मऊ (राष्ट्र की परंपरा)।भीषण गर्मी के बीच नगर पालिका परिषद मऊ की लापरवाही लोगों के लिए परेशानी का कारण बन रही है। हनुमान घाट मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं और राहगीरों की सुविधा के लिए स्थापित सार्वजनिक पेयजल केंद्र बंद पड़ा है। नलों में पानी नहीं आने से मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं, बुजुर्गों, महिलाओं और राहगीरों को भीषण गर्मी में पेयजल के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है।

हनुमान घाट मंदिर नगर के प्रमुख धार्मिक स्थलों में शामिल है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन-पूजन के लिए पहुंचते हैं। गर्मी के मौसम में यहां पेयजल केंद्र लोगों के लिए बड़ी राहत साबित होना चाहिए था, लेकिन जलापूर्ति बंद होने से यह सुविधा केवल नाम मात्र की रह गई है।
पेयजल केंद्र पर बड़े अक्षरों में “जल ही जीवन है” का संदेश अंकित है, लेकिन नलों से पानी नहीं निकलने के कारण यह संदेश व्यवस्था पर सवाल खड़े करता दिखाई दे रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर पालिका परिषद को सार्वजनिक सुविधाओं की नियमित निगरानी करनी चाहिए ताकि आमजन को समय पर स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सके।
श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों ने नगर पालिका प्रशासन से मांग की है कि पेयजल केंद्र की तत्काल जांच कराकर खराबी दूर की जाए तथा नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित की जाए, जिससे भीषण गर्मी में लोगों को राहत मिल सके और मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को पेयजल के लिए परेशान न होना पड़े।
