कालकाजी मंदिर के पास किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म, मुठभेड़ के बाद एक आरोपी गिरफ्तार

दिल्ली (राष्ट्र की परम्परा डेस्क) में पुलिस टीम पर फायरिंग का आरोप, जवाबी कार्रवाई में पैर में लगी गोली; दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी
नई दिल्ली। दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के कालकाजी मंदिर क्षेत्र में 17 वर्षीय किशोरी के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने मुठभेड़ के बाद एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी की पहचान आसिफ के रूप में हुई है। कार्रवाई के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे एम्स ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया।
पुलिस के अनुसार, सोमवार शाम किशोरी अपने 17 वर्षीय पुरुष मित्र के साथ कालकाजी मंदिर गई थी। इसके बाद दोनों गेट नंबर-7 से आस्था कुंज पार्क में पहुंचे। आरोप है कि इसी दौरान तीन युवक वहां पहुंचे और खुद को पुलिसकर्मी बताया। उन्होंने किशोरी को उसके दोस्त से अलग कर पार्क के एक सुनसान हिस्से में ले जाकर उसके साथ कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म किया।
शिकायत के मुताबिक, आरोपियों में शामिल आसिफ ने किशोरी को पिस्तौल और चाकू दिखाकर धमकाया। पुलिस के अनुसार, उसके बाद दोनों अन्य आरोपियों ने भी किशोरी के साथ कथित रूप से दुष्कर्म किया। घटना के बाद आरोपियों ने किशोरी और उसके दोस्त को धमकी दी।
घटना की सूचना सोमवार रात करीब 8:45 बजे पुलिस नियंत्रण कक्ष को मिली। सूचना पर अमर कॉलोनी थाने की पुलिस टीम आस्था कुंज पार्क पहुंची, जहां किशोरी अपने दोस्त के साथ मिली। किशोरी को चिकित्सीय जांच के लिए एम्स भेजा गया। वहीं, अपराध जांच और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
मामले में अमर कॉलोनी थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और पॉक्सो अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गईं।
पुलिस के मुताबिक आरोपी ने तीन गोलियां चलाईं
जांच के दौरान पुलिस को आसिफ के अमर कॉलोनी स्थित डीएम ऑफिस रोड के आसपास होने की सूचना मिली। इसके आधार पर पुलिस टीम ने उसे पकड़ने के लिए घेराबंदी की। पुलिस का दावा है कि रोकने और आत्मसमर्पण करने के निर्देश के बावजूद आसिफ ने टीम पर तीन गोलियां चला दीं।
पुलिस के अनुसार, इनमें से एक गोली हेड कांस्टेबल राजेश की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी। इसके बाद हेड कांस्टेबल ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक गोली आसिफ के दाहिने पैर में लगी। घायल आरोपी को तत्काल अस्पताल ले जाया गया।
मुठभेड़ की जगह पर अपराध जांच दल और एफएसएल टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए हैं। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है और फरार दो अन्य आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।