तेज बहाव में महिला को मौत के मुंह से खींच लाए कक्षा 10 के छात्र, एसपी ने प्रशस्ति पत्र देकर बढ़ाया हौसला

पुलिस के पहुंचने से पहले कृष्णा और सद्दाम ने दिखाई अदम्य हिम्मत, निःस्वार्थ साहस को पुलिस प्रशासन ने किया सम्मानित

महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। निचलौल थाना क्षेत्र में नहर में कूदी महिला को बचाने के लिए दो किशोर छात्रों ने अपनी जान की परवाह तक नहीं की। तेज बहाव के बीच दोनों ने नहर में छलांग लगाकर महिला को सकुशल बाहर निकाल लिया। पुलिस के पहुंचने से पहले किए गए इस साहसिक और मानवीय कार्य के लिए पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने शनिवार को दोनों छात्रों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
जानकारी के अनुसार मसीहा सेवाश्रम इंटर कॉलेज में कक्षा 10 के छात्र कृष्णा गुप्ता निवासी सेखुई, थाना चौक और सद्दाम हुसैन निवासी कोहडवल, थाना निचलौल ने संकट की घड़ी में अदम्य साहस का परिचय दिया। नहर में महिला के छलांग लगाने की सूचना मिलते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इसी बीच दोनों छात्रों ने बिना समय गंवाए महिला को बचाने का निर्णय लिया और तेज बहाव वाली नहर में कूद गए। दोनों छात्रों ने अपनी जान जोखिम में डाल कर महिला को संभाला और काफी प्रयास के बाद उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया। कुछ ही देर में पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई। छात्रों की तत्परता और साहस से महिला की जान बच सकी। दोनों छात्रों के इस साहसिक कार्य की पुलिस प्रशासन ने सराहना की। शनिवार को दोनों को पुलिस अधीक्षक कार्यालय बुलाकर प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। एसपी शक्ति मोहन अवस्थी ने कहा कि संकट के समय अपनी सुरक्षा की चिंता किए बिना किसी की जिंदगी बचाना निःस्वार्थ सेवा और मानवीय संवेदना का उत्कृष्ट उदाहरण है। दोनों छात्रों का साहस समाज के अन्य लोगों के लिए भी प्रेरणादायक है।
महिला को बचाने वाले दोनों छात्रों की बहादुरी की क्षेत्र में भी चर्चा रही। जिस समय अधिकांश लोग नहर के तेज बहाव को देख कर पीछे हट सकते थे, उस समय इन दोनों किशोरों ने जोखिम उठाकर महिला की जिंदगी बचाने का फैसला किया। पुलिस अधीक्षक द्वारा सम्मानित किए जाने से छात्रों का हौसला बढ़ा है।