सांकेतिक

धनबाद (राष्ट्र की परम्परा डेस्क)। धनबाद के निरसा क्षेत्र में पुलिस और अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ में कुख्यात शूटर सागर सिंह उर्फ शिबू गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया। घायल आरोपी को कड़ी सुरक्षा के बीच अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार चल रहा है।
पुलिस के मुताबिक, निरसा इलाके में कुछ अपराधियों के किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के लिए जुटने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर धनबाद एसएसपी प्रभात कुमार के निर्देश पर विशेष पुलिस टीम गठित कर कार्रवाई के लिए भेजी गई।
पुलिस टीम के मौके पर पहुंचते ही अपराधियों की ओर से फायरिंग शुरू कर दी गई। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली सागर सिंह के पैर में लगी। गोली लगने के बाद वह मौके पर गिर पड़ा, जिसके बाद पुलिसकर्मियों ने उसे पकड़ लिया।
पुलिस अब मुठभेड़ के दौरान मौके से फरार हुए सागर सिंह के अन्य साथियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। अधिकारियों के अनुसार, पकड़े गए आरोपी से पूछताछ के आधार पर उसके नेटवर्क और प्रस्तावित आपराधिक योजना से जुड़ी जानकारी जुटाई जा रही है।
नीरज सिंह हत्याकांड में भी नाम
पुलिस के अनुसार, सागर सिंह उर्फ शिबू का आपराधिक रिकॉर्ड गंभीर रहा है। उसका नाम धनबाद के चर्चित पूर्व डिप्टी मेयर नीरज सिंह हत्याकांड में मुख्य शूटरों में शामिल बताया जाता है। इसके अलावा जमशेदपुर के चर्चित निखार सबलोक हत्याकांड में भी पुलिस उसे वांछित बता रही थी।
पुलिस का कहना है कि सागर सिंह की गिरफ्तारी से संभावित बड़ी आपराधिक वारदात को टालने में मदद मिली है। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कार्रवाई लगातार चल रही है।