पेट दर्द के बाद बिगड़ी तबीयत, जिला अस्पताल ले जाते समय हुई मौत
बलिया (राष्ट्र कि परम्परा )
नवानगर निवासी 28 वर्षीय जितेंद्र राजभर की शनिवार शाम अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद जिला अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। शनिवार शाम करीब सात बजे जितेंद्र के पेट में अचानक तेज दर्द होने लगा। दर्द से वह छटपटाने लगा और कुछ देर बाद बेहोश हो गया। उस समय घर पर उसकी पत्नी ही मौजूद थी। पत्नी के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और जितेंद्र को नवानगर स्थित एक निजी चिकित्सक के पास ले गए। निजी चिकित्सक ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर जा रहे थे, तभी रास्ते में उसकी मौत हो गई। जितेंद्र चार भाइयों में दूसरे नंबर पर था। उसके माता-पिता गांव से बाहर स्थित अपने डेरे पर रहते हैं। बताया जाता है कि वहां धान की कटाई के बाद फसल रखी हुई थी। मौसम खराब होने की आशंका के चलते धान को डेरे पर सुरक्षित रखने का कार्य किया जा रहा था। इस संबंध में थानाध्यक्ष सिकंदरपुर हरिशंकर सिंह ने बताया कि युवक की मौत के कारणों का स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
