
संत कबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)। “जो राजनीतिक दल सैथवार समाज को पांच या उससे अधिक टिकट देगा, सैथवार समाज उसी के साथ खड़ा होगा।” सैथवार मल्ल महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष गंगा सिंह सैथवार ने यह दो टूक ऐलान जिला मुख्यालय खलीलाबाद के एक होटल में आयोजित जिला स्तरीय बैठक में किया। उनके इस बयान से समाज की आगामी चुनावी रणनीति साफ हो गई है।
श्री सैथवार ने कहा कि अब सैथवार समाज केवल आश्वासनों के भरोसे नहीं रहेगा। राजनीतिक प्रतिनिधित्व देने वाले दल के साथ ही समाज अपनी ताकत लगाएगा। उन्होंने समाज के लोगों से एकजुट होकर सामूहिक निर्णय लेने और चुनाव में अपनी राजनीतिक ताकत का इस्तेमाल करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि सैथवार समाज को अपनी राजनीतिक हिस्सेदारी सुनिश्चित करने के लिए संगठित होकर आगे बढ़ना होगा। चुनाव में समाज की भूमिका निर्णायक हो सकती है, इसलिए राजनीतिक दलों को समाज की अपेक्षाओं को गंभीरता से लेना होगा।
बैठक की अध्यक्षता महासभा के जिलाध्यक्ष अखिलेश्वर सिंह ने की। मुख्य अतिथि गंगा सिंह सैथवार रहे। बैठक में समाज की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने, संगठन को मजबूत करने और आगामी चुनाव को लेकर सामूहिक रणनीति तैयार करने पर चर्चा हुई।

