सिकंदरपुऱ /बलिया (राष्ट्र की परम्परा )

तहसील क्षेत्र के बेलौना गांव में जर्जर बिजली के तारों से दुर्घटना की आशंका को लेकर ग्रामीणों ने सोमवार को आवाज उठाई। भारतीय स्वतंत्र आवाज के पदाधिकारियों ने उपजिलाधिकारी सिकंदरपुर को पत्रक सौंपकर समस्या के समाधान की मांग की। इसके बाद ग्रामीण बेलौना मोड़ पर धरने पर बैठ गए। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में कई स्थानों पर जर्जर बिजली के तार घरों और सार्वजनिक रास्तों के ऊपर से गुजर रहे हैं। तार टूटकर गिरने या शॉर्ट सर्किट होने से गंभीर हादसा हो सकता है। उन्होंने पुराने तारों को बदलने, झूलते तारों को सुरक्षित ऊंचाई पर व्यवस्थित करने और जर्जर विद्युत खंभों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की। धरने का नेतृत्व संगठन के अध्यक्ष भुवाल आनंद ‘भारतीय’, उपाध्यक्ष सकिन खातून और महासचिव सुमित यादव ने किया। इस दौरान सचिव रजनीश यादव, राहुल वर्मा, गोविन्दा जी तथा ग्रामीण राकेश गुप्ता, राजा प्रसाद, सरवर अंसारी, डब्लू प्रजापति, रोहित चौहान, गोलू यादव और मेराज अंसारी सहित अन्य लोग मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।