Wednesday, February 18, 2026
Homeउत्तर प्रदेशपॉलिथीन मुक्त बनाने के लिए "स्वच्छ भारत स्वच्छ बहराइच"अभियान की शुरुआत

पॉलिथीन मुक्त बनाने के लिए “स्वच्छ भारत स्वच्छ बहराइच”अभियान की शुरुआत

बहराइच (राष्ट्र की परम्परा)|को पॉलिथीन थैलियों से पूरी तरह मुक्त कराने के लिए जिला प्रशासन द्वारा महिलाओं के स्वयं सहायता समूहों की मदद से कपड़े के छपे हुए सस्ते झोले बाजार में दुकान दुकान पहुंचाने का अभियान जिला प्रशासन की ओर से शुरू किया जा रहा है। अभियान सफल हुआ तो पॉलिथीन थैलियों की बजाय 5 से 10 रूपए कीमत के छपे हुए कपड़े के झोले अब बहराइच की दुकानों व रिटेल मार्ट पर तथा ग्राहकों के हाथों में दिखलाई पड़ेंगे। इस संबंध में नगर मजिस्ट्रेट शालिनी प्रभाकर ने आज बताया कि जिले में काम कर रही जरूरतमंद महिलाओं के स्वयं सहायता समूहों से कपड़े के सस्ते झोले बनाकर दुकानों और घरों में सप्लाई करने का आह्वान किया गया है। पायलट प्रोजेक्ट के रूप इसकी शुरुआत “स्वच्छ भारत स्वच्छ बहराइच” के नाम से बहराइच शहर से की जा रही है।उन्होंने बताया कि अभियान से जरूरतमंद महिलाओं को रोजगार उपलब्ध होगा साथ ही हमारा शहर व जिला धीरे धीरे पॉलिथीन मुक्त हो जाएगा। नगर मजिस्ट्रेट ने बताया कि प्रदेश व देश में सिंगल यूज प्लास्टिक पर जारी प्रतिबंध के तहत काली पॉलिथीन व अन्य प्रतिबंधित पॉलिथीन थैलियों का उपयोग रोकने हेतु शासन व प्रशासन लगातार प्रयासरत है। इस क्रम में जागरूकता अभियान चलाने के साथ साथ बहराइच जनपद में कार्यरत करीब 150 महिला स्वयं सहायता समूहों से सस्ते कपड़े के थैले सिलने को कहा गया है। इन समूहों को सस्ते कपड़े के थान थोक रेट पर दिलवाने व निर्मित थैले बिकवाने में भी प्रशासन पूरी सहायता करेगा। इसके लिए उद्योग व्यापार मंडल व अन्य स्वयं सेवी संगठनों की मदद ली जा रही है। पायलट प्रोजेक्ट के रूप में इसे बहराइच शहर से शुरू किया जा रहा है। बाद में पूरे जनपद में इसका प्रसार होगा। नगर मजिस्ट्रेट ने बताया कि गुरुवार को उद्योग व्यापार मंडल अध्यक्ष कुलभूषण अरोरा,उपाध्यक्ष मनीष मल्होत्रा, महामंत्री दीपक सोनी “दाऊजी”, व्यापार मंडल सदस्य रामकिशोर गुप्ता व मनोज गुप्ता के साथ हुई बातचीत में निर्णय लिया गया कि आगामी सोमवार को उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारियों व प्लास्टिक तथा अन्य झोला निर्माताओं, विक्रेताओं तथा झोले में भरकर सामान बेचने वाले दुकानदारों के संगठनों की एक बैठक बुलाई गयी है। बैठक में अभियान को सफल बनाने हेतु सभी के विचार मांगे गये हैं। उद्योग व्यापार मंडल की ओर से “स्वच्छ भारत स्वच्छ बहराइच” अभियान के प्रभारी डिस्पोजेबल बैग निर्माता व्यापारी राम किशोर गुप्ता को बनाया गया है। व्यापार मंडल अध्यक्ष कुलभूषण अरोरा ने बताया कि गुप्ता इस व्यवसाय से जुड़े व्यापारियों का व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर तथा उनसे व्यक्तिगत रूप से संपर्क कर नगर मजिस्ट्रेट के साथ उनकी बैठक कराएंगे। उद्योग व्यापार मंडल महामंत्री दीपक सोनी “दाऊजी” ने कहा कि उद्योग व्यापार मंडल की ओर से आने वाले दिनों में कपड़े के थैलों का ज्यादा से ज्यादा उपयोग करने के लिए जागरूकता अभियान को तेजी पकड़ाई जाएगी। स्वच्छ भारत स्वच्छ बहराइच अभियान के तहत नगर मजिस्ट्रेट से सस्ते कपड़े के थैले का नमूना प्राप्त करते व्यापार मंडल पदाधिकारी l

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments