
मंदिर परिसर में श्रद्धा और भक्ति के बीच प्रज्वलित किए गए दीप, क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना
गोरखपुर (राष्ट्र की परम्परा)। पूर्वांचल के प्रसिद्ध शक्तिपीठ मां तरकुलहा देवी धाम में छोटी दीपावली के पावन अवसर पर भव्य दीपोत्सव का आयोजन किया गया। मां तरकुलहा देवी धाम चैरिटेबल ट्रस्ट एवं व्यापार मंडल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में लगभग 1500 दीप प्रज्वलित किए गए। दीपों की रोशनी से मंदिर परिसर जगमगा उठा और पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।दीपोत्सव के मद्देनजर मंदिर परिसर की विशेष साफ-सफाई कर आकर्षक ढंग से सजावट की गई। शाम पांच बजे शुरू हुए कार्यक्रम में मंदिर परिसर और मंदिर के सामने बड़ी संख्या में दीप जलाए गए। एक साथ प्रज्वलित 1500 दीपों की अलौकिक छटा ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।उल्लेखनीय है कि मां तरकुलहा देवी धाम चैरिटेबल ट्रस्ट एवं व्यापार मंडल की ओर से प्रत्येक वर्ष दीपावली के अवसर पर इस तरह का दीपोत्सव आयोजित किया जाता है। इस आयोजन का उद्देश्य धार्मिक परंपराओं को आगे बढ़ाने के साथ ही समाज में आपसी एकता, भाईचारे और सेवा भाव को प्रोत्साहित करना है।कार्यक्रम में ट्रस्ट के महामंत्री राजेश जायसवाल, व्यापार मंडल के उपाध्यक्ष हिमाचल सहानी, ऋषि, सनी, भाजपा नेता डॉ. दिनेश यदुवंशी, पंडित विष्णु तिवारी, पंडित आनंद मिश्रा, अमरनाथ जायसवाल, सोनू पासवान, सचिन पासवान, दीपक सिंह, अमरजीत पासवान, रामनयन राजभर एवं सोनू शाह सहित बड़ी संख्या में व्यापारी और श्रद्धालु मौजूद रहे।इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने मां तरकुलहा देवी की आराधना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। साथ ही दीपावली का पर्व आपसी सौहार्द, सामाजिक एकता और सेवा भावना के साथ मनाने का संदेश दिया।
