Wednesday, July 8, 2026
HomeNewsbeatठाठरी में प्रकृति का कहर, बाजार मलबे में दबा, लोगों में दहशत

ठाठरी में प्रकृति का कहर, बाजार मलबे में दबा, लोगों में दहशत

डोडा के ठाठरी में बादल फटने से भारी तबाही, प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत देने की मांग; सनी कपाही ने जताई चिंता

Rkp डेस्क की रिपोर्ट


जम्मू-कश्मीर (राष्ट्र की परम्परा)। जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले के ठाठरी क्षेत्र में बादल फटने की घटना ने व्यापक तबाही मचाई है। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच अचानक आए इस प्राकृतिक प्रकोप से बाजार क्षेत्र में भारी मात्रा में मलबा भर गया, जिससे कई दुकानें, मकान और वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। घटना के बाद प्रभावित इलाकों में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है और अनेक परिवारों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।
इस दुखद घटना पर समाजसेवी सनी कपाही ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा से प्रभावित लोगों को तत्काल राहत उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
सनी कपाही ने कहा कि लगातार बारिश और भूस्खलन के कारण जम्मू डिवीजन के कई हिस्सों में राष्ट्रीय राजमार्ग प्रभावित हुए हैं, जिससे आवागमन बाधित होने के साथ राहत एवं बचाव कार्यों में भी कठिनाइयां उत्पन्न हो रही हैं। उन्होंने प्रशासन से अपील की कि राहत एजेंसियों को सक्रिय करते हुए प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जाए तथा सभी आवश्यक सुविधाएं तत्काल उपलब्ध कराई जाएं।
उन्होंने जम्मू-कश्मीर प्रशासन, डोडा जिला प्रशासन तथा आपदा प्रबंधन विभाग से मांग की कि प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री, भोजन, स्वच्छ पेयजल, अस्थायी आवास, चिकित्सा सुविधा और पर्याप्त आर्थिक सहायता तत्काल उपलब्ध कराई जाए। साथ ही क्षतिग्रस्त सड़कों एवं राष्ट्रीय राजमार्गों की शीघ्र मरम्मत कर यातायात सामान्य किया जाए, ताकि आम नागरिकों को राहत मिल सके।
सनी कपाही ने नागरिकों से भी अपील की कि वे मौसम विभाग और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, नदी-नालों तथा भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहें और किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन एवं राहत एजेंसियों का सहयोग करें।
उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना करते हुए कहा कि इस प्राकृतिक आपदा से प्रभावित सभी परिवारों को कठिन समय से उबरने की शक्ति मिले तथा क्षेत्र में जल्द से जल्द सामान्य स्थिति बहाल हो सके।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments