बरहज/ देवरिया(राष्ट्र की परम्परा)। ग्राम सभा कहाँव, गहिला, कल्यानी, अण्डिला एवं आसपास के क्षेत्रों के किसानों नेकहाँव -गहिला ताल से जल निकासी की गंभीर समस्या के स्थायी समाधान हेतु सोमवार को उपजिलाधिकारी बरहज के नाम संबोधित ज्ञापन नायब तहसीलदार को सौंपा।ज्ञापन संजयदीप कुशवाहा प्रदेश अध्यक्ष, राष्ट्रीय समानता दल उत्तर प्रदेश, हरेराम आर्य प्रदेश उपाध्यक्ष, समाजवादी पार्टी अनुसूचित प्रकोष्ठ तथा अरविन्द कुशवाह जिला सचिव, सीपीआई देवरिया के नेतृत्व में दिया गया।किसानों ने बताया कि क्षेत्र के कहाँव -गहिला ताल में बरसात के दौरान अनेक गांवों का वर्षाजल एकत्रित हो जाता है। पूर्व में प्राकृतिक नाला व्यवस्था होने के कारण जल निकासी सुचारु रूप से होती थी, लेकिन वर्तमान समय में ग्राम सभा कहाँव एवं अण्डिला के सिवान पर लगभग एक किलोमीटर क्षेत्र में नाला न होने से जल निकासी पूरी तरह बाधित हो गई है।
किसानों के अनुसार इस समस्या के कारण प्रतिवर्ष सैकड़ों एकड़ कृषि भूमि जलमग्न हो जाती है, जिससे खरीफ की फसलें नष्ट हो जाती हैं। खेतों में लंबे समय तक जलभराव बने रहने के कारण रबी की फसल की बुवाई भी प्रभावित होती है, जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है।
ज्ञापन में मांग की गई है कि प्रशासन द्वारा संबंधित स्थल का स्थलीय निरीक्षण कराकर ग्राम सभा कहाँव एवं अण्डिला के सिवान पर आवश्यक नाला निर्माण कराया जाए, ताकि जल निकासी की व्यवस्था सुचारु हो सके और किसानों को वर्षों पुरानी जलभराव की समस्या से राहत मिल सके।
ज्ञापन देने वालों ने कहा कि नाला निर्माण होने से हजारों किसानों को लाभ मिलेगा, कृषि उत्पादन में वृद्धि होगी तथा क्षेत्र की ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। ज्ञापन की प्रतिलिपि जिलाधिकारी देवरिया एवं मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश को भी प्रेषित की गई है।
इस अवसर पर क्षेत्र के कमला कुशवाहा, चन्द्रिका प्रसाद, अभय कुमार, उमेन्द्र कुशवाहा, दरोगा यादव, भूपेंद्र यादव, संतोष खरवार, रवि कुमार मुलायम कुमार , इत्यादि किसान एवं ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
