बलिया (राष्ट्र की परम्परा)। जिले के नवागत पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने पुलिस कार्यालय पहुंचकर अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया। पदभार संभालने के बाद शनिवार को उन्होंने राजपत्रित पुलिस अधिकारियों और थाना प्रभारियों के साथ बैठक कर जिले की कानून-व्यवस्था की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अपराध नियंत्रण, जनशिकायतों के निस्तारण और पुलिसिंग को प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।एसपी डॉ. ईरज राजा ने स्पष्ट किया कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। अपराधियों और अवैध गतिविधियों में संलिप्त माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों और थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहकर अपराधों पर अंकुश लगाने तथा शांति व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि कर्तव्यों के निर्वहन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।उन्होंने कहा कि थानों और पुलिस कार्यालय में शिकायत लेकर आने वाले प्रत्येक फरियादी की बात गंभीरता से सुनी जाए। प्राप्त शिकायतों का निष्पक्ष और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को न्याय पाने के लिए अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े। पुलिस अधिकारियों को आमजन के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाने और उनकी समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए।महिला एवं बाल अपराधों को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई करने और पीड़ितों को न्याय दिलाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा के मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।जनता में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के लिए उन्होंने पुलिस की पैदल गश्त बढ़ाने और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। साथ ही पुलिस और आम जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर बल दिया, जिससे अपराधों की रोकथाम और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाया जा सके।बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी दिनेश कुमार शुक्ल, अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी संजय वर्मा सहित जिले के अन्य पुलिस अधिकारी और विभिन्न थानों के प्रभारी मौजूद रहे।