग: ‘अहम्’ का विसर्जन और आत्मविचार, रमण महर्षि का आध्यात्मिक संदेश

आधुनिक युग के महान ऋषि और संत रमण महर्षि का सम्पूर्ण आध्यात्मिक चिंतन एक अत्यंत सूक्ष्म किंतु क्रांतिकारी सत्य पर केंद्रित है। ‘अहम्’ का लय और आत्मविचार द्वारा आत्मसाक्षात्कार। उन्होंने न तो किसी नये मत की स्थापना की, न किसी कर्मकांड का आग्रह किया, बल्कि मनुष्य को सीधे उसके मूल प्रश्न से रूबरू कराया “मैं कौन हूँ?” यही प्रश्न उनके दर्शन की धुरी है और परमानंद की प्राप्ति का प्रवेश द्वार भी।
रमण महर्षि का जीवन स्वयं एक मौन उपदेश था। सोलह वर्ष की अल्पायु में मृत्यु-बोध के माध्यम से उन्हें जो आत्मानुभूति हुई, वही आगे चलकर उनके उपदेशों का आधार बनी। उन्होंने जाना कि देह नश्वर है, मन परिवर्तनशील है, किंतु जो साक्षी भाव से इन सबको देख रहा है। वही सत्य आत्मा है। यही आत्मा परमानंद का स्रोत है। मनुष्य जब तक स्वयं को शरीर और अहंकार से जोड़कर देखता है, तब तक वह सुख-दुःख के द्वंद्व में उलझा रहता है। रमण महर्षि के अनुसार, इस द्वंद्व से मुक्ति का एकमात्र उपाय है। अहम्‌-भाव का क्षय।
‘अहम्’ केवल आत्मगौरव या दंभ नहीं, बल्कि वह मूल भ्रांति है जो व्यक्ति को ‘मैं’ और ‘मेरा’ के सीमित घेरे में बांध देती है। रमण महर्षि कहते हैं कि यह ‘अहम्’ ही समस्त बंधनों की जड़ है। जब साधक आत्मविचार करता है और यह खोजता है कि यह ‘मैं’ वास्तव में कौन है, तब यह अहंकार टिक नहीं पाता। खोज के प्रकाश में वह स्वयं विलीन हो जाता है। यही लय अवस्था है, जहां साधक और साध्य का भेद समाप्त हो जाता है।
आत्मविचार की प्रक्रिया न तो जटिल है और न ही बाह्य साधनों पर निर्भर। रमण महर्षि ने स्पष्ट कहा कि सत्य बाहर नहीं, भीतर है। ध्यान, जप या योग तभी सार्थक हैं जब वे मन को उसकी मूल सत्ता की ओर मोड़ें। आत्मविचार कोई बौद्धिक अभ्यास नहीं, बल्कि चेतना की एकाग्रता है। उस स्रोत पर, जहां से ‘मैं’ का विचार उठता है। जैसे ही मन उस मूल में स्थिर होता है, परमानंद स्वतः प्रकट होने लगता है।
रमण महर्षि का दर्शन आज के अशांत, भोगप्रधान और प्रतिस्पर्धात्मक समाज के लिए विशेष रूप से प्रासंगिक है। बाहरी उपलब्धियों के बावजूद मनुष्य भीतर से रिक्त और असंतुष्ट है। रमण महर्षि इस रिक्तता का कारण स्पष्ट करते हैं, आत्मविस्मृति। वे हमें याद दिलाते हैं कि स्थायी सुख किसी वस्तु, पद या संबंध से नहीं, बल्कि आत्मस्वरूप की पहचान से आता है। जब ‘अहम्’ मिटता है, तभी शुद्ध चेतना का अनुभव होता है और वही परमानंद है।
उनका संदेश सरल है, पर प्रभाव गहन। मौन, सरलता और करुणा के माध्यम से उन्होंने सिद्ध किया कि आत्मज्ञान किसी विशेष वर्ग या वेश की बपौती नहीं। यह हर उस व्यक्ति के लिए संभव है जो भीतर झांकने का साहस करता है। रमण महर्षि का जीवन और दर्शन हमें यह सिखाता है कि सच्ची साधना बाहर की यात्रा नहीं, बल्कि भीतर की वापसी है।
रमण महर्षि का आध्यात्मिक दर्शन यह उद्घोष करता है कि परमानंद कोई प्राप्त की जाने वाली वस्तु नहीं, बल्कि हमारा स्वभाव है। आवश्यकता केवल इतनी है कि ‘अहम्’ की परत हटे और आत्मविचार की ज्योति जले। यही उनकी मौलिक देन है और यही मानवता के लिए उनका अमर संदेश।

AI और शिक्षा: शिक्षक का विकल्प या सीखने का सशक्त सहायक?

सोमनाथ मिश्र की कलम से
(राष्ट्र की परम्परा)।

डिजिटल युग में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) शिक्षा व्यवस्था में तेजी से प्रवेश कर रही है। स्मार्ट क्लासरूम, पर्सनलाइज्ड लर्निंग ऐप्स, ऑटोमैटिक मूल्यांकन और वर्चुअल ट्यूटर—ये सभी शिक्षा के नए चेहरे हैं। ऐसे में एक अहम सवाल उठता है: क्या AI भविष्य में शिक्षक का स्थान ले लेगा, या वह शिक्षक का प्रभावी सहायक बनकर शिक्षा को और बेहतर करेगा?
AI से बदलती पढ़ाई की तस्वीर
AI आधारित तकनीकें छात्रों की सीखने की गति, रुचि और कमजोरी के अनुसार पाठ्य सामग्री प्रस्तुत कर सकती हैं। एडेप्टिव लर्निंग प्लेटफॉर्म कमजोर छात्रों को अतिरिक्त अभ्यास और तेज सीखने वालों को उन्नत सामग्री देते हैं। परीक्षा मूल्यांकन में AI समय बचाता है, प्लेगरिज़्म जांचता है और डेटा एनालिटिक्स के जरिए सीखने के परिणामों का विश्लेषण करता है। ग्रामीण और दूरदराज़ क्षेत्रों में वर्चुअल क्लासेस और AI ट्यूटर गुणवत्तापूर्ण संसाधनों तक पहुंच बढ़ाते हैं।
क्या AI शिक्षक का विकल्प बन सकता है?
तकनीक जितनी भी उन्नत हो, शिक्षा केवल सूचना का आदान-प्रदान नहीं है। शिक्षक का मानवीय स्पर्श—प्रेरणा, संवेदना, नैतिक मार्गदर्शन और कक्षा की सामाजिक गतिशीलता—AI नहीं दे सकता। शिक्षक छात्रों की भावनात्मक जरूरतों को समझते हैं, मूल्य-आधारित शिक्षा देते हैं और जटिल अवधारणाओं को संदर्भ के साथ समझाते हैं। AI डेटा पर काम करता है, जबकि शिक्षक अनुभव और विवेक पर।

सहायक के रूप में AI की वास्तविक भूमिका-
AI शिक्षक के कार्यभार को कम कर सकता है—जैसे होमवर्क जांच, प्रगति रिपोर्ट, कंटेंट क्यूरेशन और रेमेडियल सपोर्ट। इससे शिक्षक रचनात्मक शिक्षण, चर्चा, प्रोजेक्ट-आधारित सीख और व्यक्तिगत मार्गदर्शन पर अधिक समय दे सकते हैं। विशेष आवश्यकता वाले छात्रों के लिए AI सहायक टूल्स समावेशी शिक्षा को मजबूत बनाते हैं।
चुनौतियाँ और सावधानियाँ
डेटा गोपनीयता, एल्गोरिदमिक पक्षपात, डिजिटल डिवाइड और अत्यधिक स्क्रीन टाइम जैसी चुनौतियाँ भी हैं। बिना प्रशिक्षण के AI का उपयोग शिक्षकों को हाशिये पर डाल सकता है। इसलिए नीति-निर्माण, शिक्षक प्रशिक्षण और नैतिक मानकों का पालन अनिवार्य है।

निष्कर्ष-
AI न तो शिक्षक का पूर्ण विकल्प है, न ही होना चाहिए। सही दृष्टिकोण में AI एक शक्तिशाली सहायक है, जो शिक्षक को और प्रभावी बनाता है। भविष्य की शिक्षा वही होगी जहाँ तकनीक और शिक्षक मिलकर—मानवता और नवाचार के संतुलन के साथ—छात्रों के समग्र विकास को प्राथमिकता दें।

दुष्यंत कुमार: असहमति, संवेदना और समय की आवाज

नवनीत मिश्र

दुष्यंत कुमार हिन्दी कविता और ग़ज़ल की परंपरा में वह सशक्त हस्ताक्षर हैं, जिन्होंने शब्दों को सौंदर्य की सीमा से निकालकर सामाजिक संघर्ष का माध्यम बनाया। उनकी रचनाएँ केवल पढ़ी नहीं जातीं, बल्कि महसूस की जाती हैं। वे कविता को जनता की आवाज़ बनाते हैं और व्यवस्था से प्रश्न पूछने का साहस देते हैं।
दुष्यंत कुमार का जन्म 1 सितंबर 1933 को उत्तर प्रदेश के बिजनौर जनपद में हुआ। उच्च शिक्षा इलाहाबाद विश्वविद्यालय से प्राप्त की। आरंभ में उन्होंने कविता लिखी, किंतु बाद में ग़ज़ल को अपना प्रमुख माध्यम बनाया। उन्होंने ग़ज़ल को दरबारों और महफ़िलों की सीमाओं से बाहर निकालकर आम आदमी के दुःख, ग़ुस्से और उम्मीदों से जोड़ा।

उनकी प्रसिद्ध पंक्ति-
“हो गई है पीर पर्वत-सी पिघलनी चाहिए”
केवल काव्य सौंदर्य नहीं, बल्कि सामाजिक चेतना का उद्घोष है। यह पंक्ति बताती है कि जब पीड़ा असहनीय हो जाती है, तब परिवर्तन अनिवार्य हो जाता है।
दुष्यंत कुमार की ग़ज़लें सत्ता की संवेदनहीनता, व्यवस्था की विफलता और आम जन की पीड़ा को बेनकाब करती हैं-
सिर्फ़ हंगामा खड़ा करना मेरा मक़सद नहीं,
मेरी कोशिश है कि ये सूरत बदलनी चाहिए।”

यह पंक्तियाँ आज भी आंदोलनों, सभाओं और जनसंवादों में उतनी ही प्रासंगिक हैं, जितनी अपने समय में थीं।
तु किसी रेल सी गुज़रती है…
यह पंक्ति दुष्यंत कुमार की काव्य दृष्टि का प्रतीक है। यहाँ ‘रेल’ केवल गति का बिंब नहीं, बल्कि समय, दूरी और टूटते संबंधों का संकेत बन जाती है। उनके यहाँ प्रेम भी समाज से कटकर नहीं आता, बल्कि उसी यथार्थ से टकराता है, जिसमें आम आदमी जीता है।
दुष्यंत कुमार की भाषा सरल, सीधी और आम जन की बोलचाल से निकली हुई है। यही कारण है कि उनकी कविता विद्वानों तक सीमित नहीं रहती, बल्कि किसान, मजदूर, छात्र और आम पाठक सभी से संवाद करती है। उन्होंने जटिल प्रतीकों के बजाय सहज शब्दों को चुना, ताकि बात सीधे मन तक पहुँचे।
उनका साहित्य यह सिखाता है कि कवि का दायित्व केवल सौंदर्य रचना नहीं, बल्कि अन्याय के विरुद्ध खड़ा होना भी है। वे निर्भीक अभिव्यक्ति के कवि हैं, जो सत्ता से समझौता नहीं करते।
30 दिसंबर 1975 को उनका निधन हो गया, लेकिन उनके शब्द आज भी जीवित हैं। दुष्यंत कुमार केवल एक कवि नहीं, बल्कि चेतना हैं। जो हर उस समय जाग उठती है, जब कोई चुप्पी तोड़ता है, सवाल करता है और कहता है-

कहाँ तो तय था चराग़ाँ हर एक घर के लिए,
कहाँ चराग़ मयस्सर नहीं शहर के लिए।”