शाहजहांपुर(राष्ट्र की परम्परा)
थाना गढ़िया रंगीन की कृषि भूमि बुधवार 28 अक्टूबर को एक वर्ष के लिए पांच लाख रुपये में ठेके पर नीलाम हुई। ग्राम रपड़िया नवादा निवासी रामासरे पुत्र सोनपाल ने सर्वाधिक बोली लगाकर ठेका अपने नाम किया। नीलामी पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के निर्देश पर संपन्न हुई।
गाटा संख्या 452 की कुल आठ हेक्टेयर (लगभग 122 बीघा) भूमि को 28 अक्टूबर 2026 से 28 अक्टूबर 2027 तक कृषि कार्य के लिए ठेके पर दिया गया। नीलामी की अध्यक्षता क्षेत्राधिकारी तिलहर ने की। इस दौरान प्रतिसार निरीक्षक रिजर्व पुलिस लाइन शाहजहांपुर भी मौजूद रहे। प्रक्रिया में कुल सात प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
नीलामी में पहली बोली 2 लाख 80 हजार रुपये से शुरू हुई। इसके बाद अनिल पुत्र नाथू ने 4 लाख 90 हजार रुपये की बोली लगाई। अंत में रामासरे पुत्र सोनपाल ने पांच लाख रुपये की अंतिम और सर्वाधिक बोली लगाई, जिसे स्वीकार कर ठेका उनके नाम किया गया। नीलामी से पुलिस विभाग को राजस्व प्राप्त होगा और भूमि का कृषि कार्य में उपयोग सुनिश्चित होगा।