90 शिकायतों में 8 का मौके पर निस्तारण, मिड डे मील में केवल खिचड़ी परोसने की शिकायत पर जांच के आदेश
बलिया(राष्ट्र की परम्परा )
तहसील बैरिया में शनिवार को आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह एवं पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने दूर-दराज से पहुंचे फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। समाधान दिवस में बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने पेंशन, राशन कार्ड, वरासत, बैनामा तथा भूमि कब्जे से जुड़े मामलों को उठाया। इनमें सर्वाधिक शिकायतें जमीन कब्जे से संबंधित रहीं।
जिलाधिकारी ने राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि भूमि विवाद के मामलों में मौके पर जाकर जांच करें तथा प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि आम जनता को न्याय दिलाने में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। समाधान दिवस के दौरान एक शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि क्षेत्र के कई प्राथमिक विद्यालयों में मिड डे मील योजना के तहत बच्चों को प्रतिदिन केवल खिचड़ी ही परोसी जा रही है। इस शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने खंड विकास अधिकारी बैरिया को तीन दिनों के भीतर पांच प्राथमिक विद्यालयों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। वहीं तहसीलदार को दस विद्यालयों में भोजन की गुणवत्ता की जांच कर तीन दिन के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 90 आवेदन पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 8 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष मामलों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए शीघ्र समाधान के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि सभी अधिकारी अपने विभाग से जुड़े मामलों का गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ निस्तारण करें, ताकि फरियादियों को समय पर न्याय मिल सके। वहीं पुलिस अधीक्षक ने सभी थानाध्यक्षों को निर्देशित किया कि शिकायतकर्ताओं द्वारा दिए गए प्रार्थना पत्रों पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
इस दौरान उपजिलाधिकारी बैरिया संजय कुमार कुशवाहा, तहसीलदार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
न्यायालय कक्षों का उद्घाटन
समाधान दिवस के उपरांत जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह एवं पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने तहसील बैरिया में न्यायालय उप जिलाधिकारी (न्यायिक) बैरिया तथा न्यायालय नायब तहसीलदार सुरेमनपुर कक्ष का फीता काटकर उद्घाटन किया। जिलाधिकारी ने कहा कि नए न्यायालय कक्षों के शुरू होने से क्षेत्रीय लोगों को राजस्व एवं प्रशासनिक मामलों के निस्तारण में सुविधा मिलेगी तथा न्यायिक कार्यों में तेजी आएगी। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि प्रशासनिक व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए किए जा रहे ऐसे प्रयास आम जनता के लिए लाभकारी साबित होंगे। उद्घाटन के बाद अधिकारियों ने न्यायालय कक्षों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
