
देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)। पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर पुलिस लाइन देवरिया स्थित शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने कर्तव्य पालन के दौरान अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर पुलिसकर्मियों की स्मृति में पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।कार्यक्रम में उपस्थित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर वीर जवानों के अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और सर्वोच्च बलिदान को नमन किया। निर्धारित सेरेमोनियल प्रक्रिया के तहत परेड द्वारा सलामी शस्त्र एवं शोक शस्त्र की कार्रवाई की गई। इसके बाद सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और परेड में शामिल जवानों ने दो मिनट का मौन रखकर अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।पुलिस स्मृति दिवस उन वीर पुलिसकर्मियों के त्याग और बलिदान को याद करने का अवसर है, जिन्होंने नागरिकों की सुरक्षा, शांति व्यवस्था और कानून का पालन सुनिश्चित करने के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए। उनका साहस, समर्पण और सेवाभाव पुलिस विभाग के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।देवरिया पुलिस ने शहीद जवानों के बलिदान को नमन करते हुए उनकी गौरवशाली परंपरा और आदर्शों पर चलते हुए नागरिकों की सुरक्षा एवं सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
