
ऑपरेशन क्लीन के तहत न्यायालय के आदेश पर हुई कार्रवाई, अंग्रेजी, देशी और कच्ची शराब का किया गया विनष्टीकरण
देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)। जिले में अपराधों से संबंधित जब्त माल के निस्तारण के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन क्लीन’ के तहत सोमवार को भाटपाररानी थाने में 1477 लीटर अवैध शराब का विनष्टीकरण किया गया। यह शराब कुल 115 अभियोगों से संबंधित थी। पुलिस ने न्यायालय के आदेश के अनुपालन में निर्धारित कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शराब को नष्ट कराया।पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत भाटपाररानी पुलिस ने 26 अक्टूबर को यह कार्रवाई की। नष्ट की गई शराब में 900 लीटर अंग्रेजी शराब, 334 लीटर देशी शराब और 243 लीटर अवैध कच्ची शराब शामिल है।
पुलिस के अनुसार, न्यायालय के आदेश के क्रम में आवश्यक विधिक प्रक्रियाओं का पालन करते हुए शराब का विनष्टीकरण किया गया। देवरिया पुलिस द्वारा ‘ऑपरेशन क्लीन’ के अंतर्गत विभिन्न मामलों से संबंधित लंबित मालों का नियमानुसार निस्तारण लगातार किया जा रहा है।
