कथित हमले का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

बहराइच (राष्ट्र की परम्परा)। थाना नवाबगंज क्षेत्र के केवलपुर गांव में बहन को प्रताड़ित करने की शिकायत पर बहनोई को समझाने पहुंचे साले पर धारदार हथियार से हमला करने का मामला सामने आया है। हमले में मटेरा थाना क्षेत्र के मटेरा गांव निवासी मकसूद खां के दोनों हाथ घायल हो गए। घायल को ग्रामीणों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, मकसूद खां की बहन आमना की शादी नवाबगंज थाना क्षेत्र के केवलपुर गांव निवासी अफसर खां के साथ हुई है। आरोप है कि अफसर खां आए दिन अपनी पत्नी के साथ मारपीट और प्रताड़ना करता था।

सोमवार को आमना ने फोन कर अपने भाई मकसूद को इसकी जानकारी दी और पति को समझाने के लिए घर बुलाया।बताया जाता है कि सोमवार शाम मकसूद बहन के घर पहुंचा। वहां किसी बात को लेकर मकसूद और उसके बहनोई अफसर खां के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि इसी दौरान अफसर खां ने तलवार से मकसूद पर हमला कर दिया। बचाव के दौरान मकसूद के दोनों हाथ घायल हो गए। चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जिसके बाद मकसूद किसी तरह वहां से निकलकर अपनी जान बचाने में सफल रहा।घटना का कथित सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल होने की बात भी सामने आई है। वीडियो में एक व्यक्ति दूसरे पर तलवार से हमला करता दिखाई देने का दावा किया जा रहा है।इस मामले में मकसूद खां ने नवाबगंज थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। थाना प्रभारी जितेन्द्र कुमार यादव ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर घायल को चिकित्सीय परीक्षण के लिए भेजा गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।