Friday, May 22, 2026
HomeNewsbeatखेलते-खेलते मौत के मुंह में समाया मासूम, 11 हजार वोल्ट लाइन की...

खेलते-खेलते मौत के मुंह में समाया मासूम, 11 हजार वोल्ट लाइन की चपेट में आने से दर्दनाक हादस

हाइटेंशन लाइन बनी जानलेवा, ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लगाया लापरवाही का आरोप

महराजगंज(राष्ट्र की परम्परा)। जनपद के निचलौल क्षेत्र में गुरुवार की शाम एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। निचलौल ब्लॉक अंतर्गत बंदी विशुनपुरा ग्राम सभा के विशुनपुरा गांव स्थित काली मंदिर के पास 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से 12 वर्षीय मासूम बालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में चीख-पुकार मच गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतक की पहचान रघुवीर चौहान पुत्र राम करन चौहान निवासी विशुनपुरा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि गुरुवार देर शाम रघुवीर गांव के अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान वह मंदिर के पास से गुजर रही हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया। तेज करंट लगते ही वह गंभीर रूप से झुलस गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि आस-पास मौजूद लोग दहशत में आ गए।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। मासूम की मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों पर दुःखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मां बदहवास होकर बार-बार बेटे को पुकारती रही, जबकि पिता समेत पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
ग्रामीणों ने बिजली विभाग की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े करते हुए आरोप लगाया कि गांव के पास से गुजर रही 11 हजार वोल्टेज की लाइन काफी समय से नीचे झूल रही थी। इसकी शिकायत कई बार विभागीय अधिकारियों से की गई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। लोगों का कहना है कि विभाग की लापरवाही के कारण एक मासूम को अपनी जान गंवानी पड़ी।
ग्रामीणों ने मामले की उच्चस्तरीय जांच कर दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। साथ ही गांव में झूल रही जर्जर बिजली लाइनों को तत्काल दुरुस्त कराने की मांग भी उठाई है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रशासन द्वारा पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता दिलाने का आश्वासन दिया गया है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments