लखनऊ (राष्ट्र की परम्परा)। बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू) में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए 14 जुलाई से ऑनलाइन पंजीकरण शुरू होगा। प्रवेश प्रक्रिया कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (सीयूईटी-यूजी) की मेरिट के आधार पर समर्थ पोर्टल के माध्यम से पूरी की जाएगी।
विश्वविद्यालय की ओर से जारी प्रवेश विवरणिका के अनुसार इस वर्ष 27 स्नातक पाठ्यक्रमों की कुल 1528 सीटों पर प्रवेश दिया जाएगा। इनमें लखनऊ परिसर के 20 पाठ्यक्रमों में 958 तथा अमेठी सैटेलाइट परिसर के सात पाठ्यक्रमों में 570 सीटें शामिल हैं। प्रवेश विवरणिका में पात्रता, सीटों की संख्या, शुल्क, आरक्षण, आवश्यक दस्तावेज और प्रवेश प्रक्रिया का विस्तृत विवरण उपलब्ध कराया गया है।
कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने बताया कि विश्वविद्यालय गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार और छात्र-केंद्रित शिक्षण वातावरण के कारण देश के अग्रणी केंद्रीय विश्वविद्यालयों में अपनी अलग पहचान बना चुका है। विश्वविद्यालय को एनएएसी से ए++ ग्रेड प्राप्त है तथा एनआईआरएफ रैंकिंग में विश्वविद्यालय श्रेणी में 37वां स्थान मिला है। विषयवार रैंकिंग में विधि 12वें, फार्मेसी 23वें, हॉर्टिकल्चर 21वें तथा प्रबंधन 79वें स्थान पर है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ नवाचार, नेतृत्व और सामाजिक उत्तरदायित्व के लिए भी तैयार करना है।
प्रवेश समिति के अध्यक्ष प्रो. अमित कुमार सिंह ने बताया कि अभ्यर्थियों को बीए (ऑनर्स) पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन, बीकॉम (ऑनर्स), बीबीए (ऑनर्स), बीबीए एलएलबी (ऑनर्स), बीएससी, बीटेक सहित विभिन्न रोजगारोन्मुखी एवं व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में अध्ययन का अवसर मिलेगा। आवेदन एवं पंजीकरण शुल्क से संबंधित विस्तृत अधिसूचना शीघ्र जारी की जाएगी।
विश्वविद्यालय की प्रमुख विशेषताओं में आईएसओ 14001:2015 प्रमाणित ग्रीन कैंपस, समृद्ध जैव विविधता, पंचकोश आधारित शिक्षण प्रणाली, हॉबी क्लब, “उम्मीद” होलिस्टिक वेलबीइंग पहल, उद्योग-अकादमिक सहयोग, समावेशी शिक्षण वातावरण तथा आधुनिक अधोसंरचना शामिल हैं।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे प्रवेश प्रक्रिया से संबंधित नवीनतम जानकारी के लिए विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट का नियमित अवलोकन करें तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवेदन प्रक्रिया पूरी करें।
