पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची से छूटा तो होगी जिम्मेदारी तय, डीएम ने किया विशेष अभियान का निरीक्षण

18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं और नवविवाहिताओं का नाम जोड़ने पर विशेष जोर, छह बूथों पर मिले 36 फार्म-06

महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। मतदाता सूची को त्रुटिरहित और अधिक समावेशी बनाने के लिए चलाए जा रहे विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण -2027 अभियान में किसी भी पात्र नागरिक का नाम छूटने नहीं दिया जाएगा। इसके लिए बीएलओ घर-घर संपर्क कर लोगों को जागरूक करें और नए मतदाताओं का पंजीकरण प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित करें। यह निर्देश जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन. ने रविवार को कंपोजिट विद्यालय मिठौरा में आयोजित विशेष अभियान के निरीक्षण के दौरान दिए।
जिलाधिकारी ने विद्यालय परिसर में स्थापित बूथों का जायजा लेते हुए बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) से नए मतदाताओं के पंजीकरण और फार्म-06 प्राप्ति की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने का महत्वपूर्ण अभियान है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। विशेष रूप से 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं, नवविवाहिताओं और अब तक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित पात्र नागरिकों को चिह्नित कर उनका पंजीकरण कराया जाए।
डीएम ने निर्देश दिया कि अभियान के दौरान सभी बीएलओ निर्धारित समय पर अपने-अपने बूथों पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें। फार्म-06 भरने में नागरिकों की मदद करने के साथ प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध सत्यापन और ऑन-लाइन फीडिंग भी सुनिश्चित करें। मतदाता सूची में नाम, आयु और पते से संबंधित त्रुटियों को ठीक कराने के लिए लोगों को सुधार प्रक्रिया की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाए।
उन्होंने ज्वाइंट मजिस्ट्रेट सदर को बीएलओ की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित कराने तथा सभी सुपरवाइजरों को क्षेत्र में भ्रमणशील रह कर कार्यों की निगरानी करने का निर्देश दिया। कहा कि अभियान की सफलता के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों को पूरी जिम्मेदारी एवं गंभीरता से काम करना होगा।
कंपोजिट विद्यालय मिठौरा में बूथ संख्या 206 से 211 तक कुल छह मतदेय स्थल स्थापित हैं। विशेष अभियान के दौरान इन सभी बूथों पर नए मतदाताओं के पंजीकरण के लिए कुल 36 फार्म-06 प्राप्त हुए। इनमें बूथ संख्या 206 पर सात, 207 पर छह, 208 पर पांच, 209 पर छह, 210 पर पांच और बूथ संख्या 211 पर पांच आवेदन शामिल हैं। निरीक्षण के दौरान बीएलओ कंचन सिंह, प्रियंका देवी, रीता देवी, माधुरी देवी, सुनील कुमार एवं हसीना खातून उपस्थित रहें।